बाजार की गिरावट के बीच पेंट स्टॉक्स में उछाल, इनवेस्टेक ने बढ़ाई रेटिंग; Berger Paints 7% तक चढ़ा
शुक्रवार को जब शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट है, पेंट स्टॉक्स में उछाल देखने को मिला। एशियन पेंट्स का शेयर दिन में 3 प्रतिशत तक उछलकर BSE पर 2605.35 रुपये के हाई तक गया। वहीं बर्जर पेंट्स लगभग 7 प्रतिशत तक चढ़कर 521.45 रुपये के हाई तक गया। यह उछाल तब आया, जब इनवेस्टेक ने पेंट सेक्टर को लेकर अपना नजरिया ज्यादा पॉजिटिव कर दिया। ब्रोकरेज फर्म ने कहा कि बिरला ओपस के आक्रामक विस्तार के कारण शुरू हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा का सबसे मुश्किल दौर अब शायद इस इंडस्ट्री के लिए पीछे छूट चुका है।
एशियन पेंट्स लिमिटेड निफ्टी इंडेक्स में सबसे ज्यादा बढ़त हासिल करने वाला स्टॉक बनकर उभरा। कंसाई नेरोलैक पेंट्स लिमिटेड में दिन में लगभग 2 प्रतिशत तक की बढ़त दिखी और यह बीएसई पर 216.05 रुपये पर पहुंच गया। इंडिगो पेंट्स लिमिटेड में भी 5.5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई और यह 974.85 रुपये के हाई तक गया।
इनवेस्टेक ने किस शेयर को क्या दी रेटिंग
इनवेस्टेक ने एशियन पेंट्स और बर्जर पेंट्स की रेटिंग को “सेल” से बढ़ाकर “होल्ड” कर दिया है। वहीं कंसाई नेरोलैक और इंडिगो पेंट्स की रेटिंग “होल्ड” से बढ़ाकर “बाय” कर दी है। ब्रोकरेज ने इंडस्ट्री के बेहतर होते स्ट्रक्चर और मुनाफे के बेहतर अनुमानों का हवाला देते हुए, पूरे सेक्टर के लिए वित्त वर्ष 2028 के अपने अनुमानों और टारगेट प्राइस में भी बढ़ोतरी की है। इनवेस्टेक के अनुसार, पिछले 3 सालों से पेंट सेक्टर को लेकर उसका सतर्क रवैया मुख्य रूप से बिरला ओपस के आक्रामक विस्तार के कारण था। बिरला ओपस ने इंडस्ट्री की बढ़ती ग्रोथ में एक बड़ा हिस्सा हासिल कर लिया था, जिससे पहले से मौजूद कंपनियों के मुनाफे पर दबाव पड़ा।
लेकिन अब ब्रोकरेज का मानना है कि कड़ी प्रतिस्पर्धा का सबसे मुश्किल दौर शायद खत्म हो चुका है। उम्मीद है कि बिरला ओपस का बाजार में बढ़ता हिस्सा अब कम होकर लगभग 1.5-2 प्रतिशत के आसपास रह जाएगा। पिछले दो वर्षों में यह लगभग 3-4 प्रतिशत था। Investec का अनुमान है कि Birla Opus जनवरी-मार्च 2026 तिमाही तक ही लगभग 8 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी हासिल कर चुकी होगी। अब ऐसा लगता है कि कंपनी अपना ध्यान नुकसान कम करने और मुनाफा बढ़ाने की ओर मोड़ रही है। इनवेस्टेक के अनुसार, बिड़ला ओपस का लक्ष्य जनवरी-मार्च 2027 तक ब्रेक-ईवन (न नफा, न नुकसान) हासिल करना है।
Thermax Share Price: गिरते बाजार में थर्मैक्स में 13% की तूफानी तेजी, 52 वीक का नया हाई क्रिएट
Kansai Nerolac और Indigo Paints की वैल्यूएशन पर ब्रोकरेज की राय
Kansai Nerolac के बारे में ब्रोकरेज ने कहा कि वित्त वर्ष 2028 की कमाई के लगभग 24 गुना पर इसकी वैल्यूएशंस आकर्षक लग रही हैं। इसे ऑटोमोबाइल की मांग में सुधार, प्रीमियम प्रोडक्ट्स को बढ़ावा देने की पहल और कंस्ट्रक्शन केमिकल्स, वॉटरप्रूफिंग और लकड़ी की फिनिश जैसी कैटेगरीज में विस्तार से सपोर्ट मिल रहा है।
Indigo Paints के लिए ब्रोकरेज ने कहा कि वित्त वर्ष 2028 की कमाई के लगभग 22 गुना पर इसकी वैल्यूएशंस उचित बनी हुई हैं। उम्मीद है कि कंपनी अपने बड़े प्रतिस्पर्धियों की तुलना में तेजी से विकास करना जारी रखेगी, साथ ही हेल्दी मार्जिन और रिटर्न रेशियो भी बरकरार रखेगी।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।
Leave a Reply