Kalyan Jewellers Share Price: 15% तेजी के साथ अपर सर्किट पर लॉक हुआ स्टॉक, ब्रोकरेज ने कहा- दोगुना हो सकता है शेयर का भाव
Kalyan Jewellers Share Price: Kalyan Jewellers के शेयरों में गुरुवार, 9 जुलाई को जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली। कंपनी के मजबूत जून तिमाही (Q1FY27) बिजनेस अपडेट और ब्रोकरेज हाउस के पॉजिटिव रुख के बाद शेयर 15 फीसदी की तेजी के साथ 430 रुपये के अपर सर्किट पर पहुंच गया। इससे पहले बुधवार, 8 जुलाई को भी स्टॉक करीब 5.5 फीसदी चढ़ा था। यानी महज दो कारोबारी सत्रों में शेयर करीब 20 फीसदी से ज्यादा उछल चुका है। कंपनी के मजबूत ऑपरेशनल प्रदर्शन और भविष्य की ग्रोथ को लेकर बढ़ते भरोसे ने निवेशकों की खरीदारी को बढ़ावा दिया है।
जून तिमाही में 38 फीसदी बढ़ा कारोबार
कंपनी (Kalyan Jewellers Q1 Update) ने 7 जुलाई को जारी अपने बिजनेस अपडेट में बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू में लगभग 38 फीसदी सालाना वृद्धि दर्ज की गई। यह वृद्धि भारत और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों में मजबूत मांग के दम पर हासिल हुई। भारत में कंपनी का कारोबार भी 38 फीसदी से अधिक बढ़ा। खास बात यह रही कि यह प्रदर्शन ऐसे समय में आया, जब पूरे 28 दिनों का अधिक मास इसी तिमाही में रहा। आमतौर पर अधिक मास के दौरान देश के कई हिस्सों में शादी-ब्याह और आभूषणों की खरीदारी धीमी पड़ जाती है। इसके बावजूद कंपनी का Same Store Sales Growth (SSSG) करीब 28 फीसदी रहा, जो मौजूदा मांग की मजबूती को दर्शाता है।
विदेशी कारोबार ने भी दिखाई ताकत
सिर्फ घरेलू बाजार ही नहीं, बल्कि कंपनी के अंतरराष्ट्रीय कारोबार ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। विदेशी परिचालन से राजस्व में करीब 35 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। पश्चिम एशिया में अप्रैल के दौरान जियो पॉलिटिकल टेंशन की वजह से ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हुई थी, लेकिन इसके बावजूद वहां का कारोबार लगभग 30 फीसदी बढ़ने में सफल रहा। कंपनी के कुल कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू में अंतरराष्ट्रीय कारोबार की हिस्सेदारी करीब 14 फीसदी रही।
Candere की बिक्री दोगुने से ज्यादा बढ़ी
Kalyan Jewellers के डिजिटल ज्वेलरी प्लेटफॉर्म Candere ने इस तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया। कंपनी के अनुसार, Candere का रेवेन्यू 112 फीसदी बढ़ा। विस्तार रणनीति के तहत कंपनी ने तिमाही के दौरान 12 नए Kalyan Jewellers शोरूम और 5 नए Candere स्टोर शुरू किए। 30 जून 2026 तक कंपनी के पास भारत और विदेशों में कुल 524 शोरूम हो चुके हैं। कंपनी ने कहा है कि नई तिमाही की शुरुआत भी सकारात्मक रही है। आगामी त्योहारी और शादी के सीजन को देखते हुए नए कलेक्शन और मार्केटिंग कैंपेन की तैयारी की जा रही है। साथ ही, नए शोरूम खोलने की योजना भी जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें- Dividend Stocks: आज आखिरी मौका! 186 रुपये प्रति शेयर तक डिविडेंड का चांस, BSE, Axis Bank समेत 29 शेयरों पर रहेगी नजर
Citi ने बरकरार रखी ‘Buy’ रेटिंग
बिजनेस अपडेट के बाद ग्लोबल ब्रोकरेज Citi ने Kalyan Jewellers पर बुधवार, 8 जुलाई को अपनी रिपोर्ट जारी की थी। ब्रोकरेज ने स्टॉक पर ‘Buy’ रेटिंग बरकरार रखते हुए उस वक्त के शेयर भाव (360 रुपये) के मुकाबले 100 फीसदी तक अपसाइड के साथ 750 रुपये का टारगेट प्राइस दोहराया था। हालांकि ब्रोकरेज ने माना कि कंपनी की भारत में 38 फीसदी की रेवेन्यू ग्रोथ उसके अनुमान (43 फीसदी) से थोड़ी कम रही। साथ ही, पिछले 13 तिमाहियों में पहली बार भारत के कारोबार की वृद्धि Titan से कुछ धीमी रही।
इसके बावजूद Citi का मानना है कि कंपनी की मजबूत Same Store Sales Growth, फ्रेंचाइजी आधारित विस्तार मॉडल और एसेट-लाइट रणनीति आगे भी कारोबार को गति दे सकती है। ब्रोकरेज का कहना है कि इससे कंपनी की बैलेंस शीट और मजबूत होगी तथा Return on Capital Employed (RoCE) में भी समय के साथ सुधार देखने को मिलेगा।
यह भी पढ़ें- Titan vs Kalyan Jewellers vs PN Gadgil: किस गोल्ड स्टॉक में होगी ज्यादा कमाई? बिजनेस अपडेट के बाद ब्रोकरेज ने दिया फ्रेश टारगेट
पिछले एक महीने में शानदार रिकवरी
Kalyan Jewellers का शेयर 11 जून 2026 को 327.15 रुपये के 52-सप्ताह के निचले स्तर तक फिसल गया था। वहीं, इसका 52-सप्ताह का उच्च स्तर 617.30 रुपये रहा है। हालिया तेजी के बावजूद शेयर का प्रदर्शन लंबी अवधि में मिला-जुला रहा है। पिछले एक महीने में इसमें करीब 17 फीसदी की तेजी आई है, जबकि तीन महीने में यह करीब 5 फीसदी और 6 महीने में करीब 17 फीसदी कमजोर रहा है। पिछले एक साल में शेयर लगभग 26 फीसदी गिरा है। हालांकि, लंबी अवधि के निवेशकों के लिए इसने शानदार रिटर्न दिया है और पिछले 5 साल में करीब 443 फीसदी का मल्टीबैगर रिटर्न दे चुका है।
Disclaimer: शेयर को लेकर सलाह ब्रोकरेज हाउस के द्वारा दी गई हैं। यह ET NOW Swadesh के निजी विचार नहीं हैं। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।

Leave a Reply