POTD vs NSC vs SCSS vs MIS: 10 लाख के निवेश पर कहां मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा?
POTD vs NSC vs SCSS vs MIS : सुरक्षित निवेश और गारंटीड रिटर्न की तलाश करने वाले निवेशकों के लिए पोस्ट ऑफिस की छोटी बचत योजनाएं (Small Savings Schemes) आज भी सबसे भरोसेमंद विकल्पों में शामिल हैं। सरकार ने जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही के लिए इन योजनाओं की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। लगातार नौवीं तिमाही से इन पर मिलने वाला ब्याज स्थिर है। फिलहाल अलग-अलग योजनाओं पर 6.9% से 8.2% तक सालाना ब्याज मिल रहा है। ऐसे में अगर आप अपनी गाढ़ी कमाई को सुरक्षित रखते हुए बेहतर और तय रिटर्न चाहते हैं, तो पोस्ट ऑफिस की ये स्कीमें आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकती हैं।
अगर आप 5 साल के लिए निवेश की योजना बना रहे हैं, तो पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट (POTD), नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट (NSC), सीनियर सिटीजंस सेविंग्स स्कीम (SCSS) और पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम (MIS) पर विचार कर सकते हैं। लेकिन सवाल यह है कि इन चारों में 10 लाख रुपये निवेश करने पर सबसे ज्यादा फायदा किस स्कीम में मिलेगा?
ये भी पढें : ITR Filing 2026 : 15, 20 या 25 लाख की सैलरी पर ओल्ड और न्यू टैक्स रिजीम में कितना देना होगा टैक्स? इनकम टैक्स रिटर्न भरने से पहले समझ लें पूरा कैलकुलेशन
क्या है POTD?
पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट (POTD) सरकार की गारंटी वाली एफडी (Fixed Deposit) जैसी स्कीम है। इसमें आप कम से कम ₹1,000 से निवेश शुरू कर सकते हैं और अधिकतम निवेश की कोई सीमा नहीं है। यह स्कीम 1, 2, 3 और 5 साल की अवधि के लिए उपलब्ध है। अगर आप 5 साल वाली टाइम डिपॉजिट चुनते हैं, तो आयकर अधिनियम की धारा 80C के तहत ₹1.5 लाख तक की टैक्स छूट का भी फायदा ले सकते हैं।
क्या है NSC?
नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट (NSC) लंबी अवधि के सुरक्षित निवेश के लिए पोस्ट ऑफिस की लोकप्रिय सरकारी स्कीम है। इस पर फिलहाल 7.7% सालाना ब्याज मिलता है और इसकी मैच्योरिटी अवधि 5 साल है। इसमें आप कम से कम ₹1,000 से निवेश शुरू कर सकते हैं, जबकि अधिकतम निवेश की कोई सीमा नहीं है। इसके अलावा, इस स्कीम में किए गए निवेश पर आयकर अधिनियम की धारा 80C के तहत ₹1.5 लाख तक की टैक्स छूट का भी लाभ मिलता है।
नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट (NSC) फिलहाल 7.7 फीसदी ब्याज दे रहा है।
क्या है SCSS?
सीनियर सिटीजंस सेविंग्स स्कीम (SCSS) वरिष्ठ नागरिकों के लिए सरकार की सबसे लोकप्रिय बचत योजनाओं में से एक है। इस पर फिलहाल 8.2% सालाना ब्याज मिल रहा है, जो छोटी बचत योजनाओं में सबसे अधिक है। इसमें ₹1,000 से निवेश शुरू किया जा सकता है और अधिकतम ₹30 लाख तक निवेश की अनुमति है। इसकी मैच्योरिटी अवधि 5 साल है, जिसे आगे 3 साल के लिए बढ़ाया भी जा सकता है। इस स्कीम का ब्याज हर तिमाही निवेशक के खाते में जमा होता है। 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के लोग इसमें निवेश कर सकते हैं। नियमित आय और सरकारी गारंटी की वजह से यह रिटायरमेंट के बाद निवेश का बेहतरीन विकल्प मानी जाती है।
क्या है MIS?
पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम (MIS) उन निवेशकों के लिए बेहतर विकल्प है, जो निवेश के बाद हर महीने नियमित आय चाहते हैं। इस स्कीम में फिलहाल 7.4% सालाना ब्याज मिलता है और इसकी मैच्योरिटी अवधि 5 साल है। इसमें एक व्यक्ति अधिकतम ₹9 लाख और संयुक्त खाते में ₹15 लाख तक निवेश कर सकता है। सबसे बड़ी खासियत यह है कि इस स्कीम का ब्याज हर महीने निवेशक के खाते में जमा किया जाता है।
ये भी पढ़ें : PF Advance for Housing : घर खरीदने, बनवाने या उसकी मरम्मत करवाने और होम लोन चुकाने के लिए कब और कितनी बार निकाल सकते हैं पीएफ का पैसा
जुलाई-सितंबर 2026 के लिए ब्याज दरें
सरकार ने जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही के लिए छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरें पहले की तरह ही बरकरार रखी हैं। फिलहाल
- पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट (5 वर्ष) 7.5%
- पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम (POMIS) – 7.4%
- नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट (NSC) – 7.7%
- सीनियर सिटीजंस सेविंग्स स्कीम (SCSS) – 8.2% ब्याज
मिल रहा है।
10 लाख रुपये निवेश करने पर कहां ज्यादा फायदा?
| स्कीम | ब्याज दर | निवेश | 5 साल बाद कुल वैल्यू | ब्याज से कमाई |
| POTD | 7.5% | 10 लाख | 13,80,420 | 3,80,420 |
| MIS | 7.4% | 10 लाख | 13,70,020 | 3,70,020 |
| NSC | 7.7% | 10 लाख | 14,49,034 | 4,49,034 |
| SCSS | 8.2 | 10 लाख | 14,10,000 | 4,10,000 |
(Credit : ग्रो कैलकुलेटर)

Leave a Reply