SBI Funds Management IPO: ₹11693 करोड़ के इश्यू में निवेश से पहले जान लें 15 अहम जोखिम
SBI फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड का ₹11692.91 करोड़ का IPO 14 जुलाई को खुलने जा रहा है। इसमें 16 जुलाई तक निवेश किया जा सकेगा। उसके बाद अलॉटमेंट 17 जुलाई को फाइनल हो सकता है और कंपनी BSE, NSE पर 21 जुलाई को लिस्ट हो सकती है। SBI फंड्स मैनेजमेंट देश की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी है। यह भारत की सबसे पुरानी एसेट मैनेजमेंट कंपनी भी है और SBI म्यूचुअल फंड के लिए इनवेस्टमेंट मैनेजर के तौर पर काम करती है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की SBI फंड्स मैनेजमेंट में 61.76 प्रतिशत हिस्सेदारी है। 36.26 प्रतिशत हिस्सेदारी अमुंडी इंडिया होल्डिंग के पास है।
इस IPO में ₹545-574 प्रति शेयर के प्राइस बैंड में और 26 शेयरों के लॉट में निवेश कर सकते हैं। एंकर इनवेस्टर 13 जुलाई को बोली लगा सकेंगे। कंपनी के ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) को मार्केट रेगुलेटर SEBI ने 12 जून को मंजूरी दी थी। ड्राफ्ट मार्च, 2026 में SEBI के पास जमा किया गया था। इश्यू के लिए बोली लगाने से पहले निवेशकों का रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज के पास फाइल किए गए RHP में बताए गए कुछ अहम जोखिमों को जान लेना जरूरी है…
AUM ग्रोथ पर निर्भरता
कंपनी का रेवेन्यू और मुनाफा सीधे तौर पर इसके क्वार्टरली एवरेज एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (QAAUM) से जुड़ा है। मार्केट में उतार-चढ़ाव या निवेशकों द्वारा पैसे निकालने (रिडेंप्शन) के कारण AUM में कोई भी बड़ी गिरावट या उसके कंपोजीशन में बदलाव, वित्तीय प्रदर्शन पर काफी असर डाल सकता है।
मार्केट की अस्थिरता का जोखिम
SBI फंड्स मैनेजमेंट का बिजनेस भारतीय कैपिटल मार्केट के प्रदर्शन से गहराई से जुड़ा है। मार्केट की कोई भी खराब स्थिति कंपनी के AUM, रेवेन्यू और मुनाफे पर बुरा असर डाल सकती है। बिजनेस पर लिक्विडिटी रिस्क भी बढ़ सकता है। इसका असर कंपनी की इक्विटी और डेट/मनी मार्केट स्कीम पर भी पड़ सकता है।
स्कीम की परफॉर्मेंस का जोखिम
बेंचमार्क या दूसरी कंपनियों की स्कीमों की तुलना में SBI फंड्स मैनेजमेंट की स्कीमों की खराब परफॉर्मेंस के कारण निवेशक पैसे निकाल सकते हैं। इससे कंपनी को AUM बढ़ाने में मुश्किल हो सकती है और साख को नुकसान पहुंच सकता है।
खास स्कीमों पर निर्भरता
कंपनी के म्यूचुअल फंड QAAUM और म्यूचुअल फंड ऑपरेशंस से होने वाली कमाई का एक हिस्सा कुछ ही स्कीमों पर केंद्रित है। इन स्कीमों पर असर डालने वाली कोई भी प्रतिकूल घटना बिजनेस पर बड़ा असर डाल सकती है।
रेगुलेटरी और कंप्लायंस से जुड़े जोखिम
यह बिजनेस सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) और अन्य अथॉरिटीज के कड़े नियमों के दायरे में आता है। नियमों में बदलाव, कंपनी द्वारा नियमों का पालन न करने या इंस्पेक्शन के खराब नतीजों से कारोबार, वित्तीय स्थिति, कामकाज पर बुरा असर पड़ सकता है।
डेट स्कीमों में लिक्विडिटी का जोखिम
कंपनी को अपनी डेट और मनी मार्केट स्कीमों में लिक्विडिटी (नकदी) से जुड़े जोखिमों का सामना करना पड़ता है। समय पर रिडेंप्शन रिक्वेस्ट पूरी न कर पाने से निवेशक नाराज हो सकते हैं, रेगुलेटरी जांच हो सकती है और साख को नुकसान पहुंच सकता है।
डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क पर निर्भरता
कंपनी अपने डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क पर काफी हद तक निर्भर है। डिस्ट्रीब्यूशन चैनलों में किसी भी तरह की रुकावट या मुख्य डिस्ट्रीब्यूटर्स के साथ रिश्तों में खराबी निवेशकों को आकर्षित करने और उन्हें अपने साथ बनाए रखने की क्षमता पर बुरा असर डाल सकती है।
फीस के नियमों में बदलाव
म्यूचुअल फंड की फीस और खर्चों को कंट्रोल करने वाले नियमों में बदलाव जैसे कि ‘बेस एक्सपेंस रेश्यो’ फ्रेमवर्क लागू होना, TER (टोटल एक्सपेंस रेशियो) की अधिकतम सीमा कम किया जाना सीधे तौर पर मैनेजमेंट फीस और TER से होने वाली कमाई को कम करते हैं।
कानूनी कार्यवाहियां
SBI फंड्स मैनेजमेंट और इसके कुछ प्रमोटर कई तरह की कानूनी कार्यवाहियों का सामना कर रहे हैं। किसी भी खराब नतीजे से वित्तीय देनदारियां बढ़ सकती हैं, कामकाज पर पाबंदियां लग सकती हैं और प्रतिष्ठा को नुकसान हो सकता है।
ब्रांड और ट्रेडमार्क पर निर्भरता
SBI फंड्स मैनेजमेंट के पास “SBI” ट्रेडमार्क का मालिकाना हक नहीं है। यह ट्रेडमार्क के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ लाइसेंसिंग एग्रीमेंट के तहत काम करती है। इस एग्रीमेंट के खत्म होने या “SBI” नाम इस्तेमाल न कर सकने की स्थिति में बिजनेस, वित्तीय स्थिति पर बुरा असर पड़ सकता है। इसके अलावा, इसका लोगो ट्रेड मार्क्स एक्ट, 1999 के तहत रजिस्टर्ड नहीं है। इसके चलते तीसरे पक्ष द्वारा इसके गलत इस्तेमाल का जोखिम बना रहता है और कंपनी की कॉम्पिटिटिव बिजनेस पोजिशन, वित्तीय स्थिति और प्रॉफिटेबिलिटी पर असर पड़ सकता है।
गिरावट के दौरान B-30 शहरों से ज्यादा रिडेंप्शन का जोखिम
आंकड़ों के मुताबिक, 31 मार्च 2026 तक कंपनी के म्यूचुअल फंड AUM का 22.82% हिस्सा B-30 शहरों से आया था। इसी तरह 31 मार्च 2025 23.04% हिस्सा और 31 मार्च 2024 तक 21.64% हिस्सा इन शहरों से आया था। बाजार में गिरावट के दौरान इन शहरों में रिडेंप्शन (पैसे निकालने) में ज्यादा उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। ऐसे में SBI फंड्स मैनेजमेंट के AUM, रेवेन्यू और कामकाज के नतीजों पर बुरा असर पड़ सकता है।
जन निवेश SIP
‘जन निवेश SIP’ प्रोडक्ट में SIP बंद होने की दर ज्यादा हो सकती है। इससे कंपनी की SIP के बने रहने की दर (persistency metrics), लगातार आने वाले निवेश (recurring inflows) और AUM पर बुरा असर पड़ सकता है। जन निवेश SIP पहली बार निवेश करने वालों और कम रकम निवेश करने वालों के लिए है।
AUM मिक्स में पैसिव स्कीम का हिस्सा बढ़ना
कंपनी के AUM मिक्स में पैसिव स्कीम का हिस्सा लगातार बढ़ रहा है। इन स्कीम की मैनेजमेंट फीस एक्टिवली मैनेज्ड स्कीम की तुलना में काफी कम होती है, जिससे ऑपरेटिंग मार्जिन और मुनाफे पर और दबाव पड़ता है।
बढ़ती प्रतिस्पर्धा
कंपनी को Jio BlackRock और AMC बिजनेस शुरू करने वाले डिस्काउंट ब्रोकर्स जैसे नए खिलाड़ियों से बढ़ती प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए हो सकता है कि बाजार हिस्सेदारी, प्राइसिंग और प्रॉफिटेबिलिटी पर प्रतिकूल प्रभाव देखने को मिले।
थर्ड-पार्टी सर्विस प्रोवाइडर्स
SBI फंड्स मैनेजमेंट कई जरूरी कामों के लिए थर्ड-पार्टी सर्विस प्रोवाइडर्स पर निर्भर है। उनकी सर्विस में किसी भी तरह की खराबी या रुकावट से कामकाज पर बुरा असर पड़ सकता है। इसके अलावा SBI म्यूचुअल फंड की ट्रस्टी कंपनी के साथ कंपनी का इनवेस्टमेंट मैनेजमेंट एग्रीमेंट खत्म किया जा सकता है। अगर एग्रीमेंट खत्म होता है कमाई का मुख्य जरिया खत्म हो जाएगा।
Leave a Reply