बनियान बनाने वाली कंपनी का शेयर हुआ रॉकेट, 600 करोड़ के निवेश प्लान से एक्शन में स्टॉक, 3 महीने में दिया 60% का रिटर्न
Lux Industries Share Price: इनरवियर और अपैरल सेक्टर की प्रमुख कंपनी Lux Industries के शेयरों में शनिवार को करीब 3% से ज्यादा की तेजी देखने को मिली। इसकी वजह कंपनी की ओर से पश्चिम बंगाल के दनकुनी में 600 करोड़ रुपये के बड़े मैन्युफैक्चरिंग प्रोजेक्ट का ऐलान है। कंपनी का कहना है कि यह निवेश उसके इतिहास के सबसे बड़े विनिर्माण विस्तारों में से एक होगा और इसके पूरा होने के बाद यहां एशिया के सबसे बड़े गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग हब में से एक विकसित किया जाएगा।
दनकुनी में बनेगा 20 लाख वर्गफुट का मैन्युफैक्चरिंग कैंपस
कंपनी ने बताया कि वह अपने मौजूदा 8 लाख वर्गफुट के दनकुनी प्लांट का विस्तार करेगी। इसके तहत 12 लाख वर्गफुट का नया निर्माण किया जाएगा, जिससे कुल मैन्युफैक्चरिंग कैंपस 20 लाख वर्गफुट का हो जाएगा। कंपनी का कहना है कि यह अत्याधुनिक और ऑटोमेटेड सुविधा उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ ऑपरेशनल एफिशिएंसी को भी बेहतर बनाएगी।
प्रोडक्शन कैपेसिटी में आएगी बड़ी छलांग
इस विस्तार के बाद Lux Cozi Group की उत्पादन क्षमता में बड़ा इजाफा होगा। नई परियोजना से सालाना 20 करोड़ अतिरिक्त पीस बनाने की क्षमता जुड़ेगी। इससे कंपनी की कुल वार्षिक उत्पादन क्षमता लगभग 20 करोड़ पीस से बढ़कर 36 करोड़ पीस तक पहुंच जाएगी। कंपनी का मानना है कि इससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी।
रोजगार और पश्चिम बंगाल की अर्थव्यवस्था को भी मिलेगा फायदा
कंपनी का कहना है कि यह प्रोजेक्ट सिर्फ उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं रहेगा। इसके जरिए करीब 3,000 प्रत्यक्ष और 6,000 अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। कंपनी का मानना है कि इससे पश्चिम बंगाल में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी और राज्य एक प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग डेस्टिनेशन के रूप में और मजबूत होगा।
ये भी पढ़ें: SBI Mutual Funds IPO: सबसे बड़ी ताकत ही SBI AMC की सबसे बड़ी चुनौती? 15 प्वाइंट्स में समझें इस आईपीओ के रिस्क फैक्टर
पिछले आठ तिमाहियों में मजबूत ग्रोथ का दावा
Lux Cozi Group के मुताबिक पिछले आठ तिमाहियों के दौरान कंपनी ने 25% से अधिक की कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट (CAGR) दर्ज की है। कंपनी ने इस दौरान 10% से 12% के बीच EBITDA मार्जिन बनाए रखा है। साथ ही हाल के वर्षों में ब्रांड निर्माण, मार्केटिंग और उपभोक्ता पहुंच बढ़ाने के लिए करीब 300 करोड़ रुपये का निवेश भी किया गया है।
निवेश की फंडिंग और भविष्य की रणनीति
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि 600 करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट की फंडिंग इंटरनल एक्रुअल्स और बाहरी कर्ज के मिश्रण से की जाएगी। कंपनी को उम्मीद है कि इस निवेश की लागत लगभग पांच वर्षों में रिकवर हो जाएगी। मैनेजमेंट का मानना है कि नया प्लांट उत्पादन लागत घटाने, वेस्टेज कम करने और प्रीमियम प्रोडक्ट सेगमेंट में मार्जिन सुधारने में अहम भूमिका निभाएगा।
ये भी पढ़ें: 10 दिन पहले आया था IPO, अब हर 1 शेयर पर निवेशकों को 10 शेयर मिलेगा बिल्कुल मुफ्त
लंबी अवधि की ग्रोथ पर कंपनी का दांव
कंपनी के चेयरमैन अशोक तोड़ी ने कहा कि यह निवेश सिर्फ क्षमता विस्तार नहीं बल्कि भारत के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर और कंपनी की दीर्घकालिक विकास रणनीति में भरोसे का संकेत है। वहीं एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर साकेत तोड़ी के अनुसार नई सुविधा कंपनी को तेजी से बदलती उपभोक्ता मांग के अनुरूप उत्पादन बढ़ाने और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में अपनी स्थिति मजबूत करने में मदद करेगी।
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।

Leave a Reply