Patanjali Foods Share: 20% की बड़ी गिरावट के साथ 52 हफ्ते के नए लो पर आया शेयर, बाबा रामदेव की कंपनी पर क्यों टूटा कहर?
Patanjali Foods Share Crash: बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि फूड्स के निवेशकों के लिए जरूरी खबर है। बुधवार को कारोबारी सेशन के दौरान कंपनी के शेयर करीब 20% तक टूटकर 52 हफ्तों के नए निचले स्तर 328.20 रुपये पर पहुंच गया। पिछले साल जुलाई में बने अपने उच्च स्तर की तुलना में यह शेयर अब लगभग आधी कीमत पर आ चुका है। तेज बिकवाली के बाद शेयर में कुछ रिकवरी जरूर देखने को मिली, लेकिन दोपहर तक भी यह करीब 16% की गिरावट के साथ 345 रुपये के आसपास कारोबार करता रहा।
साल 2026 की बात करें तो अब तक यह शेयर करीब 37% टूट चुका है, जबकि सिर्फ एक महीने में इसमें लगभग 19% की गिरावट दर्ज की गई है।
बाबा रामदेव की कंपनी का आया जवाब
शेयर में आई इस असामान्य गिरावट के बाद Patanjali Foods ने स्टॉक एक्सचेंज को स्पष्टीकरण जारी किया। कंपनी ने कहा कि ऐसा कोई महत्वपूर्ण घटनाक्रम, सूचना या फैसला नहीं हुआ है जिसे सार्वजनिक किया जाना जरूरी हो और जिसकी वजह से शेयर में इतनी बड़ी गिरावट आई हो।
ये भी पढ़ें: Hero MotoCorp का Ather Energy पर 1,000 करोड़ रुपये का बड़ा दांव, मार्केट में 9% भागा कंपनी का शेयर
कंपनी का कहना है कि उसका कारोबार सामान्य तरीके से चल रहा है और वह अपने ग्रोथ प्लान पर पहले की तरह फोकस बनाए हुए है। यानी फिलहाल इस गिरावट के पीछे कंपनी की ओर से कोई मूलभूत वजह सामने नहीं आई है।
तिमाही नतीजे मजबूत, लेकिन मार्जिन पर दबाव
दिलचस्प बात यह है कि कंपनी के हालिया तिमाही नतीजे कमजोर नहीं थे। जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में Patanjali Foods का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 46% बढ़कर 524 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल इसी अवधि में कंपनी का मुनाफा करीब 359 करोड़ रुपये था।
ये भी पढ़ें: IT Stocks: 58 साल में सबसे बड़ी गिरावट पर IBM का शेयर, TCS, Infosys, Wipro के स्टॉक्स पर भी दिखा असर
कंपनी की परिचालन आय भी 17% बढ़कर 11,217 करोड़ रुपये पहुंच गई। हालांकि खाद्य तेल और FMCG कारोबार में अच्छी ग्रोथ के बावजूद कच्चे माल और पैकेजिंग की बढ़ती लागत की वजह से ऑपरेटिंग मार्जिन पर दबाव देखने को मिला। ऐसे में मजबूत आय के बावजूद निवेशकों की चिंता फिलहाल शेयर के कमजोर टेक्निकल ट्रेंड और लगातार बिकवाली को लेकर बनी हुई है।
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।

Leave a Reply