कैलिफोर्निया की मेयर निकली चीनी जासूस! ड्रैगन के लिए चला रही थी प्रोपेगेंडा, हाई-प्रोफाइल एजेंट का भंडाफोड़
Eileen Wang: अमेरिका में चीन के जासूसी नेटवर्क को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। कैलिफोर्निया के आर्केडिया शहर की मेयर एलीन वांग (Eileen Wang) ने चीनी एजेंट के रूप में काम करने के आरोपों के बाद 11 मई को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। 58 वर्षीय वांग पर संघीय अदालत में चीन के अवैध एजेंट के रूप में काम करने का दोष सिद्ध हुआ है, जिसके लिए उन्हें 10 साल तक की जेल हो सकती है।
कौन हैं एलीन वांग और क्या हैं उन पर आरोप?
एलीन वांग नवंबर 2022 में आर्केडिया सिटी काउंसिल के लिए चुनी गई थीं और रोटेशन के आधार पर मेयर बनी थी। आर्केडिया एक ऐसा शहर है जहां की बहुसंख्यक आबादी एशियाई है, जिसमें चीनी मूल के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं। वांग 30 साल पहले चीन से अमेरिका आई थीं। उनके माता-पिता चीन में डॉक्टर थे।
उन पर आरोप है कि 2020 से 2022 के बीच वांग ने अमेरिकी सरकार को जानकारी दिए बिना चीनी अधिकारियों के इशारे पर काम किया। अमेरिकी कानून के मुताबिक, किसी विदेशी सरकार के लिए काम करने से पहले रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है।
कैसे फैलाया चीन का प्रोपेगेंडा?
जांच में सामने आया है कि वांग ने अपने सहयोगी याओनिंग माइक सुन, जो पहले ही जेल में हैं के साथ मिलकर ‘US News Centre’ नाम की एक वेबसाइट चलाई। जून 2021 में चीनी अधिकारियों के निर्देश पर वांग ने शिनजियांग प्रांत में उइगर मुस्लिमों के उत्पीड़न और बंधुआ मजदूरी की खबरों को ‘झूठ’ बताने वाला एक लेख अपनी वेबसाइट पर शेयर किया।
लेख पोस्ट करने के बाद उन्होंने चीनी अधिकारियों को लिंक भेजा, जिस पर अधिकारी ने ‘इतनी जल्दी! सबको धन्यवाद’ कहकर उनकी तारीफ की। वांग चीनी अधिकारियों के निर्देश पर लेखों को एडिट करती थीं और उन्हें ‘लीडर’ कहकर संबोधित करती थीं।
‘गलत आदमी के प्यार में पड़ गई’
सोमवार को कोर्ट की कार्यवाही के दौरान एलीन वांग काफी भावुक नजर आईं। वांग के वकीलों ने दावा किया कि उनकी मुवक्किल अपने मंगेतर, माइक सुन के प्यार के चक्कर में गुमराह हो गई और गलत रास्ते पर चल पड़ीं। वांग ने अपनी गलतियों के लिए माफी मांगी है। हालांकि, कोर्ट ने उन पर ₹21 लाख का बॉन्ड लगाया है और उनका पासपोर्ट जमा कराने का आदेश दिया है।
FBI का सख्त संदेश
एफबीआई के निदेशक काश पटेल ने इस मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि मेयर वांग ने स्वीकार किया है कि उन्होंने अमेरिकी लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए चीन के हितों को बढ़ावा दिया। यह कार्रवाई दिखाती है कि अमेरिका अपनी संस्थाओं में चीनी भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करेगा।
Leave a Reply