IPO August 2026: अगस्त में पूरे महीने चलेगी आईपीओ पार्टी, PhonePe, Zepto सहित 25 कंपनियां जुटाएंगी ₹35,000 करोड़
IPO August 2026: भारतीय शेयर बाजार में जुलाई के दौरान IPO बाजार ने जोरदार वापसी की है और अब अगस्त में यह रफ्तार और तेज होने की उम्मीद है। जुलाई में SBI Funds Management के इस साल के सबसे बड़े IPO की सफलता के बाद अब अगले महीने करीब 25 कंपनियां अपने पब्लिक इश्यू लॉन्च करने की तैयारी में हैं। इन कंपनियों का लक्ष्य सामूहिक रूप से करीब ₹35,000 करोड़ जुटाना है। इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, निवेश बैंकरों का मानना है कि बाजार में स्थिरता लौटने और निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी के चलते अगस्त 2026 इस साल का सबसे व्यस्त IPO महीना साबित हो सकता है।
PhonePe और Zepto जैसे बड़े नाम होंगे आकर्षण का केंद्र
अगस्त के IPO कैलेंडर में कई चर्चित न्यू-एज कंपनियां शामिल हैं। वॉलमार्ट समर्थित डिजिटल पेमेंट कंपनी PhonePe करीब ₹12,000 करोड़ का IPO ला सकती है। इसके बाद क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म Zepto लगभग ₹8,010 करोड़ जुटाने की तैयारी में है। वहीं लॉजिस्टिक्स प्लेटफॉर्म Shiprocket भी करीब ₹2,342 करोड़ के इश्यू के साथ बाजार में दस्तक दे सकता है।
इनके अलावा Truhome Finance, Juniper Green Energy, Innovatiview India और Gaja Alternative Asset Management जैसी कंपनियां भी अगस्त में IPO लॉन्च करने की योजना बना रही हैं। बाजार सूत्रों के मुताबिक Ardee Industries, Dhoot Transmission, Hy-Tech Engineers, ARCIL, Leap India, Priority Jewels, Shankesh Jewellers, Skyways और MV Electrosystem समेत कई अन्य कंपनियां भी लिस्टिंग की तैयारी में हैं।
क्यों चुना गया अगस्त का समय?
मार्केट एक्सपर्ट्स के अनुसार कंपनियां अगस्त को IPO लॉन्च करने के लिए सबसे बेहतर समय मान रही हैं। इसकी एक वजह यह है कि कई कंपनियों को सेबी से मिली मंजूरी सितंबर में समाप्त होने वाली है। इसके अलावा NSE और Jio Platforms जैसे बड़े IPO आने से पहले बाजार में उतरना भी कंपनियों की रणनीति का हिस्सा है।
एक और कारण श्राद्ध (पितृ पक्ष) का समय है। आमतौर पर इस अवधि में निवेश गतिविधियां कुछ धीमी पड़ जाती हैं। ऐसे में कंपनियां उससे पहले अपने इश्यू पूरे करना चाहती हैं।
जुलाई में लौटी बाजार की रौनक
इस साल की शुरुआत में IPO बाजार की चाल मिश्रित रही। जनवरी और फरवरी में 10 कंपनियों ने करीब ₹12,927 करोड़ जुटाए, जबकि मार्च में 8 IPO के जरिए ₹5,852 करोड़ आए। इसके बाद अप्रैल और मई में भू-राजनीतिक तनाव, ईरान युद्ध और विदेशी निवेशकों की कमजोर भागीदारी के चलते बाजार की रफ्तार धीमी पड़ गई। मई में तो एक भी IPO नहीं आया।
ये भी पढ़ें: दमदार तिमाही नतीजों के बाद रॉकेट हुआ 100 रुपये से सस्ता ये बैंकिंग स्टॉक, इंट्राडे में 10% की बड़ी छलांग
हालांकि जून से धीरे-धीरे सुधार शुरू हुआ और जुलाई में बाजार ने जबरदस्त वापसी की। जुलाई में अब तक 10 IPO के जरिए ₹26,279 करोड़ जुटाए जा चुके हैं, जिससे यह इस साल का सबसे मजबूत महीना बन गया है। पूरे 2026 में अब तक 37 IPO के जरिए कुल ₹48,852 करोड़ जुटाए जा चुके हैं।
आगे भी मजबूत बनी रह सकती है रफ्तार
इन्वेस्टमेंट बैंकरों का कहना है कि बाजार में अस्थिरता कुछ कम होने और निवेशकों का भरोसा लौटने के बाद कई कंपनियां, जो अब तक इंतजार कर रही थीं, अब IPO लॉन्च करने के लिए तैयार हैं। Prime Database के अनुसार 24 जुलाई तक 178 कंपनियों को सेबी से IPO लाने की मंजूरी मिल चुकी है। ये कंपनियां भविष्य में करीब ₹2.9 लाख करोड़ जुटा सकती हैं। इसके अलावा 70 और कंपनियों के प्रस्ताव नियामकीय मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं, जिनके जरिए करीब ₹1.8 लाख करोड़ जुटाने की योजना है।
ये भी पढ़ें: Railway Stock: 6 महीने में 131% रिटर्न देने वाली कंपनी को रेलवे से मिला 120 करोड़ रुपये का ठेका, शेयर ने भरी रफ्तार
(Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।)

Leave a Reply