MCX Share Target Price: 14 फीसदी उछल सकता है स्टॉक, Q4 के बाद ब्रोकरेज ने बढ़ाया भरोसा; किस भाव तक जाएगा शेयर
MCX Share Price: कमोडिटी एक्सचेंज सेक्टर की प्रमुख कंपनी Multi Commodity Exchange of India को लेकर ग्लोबल ब्रोकरेज हाउस Morgan Stanley ने अपना भरोसा और मजबूत किया है। ब्रोकरेज ने MCX पर अपनी “ओवरवेट” रेटिंग बरकरार रखते हुए शेयर का टारगेट प्राइस बढ़ाकर 3,665 रुपये कर दिया है, जो पहले 3,270 रुपये था। यानी मौजूदा स्तरों से भी शेयर में 14 फीसदी से ज्यादा तेजी की संभावना जताई गई है।
क्या है ब्रोकरेज का रुख?
मॉर्गन स्टेनली (Morgan Stanley on MCX) का मानना है कि आने वाले समय में वैश्विक स्तर पर जारी जियो पॉलिटिकल टेंशन और कमोडिटी बाजारों में बढ़ती हलचल का फायदा MCX को मिल सकता है। ब्रोकरेज के अनुसार अनिश्चित अंतरराष्ट्रीय माहौल के कारण निवेशकों और ट्रेडर्स की गतिविधियां कमोडिटी मार्केट में बनी रहने की उम्मीद है, जिससे एक्सचेंज पर ट्रेडिंग वॉल्यूम मजबूत रह सकते हैं।
आगे और बेहतर हो सकता है बिजनेस
रिपोर्ट में कहा गया है कि कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन को देखते हुए FY27 और FY28 के लिए ADTR (Average Daily Traded Revenue) अनुमान में क्रमशः 9 फीसदी और 8 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। इसका मतलब है कि ब्रोकरेज को आने वाले वर्षों में MCX के कारोबार और रेवेन्यू में पहले के अनुमान से अधिक मजबूती दिखाई दे रही है। सिर्फ रेवेन्यू अनुमान ही नहीं, बल्कि कंपनी की कमाई को लेकर भी मॉर्गन स्टेनली पहले से ज्यादा आशावादी नजर आ रही है। ब्रोकरेज ने FY27 के लिए EPS (Earnings Per Share) अनुमान में 12 फीसदी और FY28 के लिए 13 फीसदी की वृद्धि की है। इससे संकेत मिलता है कि कंपनी की प्रॉफिटेबिलिटी आने वाले वर्षों में बेहतर रह सकती है।
यह भी पढ़ें- Multibagger Stock: MCX ने 10 साल में दिया 1700% एबसॉल्यूट रिटर्न, 1 लाख निवेश करने वालों को मिला 18 लाख; आपने किया है निवेश?
पहले से ज्यादा पॉजिटिव हुआ ब्रोकरेज
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि हालिया तिमाही नतीजों, खासकर चौथी तिमाही के प्रदर्शन के बाद लागत अनुमान में भी ऊपर की ओर संशोधन किया गया है। हालांकि खर्च बढ़ने की संभावना जताई गई है, लेकिन मजबूत ट्रेडिंग गतिविधि और बेहतर ऑपरेटिंग प्रदर्शन के चलते कंपनी की आय पर सकारात्मक असर देखने को मिल सकता है। मॉर्गन स्टेनली ने अपने “प्रोबेबिलिटी-वेटेड” टारगेट प्राइस में भी 12 फीसदी की बढ़ोतरी की है। यह संकेत देता है कि ब्रोकरेज अब MCX के बिजनेस आउटलुक को लेकर पहले से अधिक भरोसेमंद और सकारात्मक रुख रखती है।
शेयर ने कैसा किया प्रदर्शन?
बुधवार, 13 मई को एमसीएक्स के शेयर हरे रंग में कारोबार करते हुए खुले। कंपनी के शेयर 1.68 फीसदी की तेजी के साथ 3209 रुपये के आसपास ट्रेड कर रहे हैं। स्टॉक ने मल्टीबैगर रिटर्न भी दिया है। महीने भर में स्टॉक का भाव 22 फीसदी तक बढ़ा है। वहीं, 6 महीने के दौरान इसमें तकरीबन 70 फीसदी की तेजी आई है। लॉन्ग टर्म के दौरान स्टॉक के भाव में और भी जबरदस्त तेजी देखी गई है। साल भर के दौरान शेयर का भाव 166 फीसदी और 3 साल में 1092 फीसदी तक बढ़ा है।
Disclaimer: शेयर को लेकर सलाह ब्रोकरेज हाउस के द्वारा दी गई हैं। यह ET NOW Swadesh के निजी विचार नहीं हैं। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।

Leave a Reply