HPCL Q4 Results: मुनाफे में जोरदार उछाल, 19.25 रुपये डिविडेंड का ऐलान; शेयर में आई तेजी
HPCL Q4 Results: सरकारी तेल डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी Hindustan Petroleum Corporation Limited (HPCL) ने वित्त वर्ष 2025-26 में शानदार वित्तीय प्रदर्शन दर्ज करते हुए अपने निवेशकों को बड़ा तोहफा दिया है। कंपनी ने पूरे साल के लिए मजबूत मुनाफे का ऐलान किया है और इसके साथ ही 19.25 रुपये प्रति शेयर के अंतिम डिविडेंड (HPCL Dividend) की सिफारिश भी की है। बेहतर रिफाइनिंग मार्जिन, मजबूत मार्केट सेल्स और ऑपरेशनल क्वालिटी के दम पर HPCL ने पिछले वित्त वर्ष की तुलना में अपने लाभ में बड़ी छलांग लगाई है।
कंपनी को हुआ दमदार प्रॉफिट
कंपनी के अनुसार, 31 मार्च 2026 को समाप्त वित्त वर्ष में उसका स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट बढ़कर 17,175.23 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष 2024-25 में यह 7,364.86 करोड़ रुपये था। यानी कंपनी के मुनाफे में सालाना आधार पर जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, कंसोलिडेटेड आधार पर कंपनी का शुद्ध लाभ 18,046.89 करोड़ रुपये रहा।
दूसरे मोर्चों पर कैसा रहा प्रदर्शन?
रेवेन्यू के मोर्चे पर भी कंपनी ने मजबूत प्रदर्शन किया। वित्त वर्ष 2025-26 में HPCL की कुल स्टैंडअलोन आय बढ़कर 4,81,234.01 करोड़ रुपये हो गई, जबकि एक साल पहले यह 4,68,762.09 करोड़ रुपये थी। कंसोलिडेटेड आधार पर कंपनी की कुल वार्षिक आय 4,81,122.12 करोड़ रुपये दर्ज की गई। ऑपरेशनल प्रदर्शन की बात करें तो कंपनी ने पूरे साल में 26.04 मिलियन मीट्रिक टन (MMT) का क्रूड थ्रूपुट हासिल किया। वहीं, निर्यात सहित कुल मार्केट सेल्स 51.45 MMT रही। यह आंकड़े दिखाते हैं कि कंपनी ने न केवल रिफाइनिंग गतिविधियों को मजबूत बनाए रखा बल्कि बाजार में अपनी बिक्री क्षमता भी बढ़ाई।
यह भी पढ़ें- MCX Share Target Price: 14 फीसदी उछल सकता है स्टॉक, Q4 के बाद ब्रोकरेज ने बढ़ाया भरोसा; किस भाव तक जाएगा शेयर
डिविडेंड का भी ऐलान
निवेशकों के लिए भी कंपनी ने रिटर्न का ऐलान किया है। HPCL के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने 10 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 19.25 रुपये के फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की है। इससे पहले कंपनी वित्त वर्ष के दौरान 5 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड भी दे चुकी है। हालांकि अंतिम डिविडेंड को शेयरधारकों की मंजूरी मिलना बाकी है, जिसके लिए आगामी वार्षिक आम बैठक (AGM) में प्रस्ताव रखा जाएगा। कंपनी ने अंतिम डिविडेंड के लिए 14 अगस्त 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की है।
सरकार से मिले मुआवजा ने की मदद
वित्त वर्ष के दौरान कंपनी को सरकार की ओर से LPG अंडर-रिकवरी के बदले 3,300 करोड़ रुपये का मुआवजा भी मिला, जिससे उसकी वित्तीय स्थिति को मजबूती मिली। कंपनी का बैलेंस शीट भी मजबूत नजर आ रहा है। HPCL का डेट-इक्विटी रेशियो 0.80 पर स्थिर रहा, जो संतुलित वित्तीय स्थिति का संकेत देता है। वहीं, कंपनी की कुल स्टैंडअलोन परिसंपत्तियां बढ़कर 1,93,870.14 करोड़ रुपये तक पहुंच गईं। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि उसने अपने किसी भी कर्ज या डेट सिक्योरिटीज के भुगतान में कोई डिफॉल्ट नहीं किया है।
शेयरों ने कैसा किया प्रदर्शन?
HPCL के शेयर बुधवार, 13 मई को हरे रंग में कारोबार करते दिखा। तिमाही नतीजों के बाद स्टॉक में उछाल दर्ज किया गया। मौजूदा समय में स्टॉक तकरीबन 2 फीसदी उछल कर 377 रुपये के आसपास ट्रेड कर रहा है। महीने भर में स्टॉक का भाव 8 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है। हालांकि, साल भर के दौरान स्टॉक दबाव में रहा। इस दौरान शेयर में 3 फीसदी की गिरावट दिखी है। स्टॉक अपने 52-वीक हाई स्तर (508.45 रुपये) से काफी नीचे ट्रेड कर रहा है। कंपनी का मार्केट कैप 78,644 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।

Leave a Reply