DA Hike : डीए हाइक में 2% की बढ़ोतरी से रेलवे कर्मचारियों को कितना मिलेगा फायदा?
रेलवे ने अपने कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2 फीसदी की बढ़ोतरी कर दी है। यह फैसला 1 जनवरी 2026 से लागू माना जाएगा। बढ़ोतरी के बाद अब DA और DR बेसिक सैलरी और पेंशन का 58 फीसदी से बढ़कर 60 फीसदी हो गया है। दरअसल, DA और DR कर्मचारियों और पेंशनर्स को बढ़ती महंगाई से राहत देने के लिए दिया जाता है। यह उनकी बेसिक सैलरी और पेंशन का एक तय प्रतिशत होता है, ताकि रोजमर्रा के बढ़ते खर्च का असर कम किया जा सके। सरकार आमतौर पर साल में दो बार इस भत्ते में बदलाव करती है। इसकी गणना ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (AICPI) के आधार पर की जाती है, जो महंगाई के स्तर को दर्शाता है।
हाल में दो अलग-अलग नोटिफिकेशन के जरिए रेलवे बोर्ड ने बताया कि 7वें केंद्रीय वेतन आयोग (7th CPC) के तहत आने वाले लाखों रेलवे कर्मचारियों, पेंशनर्स, फैमिली पेंशनर्स और दूसरे पात्र लाभार्थियों के लिए महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में रिवाइज किया गया है। खास बात यह है कि भारतीय रेलवे देश के सबसे बड़े सरकारी एंप्लायर में से एक है, इसलिए इस फैसले का असर बड़ी संख्या में लोगों पर पड़ेगा। रेलवे बोर्ड की ओर से जारी रिवाइज्ड नोटिफिकेशन ग्रांट ऑफ डीए टू रेलवे एप्लाइज (Grant of Dearness Allowance to Railway Employees – Revised Rates effective from 01.01.2026) में बताया गया है कि रेलवे कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 2 फीसदी बढ़ोतरी को राष्ट्रपति Droupadi Murmu की मंजूरी मिल गई है। नोटिफिकेशन के मुताबिक, 1 जनवरी 2026 से रेलवे कर्मचारियों का DA मौजूदा 58 फीसदी से बढ़ाकर 60 फीसदी कर दिया गया है। यानी कर्मचारियों को अब उनकी बेसिक सैलरी का 60 फीसदी हिस्सा महंगाई भत्ते के रूप में मिलेगा।
रेल मंत्रालय ने साफ किया है कि यहां ‘बेसिक पे’ का मतलब 7वें वेतन आयोग (7th CPC) के तहत तय पे मैट्रिक्स (Pay Matrix) में मिलने वाली मूल सैलरी से है। इसमें स्पेशल पे या किसी अन्य तरह के अतिरिक्त भत्ते शामिल नहीं होंगे। नोटिफिकेशन में यह भी कहा गया है कि DA को अलग भत्ते के तौर पर ही माना जाएगा, इसे मूल वेतन (Pay) का हिस्सा नहीं माना जाएगा। वहीं भुगतान के दौरान यदि राशि में 50 पैसे या उससे ज्यादा का हिस्सा आता है तो उसे अगले पूरे रुपये में राउंड ऑफ किया जाएगा, जबकि 50 पैसे से कम की राशि को नजरअंदाज कर दिया जाएगा।
रेलवे पेंशनर्स के लिए महंगाई राहत (DR) बढ़ाने को लेकर भी इसी तरह का अलग नोटिफिकेशन जारी किया गया है। वित्त मंत्रालय ने 22 अप्रैल को केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 2 फीसदी बढ़ोतरी का ऐलान किया था। यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से लागू मानी जाएगी। मंत्रालय ने साथ ही कहा था कि रक्षा मंत्रालय और रेलवे मंत्रालय अपने-अपने कर्मचारियों के लिए अलग से आदेश जारी करेंगे।

Leave a Reply