Meta Layoffs: मार्क जुकरबर्ग की कंपनी में मई में जा सकती हैं 8000 नौकरियां, आगे के महीनों में और कर्मचारियों की होगी छंटनी
Last Updated on April 18, 2026 14:06, PM by Pawan
Facebook, Instagram और WhatsApp की पेरेंट कंपनी मेटा (Meta) में इस साल की बड़े पैमाने पर छंटनी का पहला दौर 20 मई से शुरू हो सकता है। इसके बाद बाकी के साल 2026 में और भी जॉब कट होंगी। रॉयटर्स को सूत्रों से पता चला है कि मेटा इस शुरुआती दौर में अपने वैश्विक कर्मचारियों में से लगभग 10%, यानी करीब 8,000 कर्मचारियों की छंटनी करेगी। कंपनी साल की दूसरी छमाही में और छंटनी की योजना बना रही है। हालांकि इन कटौतियों की डिटेल अभी तक तय नहीं हुई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्रों का कहना है कि अधिकारी आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस (AI) क्षमताओं में हो रहे विकास को देखते हुए अपनी योजनाओं में बदलाव कर सकते हैं। इससे पहले मार्च 2026 में खबर आई थी कि मेटा बड़े पैमाने पर छंटनी की योजना बना रही है। इससे कंपनी के 20% या उससे ज्यादा कर्मचारियों पर असर पड़ सकता है। हालांकि, कंपनी ने ऐसी रिपोर्टों को अटकलबाजी बताया था और कहा था कि कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। 31 दिसंबर 2025 तक मेटा में करीब 79,000 कर्मचारी थे।
वहीं अप्रैल महीने की शुरुआत में खबर आई कि मेटा कैलिफोर्निया में लगभग 200 जॉब कट कर रही है। कैलिफोर्निया के एंप्लॉयमेंट डेवलपमेंट डिपार्टमेंट में जमा की गई फाइलिंग्स के अनुसार, कंपनी की योजना बर्लिंगम में 124 और सनीवेल में 74 पदों को खत्म करने की है। कहा गया कि यह छंटनी मई के आखिर में लागू होने वाली है और स्थायी है।
जनवरी, फरवरी और मार्च में भी किया था जॉब कट
इससे पहले मार्च 2026 में मार्क जुकरबर्ग की कंपनी ने रिक्रूटिंग, सेल्स और ऑपरेशंस सहित विभिन्न टीमों में लगभग 700 पदों को खत्म कर दिया। फरवरी में मेटा ने घोषणा की कि वह सैन फ्रांसिस्को पेनिनसुला ऑफिसेज में और 102 जॉब कट करेगी। उससे पहले जनवरी 2026 में इसके रिएलिटी लैब्स डिवीजन में लगभग 1,500 नौकरियां कम की गई थीं। इस साल Meta की छंटनी 2022 के अंत और 2023 की शुरुआत में हुई रीस्ट्रक्चरिंग के बाद से कंपनी की सबसे बड़ी छंटनी होगी। मेटा ने नवंबर 2022 में 11,000 कर्मचारियों की छंटनी की थी, जो उस समय उसके कुल कर्मचारियों का करीब 13% था। इसके करीब 4 महीने बाद, कंपनी ने 10,000 और नौकरियों में कटौती करने की घोषणा की थी।
दुनिया भर में टेक जॉब्स में होने वाली कटौतियों पर नजर रखने वाली वेबसाइट Layoffs.fyi का कहना है कि इस साल अब तक 73,212 कर्मचारियों ने अपनी नौकरियां खो दी हैं। पूरे 2024 के लिए, यह आंकड़ा 153,000 था।
वॉल स्ट्रीट के सबसे बड़े बैंकों ने मार्च तिमाही में कमाया रिकॉर्ड मुनाफा, फिर भी निकाल दिए 7000 से ज्यादा कर्मचारी
