NEET UG 2026 Dress Code: कल ये गलतियां करवा सकती हैं बड़ा नुकसान, जानें नीट यूजी परीक्षा का ड्रेस कोड और ओएमआर शीट के जरूरी नियम
Last Updated on May 2, 2026 12:01, PM by Pawan
NEET UG 2026 NTA Advisory: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) कल देश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर मेडिकल शिक्षा में प्रवेश के लिए नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट का आयोजन करने जा रहा है। इस परीक्षा में सफल उम्मीदवार मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लेकर डॉक्टरी की पढ़ाई करेंगे। इसके लिए लाखों छात्रों ने पंजीकरण कराया है ओर कल बड़ी संख्या में छात्र ये परीक्षा देंगे। ये परीक्षा एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए है, इसलिए इसमें अधिकांश 12वीं पास छात्र शामिल होंगे।
परीक्षा के दौरान या उससे पहले छात्रों की सघन तलाशी ली जाएगी। इसलिए एनटीए ने ड्रेस कोड से लेकर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और ओएमआर शीट भरने संबंध हर अहम पहलू पर दिशा निर्देश जारी किए हैं। इन परीक्षा में शामिल होने वाले सभी वर्ग और श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए स्पष्ट निर्देश हैं, जो उन्हें परीक्षा में डिस्क्वालिफिकेशन और अन्य दिक्कतों से बचाएंगे। सभी को रिपोर्टिंग टाइम से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी जाती है। आइए जानें इनके बारे में
रिपोर्टिंग टाइम : इस समय तक परीक्षा केंद्र पहुंच जाएं
नीट यूजी 2026 परीक्षा 03 मई को दोपहर 2 से 5 बजे के बीच आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों का प्रवेश दिन में 11 बजे से शुरू हो जाएगा। दोपहर 1.30 बजे के बाद किसी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सभी परीक्षार्थियों को 1.45 बजे टेस्ट बुकलेट दे दी जाएगी। परीक्षार्थी अपने साथ पीने के पानी की पारदर्शी बोतल रख सकते हैं।
ड्रेस कोड : नीट यूजी परीक्षा में क्या पहनकर जाएं और क्या नहीं?
इस बार नीट यूजी परीक्षा में ड्रेस कोड को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। इस परीक्षा के लिए ड्रेस कोड संबंधी सभी निर्देश यहां देखें :
लड़कों के लिए :
कपड़े : आधी बाजू (Half Sleeves) की शर्ट या टी-शर्ट पहनें। फुल बाजू या बड़े बटन वाली शर्ट न पहनें।
जूते-चप्पल : जूते नहीं, सिर्फ पतले तलवे वाली चप्पल या सैंडल ही पहनें।
लड़कियों के लिए निर्देश :
कपड़े : साधारण कपड़े पहनें, बड़े बटन, ब्रोच या फूल न हों। आधी बाजू के कुर्ते या टी-शर्ट बेस्ट रहेंगे।
ज्वेलरी : कान की बाली, अंगूठी, चूड़ियां, गले का हार या किसी भी तरह के गहने बिल्कुल प्रतिबंधित हैं।
फुटवियर : सिफ साधारण फ्लैट चप्पल या सैंडल ही पहनें।
ये पहन कर जा रहे हैं, तो एक घंटा पहले पहुंचें परीक्षा केंद्र
हिजाब या पगड़ी पहनकर परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों को रिपोर्टिंग टाइम से कम से कम एक घंटा पहले सेंटर पहुंचना होगा, जिससे गहन तलाशी ली जा सके।
नीट यूजी 2026: ओएमआर शीट पर निर्देश
- एनटीए के निर्देशों के अनुसार, परीक्षार्थियों को ओएमआर शीट के गोले भरने के लिए केवल वही ‘ब्लैक बॉल पॉइंट पेन’ इस्तेमाल करना है जो परीक्षा केंद्र पर दिया जाएगा।
- ओएमआर शीट के गोले को पूरा और गहरे तरीके से भरें, आधा भर या सिर्फ बिंदी लगाने पर मान्य नहीं होगा।
- ओएमआर शीट पर टिक या क्रॉस का निशान लगाना सख्त मना है। एक सवाल के लिए एक विकल्प चुनें।
- ओएमआर शीट पर ओवरराइटिंग या स्मजिंग (स्याही फैलना) नहीं होनी चाहिए, रफ काम के लिए ओएमआर शीट का इस्तेमाल बिलकुल न करें।
- ओएमआर शीट पर गोले को करने से पहले प्रश्न पत्र और ओएमआर शीट के सवाल नंबर का मिलान करें।
नीट यूजी परीक्षा केंद्र में बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन फेल हो जाए तो क्या करें?
- अगर बायोमेट्रिक मशीन पर फिंगरप्रिंट पहचान न हो पाने पर आपकी आंखों की पुतलियां (Iris) स्कैन की जा सकती हैं।
- डिजिटल तरीका काम नहीं करता तो आपकी फिजिकल आईडी और एडमिट कार्ड पर लगी फोटो का मिलान मैन्युअल रूप से किया जाएगा।
- संदिग्ध परिस्थितियों में आपसे एक फॉर्म भरवाया जा सकता है, जिससे आपकी पहचान सुनिश्चित हो सके और आपको परीक्षा से वंचित न किया जाए।
- नीट यूजी 2026 परीक्षा से पहले हाथों पर मेहंदी, स्याही या क्रीम न लगाएं, जिससे सेंसर को स्कैनिंग में दिक्कत न हो।
एनटीए के हेल्पलाइन नंबर
अगर नीट यूजी 2026 परीक्षा के दौरान या उससे पहले आपको ओएमआर भरने से जुड़ी कोई भी शंका है तो आप नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ऑफिशियल वेबसाइट www.nta.ac.in पर विजिट कर सकते हैं या उनके हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 पर संपर्क कर सकते हैं।
