टूव्हीलर मेकर हीरो मोटोकॉर्प के शेयरों में 7 मई को शुरुआती कारोबार में 4 प्रतिशत तक की तेजी दिखी। BSE पर शेयर की कीमत 5367.05 रुपये के हाई तक गई। शेयर में लगातार दूसरे दिन तेजी है। दरअसल मार्च 2026 तिमाही के नतीजे जारी होने के बाद ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने शेयर को अपग्रेड किया है, जिससे खरीद बढ़ी है। जेफरीज ने हीरो मोटोकॉर्प के शेयर के लिए रेटिंग को ‘अंडरपरफॉर्म’ से बढ़ाकर ‘होल्ड’ कर दिया है। हालांकि टारगेट प्राइस 5,000 रुपये प्रति शेयर ही बरकरार रखा है।
ब्रोकरेज ने कहा कि कंपनी का मार्च 2026 तिमाही का EBITDA और शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 30-31% की मजबूत दर से बढ़ा, जो उसके अनुमानों के मुताबिक ही है। टूव्हीलर्स की मांग मजबूत बनी हुई है। जेफरीज का अनुमान है कि FY26-29 के दौरान इंडस्ट्री की बिक्री में 8% की CAGR (चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर) से बढ़ोतरी होगी।
जेफरीज ने यह भी कहा है कि हीरो को मांग के पैटर्न में बदलाव की वजह से लगातार चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। फिर भी उसने FY26 की दूसरी छमाही यानि कि अक्टूबर 2025-मार्च 2026 में 110-125cc बाइक और ICE स्कूटर सेगमेंट में अपनी कुछ बाजार हिस्सेदारी वापस हासिल कर ली। इसके इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) कारोबार में भी सुधार के संकेत दिख रहे हैं।
BofA Securities ने टारगेट प्राइस घटाया
BofA Securities ने हीरो मोटोकॉर्प के शेयर के लिए ‘बाय’ रेटिंग को बरकरार रखा है, लेकिन प्राइस टारगेट को ₹6,250 से घटाकर ₹6,150 प्रति शेयर कर दिया है। ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी सही दिशा में आगे बढ़ रही है। धातुओं, खासकर एल्युमीनियम की कीमतों में तेजी आने के कारण मार्जिन पर दबाव बढ़ गया है, जिससे कंपनी के रेवेन्यू पर 4-5% तक का असर पड़ सकता है। ब्रोकरेज का अनुमान है कि निकट भविष्य में मार्जिन पर दबाव बना रहेगा, खासकर अप्रैल-सितंबर 2026 में। इससे FY27 के लिए कंपनी का मध्यम-अवधि का EBITDA मार्जिन लक्ष्य 14-16% के बीच रहने पर जोखिम पैदा हो गया है। UBS ने हीरो मोटोकॉर्प के लिए ‘सेल’ रेटिंग को बरकरार रखा है, लेकिन प्राइस टारगेट को पहले के ₹4,800 से बढ़ाकर ₹4,825 कर दिया है।
मार्च तिमाही में 1,474 करोड़ का मुनाफा
हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड का वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 26 प्रतिशत बढ़कर 1,473.92 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले यह 1,168.75 करोड़ रुपये था। ऑपरेशनल इनकम बढ़कर 12,978.28 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 की समान तिमाही में 9,969.81 करोड़ रुपये थी। मार्च 2026 तिमाही में टूव्हीलर्स की बिक्री 17.14 लाख यूनिट रही, जो मार्च 2025 तिमाही की तुलना में 24 प्रतिशत अधिक है।
Bonus Issue: रियल्टी फर्म 6 साल बाद अब फिर दे रही है तोहफा, हर 3 शेयरों पर 1 नया शेयर मिलेगा फ्री
वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा 5,775.7 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले यह 4,375.81 करोड़ रुपये था। कुल ऑपरेशनल इनकम बढ़कर 47,411.24 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 में 40,923.42 करोड़ रुपये थी। हीरो मोटोकॉर्प ने वित्त वर्ष 2026 के लिए प्रति शेयर 75 रुपये के फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की है। इस पर अभी शेयरहोल्डर्स की मंजूरी लिया जाना बाकी है। कंपनी के बोर्ड ने पवन मुंजाल को 1 अक्टूबर 2026 से अगले 5 वर्ष के लिए कार्यकारी चेयरमैन के रूप में फिर से नियुक्त करने को मंजूरी दी है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

Leave a Reply