Bajaj Holdings Dividend: बजाज ग्रुप के 100 साल पूरे होने के मौके पर Bajaj Holdings & Investment Ltd. ने अपने शेयरधारकों को बड़ा तोहफा दिया है। कंपनी (Bajaj Holdings Q4 Results) ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के नतीजों के साथ 130 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के भारी-भरकम फाइनल डिविडेंड का ऐलान किया है। खास बात यह है कि इसमें 50 रुपये प्रति शेयर का स्पेशल डिविडेंड भी शामिल है, जिसे बजाज ग्रुप की 100वीं वर्षगांठ के मौके पर घोषित किया गया है।
कंपनी ने यह जानकारी गुरुवार, 7 मई को शेयर बाजार को दी गई एक्सचेंज फाइलिंग में साझा की। डिविडेंड की घोषणा के बाद निवेशकों के बीच Bajaj Holdings चर्चा में आ गया है, क्योंकि यह हाल के समय में घोषित बड़े कॉरपोरेट डिविडेंड में शामिल माना जा रहा है।
कब मिलेगी डिविडेंड की रकम?
कंपनी के मुताबिक, डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट 30 जून 2026 तय की गई है। यानी जिन निवेशकों के नाम इस तारीख तक कंपनी के रिकॉर्ड में दर्ज होंगे, वही इस डिविडेंड के पात्र होंगे। वहीं, डिविडेंड का भुगतान 5 अगस्त 2026 या उससे पहले शेयरधारकों के खातों में कर दिया जाएगा। हालांकि, यह डिविडेंड कंपनी की 81वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) में शेयरधारकों की मंजूरी के बाद अंतिम रूप से लागू होगा। AGM का आयोजन 31 जुलाई 2026 को किया जाएगा।
100 साल पूरे होने पर स्पेशल डिविडेंड
Bajaj Group भारतीय इंडस्ट्री जगत के सबसे पुराने और बड़े बिजनेस ग्रुप में गिना जाता है। ऐसे में समूह के 100 साल पूरे होने पर कंपनी ने शेयरधारकों को अतिरिक्त लाभ देने का फैसला लिया है। घोषित 130 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड में 80 रुपये रेगुलर फाइनल डिविडेंड और 50 रुपये स्पेशल डिविडेंड शामिल है।
चौथी तिमाही में उछला मुनाफा
मार्च 2026 तिमाही में Bajaj Holdings का प्रदर्शन मुनाफे के मोर्चे पर काफी मजबूत रहा। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर करीब 49 फीसदी बढ़कर 2,575 करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह आंकड़ा 1,726 करोड़ रुपये था। हालांकि, कंपनी की रेवेन्यू में गिरावट दर्ज की गई। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी की इनकम घटकर करीब 61 करोड़ रुपये रही, जबकि एक साल पहले यह 145 करोड़ रुपये थी। यानी रेवेन्यू में करीब 58 फीसदी की कमी आई।
बोर्ड में हुए अहम बदलाव
कंपनी के बोर्ड ने अरिंदम भट्टाचार्य को दूसरी बार नॉन-एग्जीक्यूटिव इंडिपेंडेंट डायरेक्टर के तौर पर पुनर्नियुक्त करने को भी मंजूरी दी है। उनका नया कार्यकाल 17 सितंबर 2026 से लगातार पांच वर्षों के लिए प्रभावी होगा। हालांकि, इसके लिए आगामी AGM में शेयरधारकों की विशेष प्रस्ताव के जरिए मंजूरी आवश्यक होगी।
यह भी पढ़ें- BSE Q4 Result: नतीजों से पहले रॉकेट बने शेयर, नए 52-वीक हाई पर पहुंचा स्टॉक; 5 साल में 5000% का मल्टीबैगर रिटर्न
शेयर पर कैसा रहा असर?
डिविडेंड और तिमाही नतीजों के बावजूद कंपनी के शेयर में कारोबारी सत्र के दौरान मामूली दबाव देखने को मिला। गुरुवार, 7 मई को Bajaj Holdings & Investment का शेयर करीब 0.14 फीसदी की गिरावट के साथ 10,597 रुपये पर कारोबार करता हुआ बंद हुआ। पिछले 1 महीने में स्टॉक का भाव 17 फीसदी तक बढ़ा है। वहीं, 6 महीने के दौरान स्टॉक का भाव 18 फीसदी से ज्यादा टूटा है। लॉन्ग टर्म में स्टॉक ने अच्छा प्रदर्शन किया है। 3 साल में 55 फीसदी तो 5 साल में 207 फीसदी का रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 1,18,131 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। स्टॉक अपने 52-वीक हाई (14,763 रुपये) से काफी नीचे ट्रेड कर रहा है।
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।

Leave a Reply