Dividend Stocks: एनर्जी कंपनी का मुनाफा 72 फीसदी बढ़ा, निवेशकों के लिए डिविडेंड का ऐलान
KP Energy Ltd ने गुरुवार को शेयर बाजार बंद होने के बाद मार्च 2026 में समाप्त तिमाही के नताजों का ऐलान कर दिया है। कंपनी ने एक्सचेंज को दी जानकारी में कहा कि मार्च तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 57.5 फीसदी बढ़कर 632 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 401 करोड़ रुपये था। कंपनी का मुनाफा भी शानदार बढ़त के साथ 72 फीसदी उछलकर 79 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले यह 46 करोड़ रुपये था। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि मार्च तिमाही के दौरान EBITDA 86 फीसदी बढ़कर 131 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो एक साल पहले इस तिमाही में 70 करोड़ रुपये था। वहीं EBITDA मार्जिन भी बढ़कर 20.7 फीसदी हो गया, जो एक साल पहले इस तिमाही में 17.5 फीसदी पर था।
केपी एनर्जी लिमिटेड विंड एनर्जी के क्षेत्र में काम करने वाली भारतीय कंपनी है। यह गुजरात स्थित ‘केपी ग्रुप’ का हिस्सा है और रिन्यूएबल एनर्जी के लिए बुनियादी ढांचा तैयार करती है। कंपनी के प्रमुख कार्यों में विंड फार्म डेवलपमेंट भी शामिल है। कंपनी इंजीनियरिंग, खरीद, निर्माण और कमीशनिंग (EPCC) से जुड़ी सेवाएं प्रदान करती है, यानी प्रोजेक्ट की योजना से लेकर उसे शुरू करने तक की पूरी जिम्मेदारी निभाती है।
डिविडेंड का ऐलान
कंपनी ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 के लिए निवेशकों को 5 फीसदी फाइनल डिविडेंड का ऐलान किया गया है। कंपनी ने 5 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 0.25 रुपये (25 पैसे) डिविडेंड देने का ऐलान किया है। हालांकि डिविडेंड के भुगतान के लिए कंपनी की आगामी AGM में शेयरधारकों की मंजूरी आवश्यक होगी।
शेयर का प्रदर्शन
कंपनी का शेयर गुरुवार को 0.086 फीसदी की तेजी के साथ 407.80 रुपये पर बंद हुआ। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयर में 41.43 फीसदी की तेजी देखने को मिली है। पिछले एक साल में कंपनी के शेयर में 13.28 फीसदी की तेजी देखने को मिली है।

Leave a Reply