कमाई का सीजन शुरू, लेकिन 40 से अधिक कंपनियों पर ब्रोकरेज अलर्ट! Airtel से Trent तक किसका कितना घट सकता है मुनाफा?
Q1 Results – Earnings Season: जून तिमाही (Q1FY27) के नतीजों का सीजन आज TCS के तिमाही नतीजों के साथ शुरू होने वाला है, लेकिन इस बार कई दिग्गज कंपनियों के लिए तस्वीर उतनी मजबूत नहीं दिख रही। ब्रोकरेज हाउस Motilal Oswal की लेटेस्ट रिपोर्ट India Strategy मुताबिक, Airtel, IndiGo, HAL, Trent, HPCL, DLF, Cipla समेत 44 कंपनियों के मुनाफे में सालाना आधार पर दोहरे अंक की गिरावट आ सकती है। रिपोर्ट का कहना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, कच्चे तेल और गैस की ऊंची कीमतों, चुनिंदा सेक्टरों में कमजोर मांग और लागत बढ़ने से इस तिमाही में कॉरपोरेट कमाई पर दबाव रहेगा।
हालांकि, ब्रोकरेज का मानना है कि यह दबाव फिलहाल निकट अवधि तक सीमित हो सकता है और लंबी अवधि में भारतीय कंपनियों की आय वृद्धि का ट्रेंड मजबूत बना हुआ है।
पिछली दो तिमाहियों के मुकाबले धीमी रह सकती है कमाई
Motilal Oswal का अनुमान है कि उसके कवरेज वाले शेयरों का कुल मुनाफा जून तिमाही में करीब 10% बढ़ेगा। यह पिछली दो तिमाहियों में दर्ज 18% और 15% की ग्रोथ से काफी कम है। फाइनेंशियल कंपनियों को छोड़ दें तो मुनाफे की वृद्धि 9% रहने का अनुमान है। रिपोर्ट में कहा गया है कि बड़े शेयरों (Largecaps) की कमाई सबसे ज्यादा प्रभावित हो सकती है, जहां लाभ वृद्धि केवल 7% रहने का अनुमान है। इसके मुकाबले मिडकैप कंपनियों का मुनाफा 25% और स्मॉलकैप कंपनियों का 18% बढ़ने का अनुमान है।
कच्चे तेल की तेजी ने बढ़ाई कंपनियों की मुश्किल
ब्रोकरेज के अनुसार, ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण कच्चे तेल और गैस की कीमतों में आई तेजी ने बाजार की धारणा बदल दी है। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए आयातित कच्चे तेल पर काफी निर्भर है और इसका बड़ा हिस्सा होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर आता है। ऐसे में तेल महंगा होने से महंगाई, रुपये और कंपनियों के मार्जिन पर दबाव बढ़ने की आशंका है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इसी वजह से FY26 और FY27 के लिए आय अनुमान (Earnings Estimates) में भी कटौती की गई है।
किन कंपनियों के मुनाफे में सबसे ज्यादा गिरावट का अनुमान?
ब्रोकरेज के अनुमान के मुताबिक एयरलाइन सेक्टर में InterGlobe Aviation (IndiGo) का मुनाफा करीब 30% घट सकता है। ऑटो सेक्टर में Hyundai Motor India के मुनाफे में 27% और Tata Motors के कमर्शियल व्हीकल कारोबार में 14% की गिरावट का अनुमान है।
डिफेंस और कैपिटल गुड्स में HAL का मुनाफा 33%, Zen Technologies का 47% और KEC International का 23% घट सकता है। सीमेंट सेक्टर में Dalmia Bharat (39%), JK Lakshmi Cement (35%), ACC (16%), Ambuja Cements (13%) और Shree Cement (11%) के मुनाफे पर दबाव रहने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: Juniper Green Energy IPO: 2,000 करोड़ रुपये का हो सकता है इश्यू, SEBI के पास जल्द अपडेटेड ड्राफ्ट दाखिल करेगी कंपनी
बैंक, हेल्थकेयर और टेलीकॉम भी अछूते नहीं
बैंकिंग सेक्टर में IDFC First Bank के मुनाफे में 47% और Union Bank of India में 10% की गिरावट का अनुमान है। हेल्थकेयर में Blue Jet Healthcare (62%), Biocon (44%), Cipla (33%), Zydus Lifesciences (29%), Torrent Pharma (12%) और Piramal Pharma (11%) की कमाई कमजोर रह सकती है।
टेलीकॉम सेक्टर में Bharti Airtel का मुनाफा 31% और Vodafone Idea का 32% घटने का अनुमान है। वहीं रिटेल सेक्टर की Trent में भी 14% की गिरावट का अनुमान लगाया गया है।
ऑयल-गैस सेक्टर सबसे ज्यादा दबाव में
रिपोर्ट के अनुसार, ऑयल और गैस कंपनियों पर सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। Gujarat Gas के मुनाफे में 97%, Mahanagar Gas में 66%, GAIL में 49%, Indraprastha Gas में 45%, HPCL में 31% और Petronet LNG में 24% तक की गिरावट का अनुमान है। बढ़ती इनपुट लागत और सीमित मार्जिन इस सेक्टर की सबसे बड़ी चुनौती बने हुए हैं।
ये भी पढ़ें: Titan vs Kalyan Jewellers vs PN Gadgil: किस गोल्ड स्टॉक में होगी ज्यादा कमाई? बिजनेस अपडेट के बाद ब्रोकरेज ने दिया फ्रेश टारगेट
लंबी अवधि को लेकर अब भी सकारात्मक है ब्रोकरेज
हालांकि जून तिमाही चुनौतीपूर्ण रहने की उम्मीद है, लेकिन Motilal Oswal का मानना है कि भारतीय बाजार की बुनियादी स्थिति अब पहले के मुकाबले बेहतर हो रही है। ब्रोकरेज ने FY26 से FY28 के दौरान अपने कवरेज वाले शेयरों और निफ्टी की आय में करीब 16% CAGR की वृद्धि का अनुमान बरकरार रखा है। उसका मानना है कि घरेलू निवेशकों का मजबूत समर्थन, सरकारी नीतियां और भू-राजनीतिक तनाव कम होने पर विदेशी निवेश की वापसी बाजार को आगे सहारा दे सकती है।
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।

Leave a Reply