कल का मौसम 14 मई: इन राज्यों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट, बिहार से बंगाल तक इन इलाकों में 60kmph स्पीड वाले थंडरस्क्वॉल का खतरा
Kal Ka Mausam May 14: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा नाइट वेदर बुलेटिन में देश के कई राज्यों के लिए भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। 14 मई 2026 को उत्तर-पूर्व भारत के राज्यों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है, वहीं बिहार, झारखंड और बंगाल के कुछ हिस्सों में 60 किमी/घंटा की रफ्तार वाले थंडरस्क्वॉल (प्रचंड तूफान) का खतरा मंडरा रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने वेल-मार्क्ड कम दबाव के क्षेत्र के कारण मानसून की प्रगति के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो गई हैं। इसके असर से 16 मई तक मानसून के अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में पहुंचने की उम्मीद है। इससे पहले 14 मई को देश के कई राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियों के चलते भारी बारिश और तूफान की स्थिति बनी रहेगी।
पूर्वोत्तर भारत: मूसलाधार बारिश का अलर्ट
14 मई को उत्तर-पूर्व के राज्यों में बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा-
असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश: इन राज्यों के अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।
नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा: यहां भी 14 मई को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार, झारखंड और बंगाल: 60kmph का थंडरस्क्वॉल
पूर्वी भारत के राज्यों में 14 मई को आसमान से आफत बरस सकती है:
झारखंड: 14 मई को यहां 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने वाले झोंकेदार तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
बिहार और पश्चिम बंगाल: इन दोनों राज्यों के साथ-साथ उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और भारी बारिश होने के आसार हैं। बिहार में 16 मई को तूफान और तेज होने की उम्मीद है।
नेशनल वेदर फोरकास्टिंग सेंटर से जारी 14 मई का पूरे देश का वेदर मैप यहां नीचे देखिए।
दक्षिण भारत: तूफान और बारिश की दोहरी मार
कर्नाटक: तटीय और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में कल 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से थंडरस्क्वॉल आने की संभावना है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश हो सकती है।
केरल और तमिलनाडु: केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराइकल के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट है।
उत्तर-पश्चिम भारत: आंधी और गर्मी का मिला-जुला असर
दिल्ली, हरियाणा और पंजाब: यहां 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
पहाड़ी राज्य: उत्तराखंड में 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जबकि हिमाचल प्रदेश में बिजली कड़कने के साथ हल्की वर्षा की संभावना है।
भीषण गर्मी और लू की चेतावनी
जहां एक ओर बारिश का अलर्ट है, वहीं दूसरी ओर मध्य और पश्चिमी भारत भीषण गर्मी की चपेट में रहेगा:
राजस्थान और मध्य प्रदेश: पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में ‘सीवियर हीट वेव’ (भीषण लू) की स्थिति बनी रहेगी।
गुजरात और महाराष्ट्र: गुजरात राज्य, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में लू चलने का पूर्वानुमान है।
गर्म रातें: मारवाड़, राजस्थान और विदर्भ में रातें भी काफी गर्म रहने वाली हैं।
मछुआरों के लिए विशेष अलर्ट
बंगाल की खाड़ी के मध्य और अंडमान सागर में 40-50 किमी/घंटा से लेकर 60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। IMD ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे 18 मई तक अंडमान सागर और उससे सटे बंगाल की खाड़ी के इलाकों में न जाएं।
Leave a Reply