Mumbai Family Death Case: मुंबई के एक सरकारी अस्पताल के माइक्रोबायोलॉजी विभाग की शुरुआती रिपोर्ट में कहा गया है कि हाल ही में तरबूज खाने के बाद जिन एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हुई थी, उनके शरीर में किसी भी तरह का “बैक्टीरियल इंफेक्शन” नहीं मिला है। इसकी जानकारी अधिकारियों ने बुधवार को दी।
इस्माइल कुर्ते रोड स्थित घारी मोहल्ला में रहने वाले डोकाडिया परिवार ने 25 अप्रैल की रात को रिश्तेदारों के लिए एक पार्टी आयोजित की थी। मेहमानों के जाने के कुछ घंटों बाद, 26 अप्रैल की रात लगभग 1 बजे, अब्दुल्ला डोकाडिया (40), उनकी पत्नी नसरीन (35), और बेटियां आयशा (16) और जैनब (13) ने तरबूज के टुकड़े खाए।
26 अप्रैल की सुबह तड़के उन्हें उल्टी और दस्त के गंभीर दौरे पड़े और उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जिसके बाद उन्हें सरकारी जे जे अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई।
अधिकारियों ने लिए सैंपल
घटना के बाद, मुंबई पुलिस, फोरेंसिक टीम और फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) के अधिकारियों ने घर का दौरा किया और परिवार के अंतिम भोजन में शामिल सभी खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए, जिनमें चिकन पुलाव, तरबूज, पानी और अन्य खाद्य पदार्थ शामिल थे, और उन्हें विश्लेषण के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब में भेज दिया।
मृतकों के पोस्टमार्टम के बाद, उनके आंतरिक अंगों को केमिकल जांच के लिए सुरक्षित रख लिया गया।
फिलहाल, जांच जारी है और सरकारी जे जे अस्पताल के माइक्रोबायोलॉजी विभाग ने पुलिस को अपनी शुरुआती रिपोर्ट सौंप दी है।
अधिकारी ने दी जानकारी
एक अधिकारी ने बताया, “रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ितों के शवों में अभी तक किसी भी तरह का बैक्टीरियल इंफेक्शन नहीं मिला है। उनके खून में भी कोई बैक्टीरिया नहीं पाया गया।”
उन्होंने आगे कहा कि फॉरेंसिक साइंस लैब की रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का सटीक कारण पता चलेगा। अधिकारी ने कहा, “रिपोर्ट से यह भी पता चलेगा कि क्या परिवार के सदस्यों द्वारा दिन भर में खाए गए चीजों में कोई जहरीला पदार्थ था।”
यह भी पढ़ें: ‘बाइक से आए और प्वाइंट ब्लैंक रेंज से की फायरिंग’, सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या मामले में चश्मदीद का बड़ा खुलासा

Leave a Reply