दमदार तिमाही नतीजों के बाद रॉकेट हुआ 100 रुपये से सस्ता ये बैंकिंग स्टॉक, इंट्राडे में 10% की बड़ी छलांग
IDFC First Bank Share: प्राइवेट सेक्टर के IDFC First Bank के शेयर सोमवार को बाजार में जोरदार तेजी के साथ कारोबार करते दिखे। बैंक के जून तिमाही (Q1 FY27) के नतीजे उम्मीद से बेहतर रहे, जिसके बाद निवेशकों ने शेयर में जमकर खरीदारी की। कारोबार के दौरान बैंक का शेयर करीब 10% उछलकर ₹88.76 तक पहुंच गया। बैंक ने अप्रैल-जून तिमाही में ₹1,075 करोड़ का अब तक का सबसे बड़ा तिमाही शुद्ध मुनाफा (PAT) दर्ज किया, जो पिछले साल की समान अवधि के ₹463 करोड़ की तुलना में 132.4% अधिक है।
NII और मार्जिन में मजबूत सुधार
बैंक की आय में भी मजबूत बढ़ोतरी देखने को मिली। जून तिमाही में नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) सालाना आधार पर 21.1% बढ़कर ₹5,972.3 करोड़ रही, जबकि पिछले साल यह ₹4,933 करोड़ थी।
इसके साथ ही बैंक का नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) भी बेहतर हुआ। Q1 FY27 में NIM बढ़कर 5.96% पर पहुंच गया, जो एक साल पहले 5.71% था। यानी इसमें 25 बेसिस प्वाइंट्स का सुधार हुआ। हालांकि तिमाही आधार पर यह सुधार केवल 3 बेसिस प्वाइंट्स का रहा। बैंक प्रबंधन का अनुमान है कि पूरे वित्त वर्ष के दौरान NIM करीब 5.8% के आसपास रह सकता है।
एसेट क्वालिटी में भी दिखा सुधार
बैंक की बैलेंस शीट भी पहले से ज्यादा मजबूत नजर आई। जून 2026 के अंत तक ग्रॉस एनपीए (Gross NPA) घटकर 1.51% रह गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 1.97% था। यानी सालाना आधार पर 45 बेसिस प्वाइंट्स का सुधार दर्ज किया गया। तिमाही आधार पर भी Gross NPA में 10 बेसिस प्वाइंट्स की कमी आई है।
हालांकि बैंक ने यह भी बताया कि माइक्रोफाइनेंस (MFI) पोर्टफोलियो के संबंध में उसे CGFMU योजना के तहत ₹514.8 करोड़ के क्लेम प्राप्त हुए हैं, जिसे तिमाही के दौरान दर्ज किया गया।
ब्रोकरेज की क्या है राय?
बेहतर नतीजों के बाद ब्रोकरेज हाउसों ने भी बैंक पर अपनी राय जारी की है। Emkay Global ने शेयर पर ‘ADD’ रेटिंग बरकरार रखते हुए ₹85 का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज का कहना है कि मजबूत NII, बेहतर फीस इनकम और कम प्रावधानों की वजह से बैंक का परिचालन प्रदर्शन मजबूत रहा है। आने वाले वर्षों में कम प्रावधान और बेहतर रिटर्न ऑन एसेट (ROA) से प्रदर्शन और सुधर सकता है।
ये भी पढ़ें: Railway Stock: 6 महीने में 131% रिटर्न देने वाली कंपनी को रेलवे से मिला 120 करोड़ रुपये का ठेका, शेयर ने भरी रफ्तार
वहीं Motilal Oswal ने शेयर पर ‘Neutral’ रेटिंग बनाए रखते हुए ₹90 का टारगेट प्राइस तय किया है। ब्रोकरेज के मुताबिक बैंक का ऑपरेटिंग प्रदर्शन मजबूत रहा और एसेट क्वालिटी में सुधार भी देखने को मिला। हालांकि बैंक को आयकर रिफंड पर मिले ब्याज और ट्रेजरी गेन जैसे कुछ एकमुश्त लाभ भी मिले, जिनका असर नतीजों में दिखाई दिया।
लोन और डिपॉजिट ग्रोथ रही मजबूत
बैंक के लिए एक और सकारात्मक संकेत यह रहा कि डिपॉजिट ग्रोथ मजबूत बनी रही। CASA डिपॉजिट्स में अच्छी बढ़ोतरी और सर्टिफिकेट ऑफ डिपॉजिट्स (CDs) के जरिए फंड जुटाने से जमा आधार मजबूत हुआ। वहीं रिटेल लोन सेगमेंट में लगातार अच्छी मांग और होलसेल लोन बिजनेस में सुधार की वजह से कुल लोन ग्रोथ भी मजबूत रही।
ये भी पढ़ें: Juniper Green Energy IPO: 30 जुलाई से खुलेगा 1,800 करोड़ रुपये का आईपीओ, 214-225 रुपये का प्राइस बैंड तय
मजबूत तिमाही नतीजों, बेहतर एसेट क्वालिटी और स्थिर ग्रोथ आउटलुक के चलते फिलहाल निवेशकों की नजर IDFC First Bank पर बनी हुई है। हालांकि आगे शेयर की चाल काफी हद तक ब्याज मार्जिन, क्रेडिट ग्रोथ और प्रावधानों के रुझान पर निर्भर करेगी।
(Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।)

Leave a Reply