मानसून में बिना धूप के इन हैक्स से घर में ही सुखाएं कपड़े, नहीं आएगी सीलन की बदबू!
मानसून के मौसम में लगातार बारिश और नमी के कारण कपड़े धोना और सुखाना काफी मुश्किल हो जाता है। कई बार कपड़े देर से सूखने के साथ उनमें सीलन की बदबू भी आने लगती है। ऐसे में कुछ आसान टिप्स अपनाकर आप कपड़ों को जल्दी सुखाने और उन्हें लंबे समय तक फ्रेश रख सकते हैं:
हैंगर का यूज करें
टी-शर्ट, शर्ट, कुर्ता और ड्रेस जैसे कपड़ों को रस्सी की बजाय हैंगर पर सुखाने से हवा चारों तरफ से लगती है। इससे कपड़े जल्दी सूखते हैं और उनकी फिटिंग भी बनी रहती है। साथ ही बाद में प्रेस करने की जरूरत भी कम पड़ती है।
मोटे और हल्के कपड़े अलग रखें
जींस, तौलिया और कंबल जैसे कपड़ों में नमी ज्यादा रहती है। इन्हें हल्के कपड़ों के साथ सुखाने पर दोनों के सूखने में ज्यादा समय लगता है। इसलिए बेहतर होगा कि इन्हें अलग-अलग सुखाया जाए।
टॉवल से एक्सेस मॉइस्चर हटाएं
अगर कपड़े बहुत ज्यादा गीले हैं, तो उन्हें सूखे टॉवल में लपेटकर हल्के हाथों से दबाएं। टॉवल एक्सेस पानी सोख लेता है, जिससे कपड़े तेजी से सूखने लगते हैं। यह तरीका नाजुक और छोटे कपड़ों के लिए भी काफी उपयोगी है।
हवा का बहाव बढ़ाने के लिए पंखा चलाएं
धूप न होने पर पंखा कपड़े सुखाने में बड़ी मदद करता है। कपड़ों के सामने पंखा चलाने से लगातार हवा मिलती रहती है, जिससे नमी जल्दी उड़ जाती है। इससे कपड़ों में सीलन की गंध भी नहीं आती।
कपड़ों को पास-पास न टांगें
अगर सभी कपड़े एक साथ सटाकर टांग दिए जाएं, तो एयरफ्लो रुक जाता है। हर कपड़े के बीच थोड़ी दूरी रखने से वे जल्दी सूखते हैं। यह तरीका खासकर मोटे कपड़ों के लिए ज्यादा असरदार है।
कपड़ों को उल्टा करके सुखाएं
मोटे कपड़ों को अंदर की तरफ से नमी निकालने के लिए उन्हें उल्टा करके सुखाना बेहतर होता है। इससे उनकी इनर लेयर भी अच्छी तरह सूख जाती है। जींस, जैकेट और हुडी के लिए यह तरीका काफी फायदेमंद है।
एक्स्ट्रा स्पिन साइकिल चलाएं
कपड़े धोने के बाद वॉशिंग मशीन में एक एक्स्ट्रा स्पिन साइकिल चलाने से उनमें बचा हुआ पानी काफी हद तक निकल जाता है। जितनी कम नमी होगी, कपड़े उतनी ही जल्दी सूखेंगे। यह तरीका मॉनसून में बेहद कारगर साबित होता है।
हवादार जगह का चुने
बारिश के मौसम में कपड़ों को ऐसी जगह सुखाना सबसे बेहतर होता है, जहां एयरफ्लो अच्छा हो। बालकनी, खिड़की के पास या खुले कमरे में कपड़े टांगने से उनमें मौजूद नमी तेजी से कम होती है। इससे कपड़ों में सीलन और बदबू नहीं आती है।
हल्की नमी रहने पर प्रेस करें
अगर कपड़े लगभग सूख चुके हैं, लेकिन उनमें हल्की नमी बची है, तो उन पर प्रेस की जा सकती है। इससे बची हुई नमी खत्म हो जाती है और कपड़े तुरंत पहनने के लिए तैयार हो जाते हैं। यह तरीका केवल प्रेस किए जा सकने वाले कपड़ों पर ही अपनाएं।
गीले कपड़ों को मशीन में न छोड़ें
धुलाई पूरी होने के बाद कपड़ों को लंबे समय तक वॉशिंग मशीन में छोड़ने से उनमें सीलन और फफूंदी की बदबू आने लगती है। इसलिए कपड़े निकलते ही उन्हें सुखाने के लिए टांग दें। पूरी तरह सूखने के बाद ही उन्हें अलमारी में रखें।
घर की नमी कम रखें
बारिश के मौसम में घर के अंदर नमी बढ़ जाती है, जिससे कपड़े देर से सूखते हैं। ऐसे में एयर कंडीशनर या डीह्यूमिडिफायर का यूज करने से वातावरण सूखा रहता है। इससे कपड़े जल्दी सूखते हैं और उनमें सीलन की गंध भी नहीं आती।
Leave a Reply