stock-markett.online
मुश्किल दौर के बीच Air India करेगी छंटनी? टाउनहॉल में क्या डिटेल आई सामने

पाकिस्तान का एयरस्पेस बंद होने और अमेरिका-ईरान युद्ध से बुरी तरह प्रभावित एयर इंडिया (Air India) ने खर्च घटाने के उपाय अपनाए हैं। कंपनी के CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर कैंपबेल विल्सन ने कर्मचारियों से कहा है कि अगर मध्य-पूर्व के हालात नहीं सुधरे तो यह साल बहुत, बहुत मुश्किल होने वाला है। लेकिन फिर भी कंपनी छंटनी करने की तैयारी में नहीं है। लेकिन हां कर्मचारियों की सालाना वेतन वृद्धि (इंक्रीमेंट) रोकना उसके उपायों में जरूर शामिल है। एयर इंडिया ने कर्मचारियों से गैर-जरूरी खर्चों में कटौती करने को कहा है।

कंपनी इस वक्त घाटे में चल रही है। CEO विल्सन ने मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) संजय शर्मा और मुख्य मानव संसाधन अधिकारी (CHRO) रविंद्र कुमार GP के साथ शुक्रवार, 8 मई को एक टाउनहॉल में कर्मचारियों को संबोधित किया। इस दौरान खर्चों पर कड़ी नजर रखने की जरूरत पर जोर दिया गया। कहा गया कि बर्बादी और लीकेज को खत्म करने पर पूरी तरह से फोकस होना चाहिए।

मिडिल ईस्ट में जंग से जेट ईंधन की कीमतें बढ़ने और एयरस्पेस बंद होने से एयरलाइन के खर्च हाल के दिनों में तेजी से बढ़े हैं। जेट फ्यूल की कीमतों में 2.5 से 3 गुना बढ़ोतरी हो चुकी है। इसके अलावा रुपये में भी तेज गिरावट है। वित्त वर्ष 2026 में बाहरी अनिश्चितताओं के बढ़ने के बीच रेवेन्यू में नरमी देखने को मिली है। हालांकि विल्सन ने उम्मीद जताई है कि यात्रा की मांग फिर से बढ़ेगी और एविएशन इंडस्ट्री अपनी तरक्की की राह पर आगे बढ़ती रहेगी। Air India ने 2022 और 2025 के बीच अपने रेवेन्यू में लगभग 40 प्रतिशत CAGR (कंपाउंडेड एनुअल ग्रोथ रेट) से बढ़ोतरी देखी है। इस एयरलाइन को जनवरी 2022 में Tata Group ने सरकार से खरीदा था।

नहीं रुकेगा वेरिएबल पे

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, एयर इंडिया के CHRO रविंद्र कुमार ने कर्मचारियों से कहा कि एयरलाइन पिछले वित्तीय वर्ष के लिए वेरिएबल पे (प्रदर्शन-आधारित वेतन) का भुगतान करेगी। पहले से प्लान्ड प्रमोशन भी जारी रखेगी। लेकिन सालाना वेतन वृद्धि को कम से कम एक तिमाही के लिए टाला जाएगा। उन्होंने कहा, “हमें छंटनी की कोई आशंका नहीं है।” 7 मई को एयर इंडिया के बोर्ड की मीटिंग हुई थी। इस मीटिंग में खर्च बचाने के विभिन्न उपायों पर चर्चा की गई। इनमें संभावित रूप से कर्मचारियों को कुछ समय के लिए बिना वेतन वाली छुट्टी पर भेजना भी शामिल था। एयरलाइन में लगभग 24,000 कर्मचारी हैं।

CEO विल्सन ने कहा कि अगर महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खुल जाता है, तेल की कीमतें गिरती हैं, और ग्राहकों के साथ-साथ कारोबारियों का भरोसा भी लौट आता है, तो हालात में ठोस सुधार की काफी गुंजाइश है। आगे कहा कि जब तक सुधार वाले हालात नहीं बनते, तब तक यह साल बहुत-बहुत मुश्किल रहने वाला है।

एयरलाइन चलाने के लिहाज से अभी बहुत अच्छा माहौल नहीं

पाकिस्तान का एयरस्पेस बंद होने से पश्चिम की ओर जाने वाली किसी भी उड़ान के मामले में प्लेन को लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। Air India के CEO ने कहा, “हर एयरलाइन यह बता रही है कि फ्यूल की बढ़ती कीमतों और आर्थिक अनिश्चितता के कारण उन पर किसी न किसी तरह का आर्थिक दबाव बना हुआ है। इसलिए, बदकिस्मती से एयरलाइन चलाने के लिहाज से यह कोई बहुत अच्छा माहौल नहीं है।” एयर इंडिया ग्रुप में एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस शामिल हैं। एयर इंडिया के पास वर्तमान में लगभग 190 विमान हैं और कंपनी हर सप्ताह करीब 8,000 उड़ानें संचालित करती है।

Leave a Reply

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *