Akshaya Tritiya 2026 Buying Gold: तो इसलिए अक्षय तृतीया पर सोना खरीदना मानते हैं शुभ, जानें अक्षय तृतीया पर सोना खरीदने का क्या है मुहूर्त
Last Updated on April 17, 2026 22:23, PM by Pawan
Akshaya Tritiya 2026 Buying Gold: अक्षय तृतीया का पर्व वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाया जाता है। माना जाता है कि इस दिन अर्जित पुण्य कर्मों का फल कभी खत्म नहीं होता है, इसलिए इसे अक्षय तृतीया कहते हैं। इस तिथि को अबूझ मुहूर्त भी मानते हैं, क्योंकि इस दिन कोई भी शुभ या नया काम करने के लिए मुहूर्त देखने की जरूरत नहीं होती है।
इस दिन को लोग मांगलिक कार्य के अलावा नया काम करने के लिए भी शुभ माना जाता है। इसलिए लोग नया घर, नई गाड़ी या नया कारोबार शुरू करने के लिए इस तिथि को चुनते हैं। यह साल की सबसे पावन और प्रभावशाली तिथियों में से एक मानी जाती है। इस दिन किसी भी रूप में सोना खरीदने की भी मान्यता है। लेकिन इसका कारण बहुत से लोग नहीं जानते हैं। आइए जानें इस दिन सोना खरीदने का धार्मिक और व्यावहारिक कारण क्या है?
कब है अक्षय तृतीया?
इस साल वैशाख माह शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि 19 अप्रैल को सुबह 10:49 बजे शुरू होकर 20 अप्रैल को सुबह 07:27 बजे समापत होगी। इस साल अक्षय तृतीया 19 अप्रैल को होगी।
अक्षय तृतीया पर सोना खरीदने का शुभ समय
रविवार, 19 अप्रैल, 2026 को सुबह 10:49 बजे से 20 अप्रैल को प्रात:काल 05:51 बजे तक
सोना खरीदने का धार्मिक महत्व
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, अक्षय तृतीया पर आप जो भी स्नान, दान, पूजा, पाठ या शुभ कर्म करते हैं तो आपको उसका अक्षय पुण्य मिलता है। यह पुण्य कभी खत्म नहीं होता है। अक्षय तृतीया का अर्थ है, वह तृतीया तिथि, जिसका क्षय यानी नाश न हो। सनातन धर्म में माता लक्ष्मी धन, वैभव और ऐश्वर्य की देवी हैं।
भौतिक जीवन में सोना, चांदी, मकान या अन्य प्रॉपर्टी को माता लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है। जिसके पास ये सब चीजें होती हैं, उसे माना जाता है कि उस पर साक्षात् माता लक्ष्मी की कृपा है। सोना एक कीमती धातु है और इसे समृद्धि का प्रतीक मानते हैं।
अक्षय तृतीया पर सोना, चांदी, मकान, कार या अन्य प्रॉपर्टी अर्जित करते हैं, ताकि भौतिक लक्ष्मी उनके पास सदैव रहें, उसमें कमी न हो। इस वजह से लोग अक्षय तृतीया पर लक्ष्मी स्वरूप सोना खरीदते हैं, ताकि उनके घर में सुख और समृद्धि आए।
सोना खरीदने का आर्थिक कारण भी है
सोना एक कीमती वस्तु है। लोग अक्षय तृतीया हो या धनतेरस, इन दोनों मौकों पर सोना या सोने के आभूषण खरीदते हैं, ताकि उनके पास एक ऐसी पूंजी रहे, जो खराब समय में उनके काम आ सके। सोना खरीदने का एक फायदा यह भी है इसकी कीमत हमेशा बढ़ती है।
अक्षय तृतीया पर सोने के अलावा क्या खरीदें?
अक्षय तृतीया के दिन सोना खरीदना शुभ है लेकिन सोने के दाम आसमान छू रहे हैं। इसलिए धार्मिक दृष्टि से अक्षय तृतीया पर माता लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए सोने के अलावा पीतल, तांबा, साबुत धनिया, गोमती चक्र, झाड़ू, श्रीयंत्र आदि खरीद सकते हैं। इनका संबंध माता लक्ष्मी और कुबेर से है।
