stock market
ICICI Bank Q4 Results: मार्च तिमाही में मुनाफा 8% बढ़ा, एसेट क्वालिटी और सुधरी

ICICI Bank Q4 Results: मार्च तिमाही में मुनाफा 8% बढ़ा, एसेट क्वालिटी और सुधरी

Last Updated on April 18, 2026 15:39, PM by Pawan

ICICI Bank March Quarter Results: प्राइवेट सेक्टर के ICICI Bank ने जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। तिमाही के दौरान बैंक का स्टैंडअलोन शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर लगभग 8.5 प्रतिशत बढ़कर 13701.68 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 12629.58 करोड़ रुपये था। बैंक की कुल इनकम एक साल पहले से लगभग 2 प्रतिशत बढ़कर 50584.38 करोड़ रुपये हो गई। मार्च 2025 तिमाही में यह 49690.87 करोड़ रुपये थी।

ICICI Bank ने शेयर बाजारों को बताया कि मार्च 2026 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर उसकी कुल ब्याज आय 43275.39 करोड़ रुपये की रही। एक साल पहले यह 42430.80 करोड़ रुपये थी। वित्त वर्ष 2026 के दौरान बैंक की कुल स्टैंडअलोन इनकम 200,703.68 करोड़ रुपये रही। शुद्ध मुनाफा 50146.64 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

NPA में दिखा सुधार

मार्च 2026 तिमाही में ICICI Bank की एसेट क्वालिटी में और सुधार देखा गया। ग्रॉस NPA (Non-Performing Assets) रेशियो 1.40 प्रतिशत रहा। एक साल पहले यह 1.67 प्रतिशत था। नेट NPA रेशियो भी सालाना आधार पर कम होकर 0.33 प्रतिशत पर आ गया। मार्च 2025 तिमाही में यह 0.39 प्रतिशत था।

डिविडेंड पर भी लगी मुहर

ICICI Bank के बोर्ड ने 18 अप्रैल की मीटिंग में 12 रुपये प्रति शेयर के डिविडेंड को भी मंजूरी दी। इस पर बैंक की सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। अभी रिकॉर्ड डेट तय नहीं की गई है। रिकॉर्ड डेट तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे डिविडेंड के हकदार होंगे।