stock market
HDFC Bank Dividend: नतीजों के साथ ₹13 डिविडेंड का ऐलान, मुनाफे में 9.1% का उछाल | Q4 Results FY 2026

HDFC Bank Dividend: नतीजों के साथ ₹13 डिविडेंड का ऐलान, मुनाफे में 9.1% का उछाल | Q4 Results FY 2026

Last Updated on April 18, 2026 15:45, PM by Pawan

HDFC Bank Dividend, Q4 Results FY 2026: देश के सबसे बड़े निजी क्षेत्र के ऋणदाता, एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के लिए अपने शानदार वित्तीय नतीजों की घोषणा कर दी है। बैंक ने शनिवार को बोर्ड मीटिंग के बाद बताया कि 31 मार्च, 2026 को समाप्त हुई तिमाही में उसका शुद्ध लाभ नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 9.1 फीसदी बढ़कर 19,221.1 करोड़ रुपये हो गया है। जबकि पिछले वर्ष की समान तिमाही में बैंक ने 17,616.1 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था।

तिमाही नतीजों के साथ बैंक ने अपने शेयरहोल्डर्स के लिए 13 रुपये डिविडेंड का भी ऐलान किया है। इसके साथ ही, बैंक ने शेयरहोल्डर्स की पात्रता सुनिश्चित करने के लिए रिकॉर्ड डेट भी बता दी है।

HDFC Bank Q4 Results FY 2026

पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बैंक का प्रदर्शन बेहद मजबूत रहा है। बैंक का नेट प्रॉफिट 10.9 फीसदी की वृद्धि के साथ 74,671.3 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। इस दौरान बैंक की कुल आय 3,70,054.7 करोड़ रुपये दर्ज की गई, जो पिछले वित्त वर्ष के 3,46,149.3 करोड़ रुपये के मुकाबले उल्लेखनीय बढ़त दर्शाती है।

शेयरधारकों के लिए डिविडेंड की सौगात

बैंक के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने अपने निवेशकों के लिए 13 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के फाइनल डिविडंड की सिफारिश की है। इससे पहले अगस्त 2025 में बैंक 2.50 रुपये का स्पेशल अंतरिम डिविडेंड दे चुका है। इस प्रकार, वित्त वर्ष 2026 के लिए कुल डिविडेंड 15.50 रुपये प्रति शेयर हो गया है।

पढ़ें: HDFC Life और HDFC AMC के शेयरों में निवेश का मौका, मोतीलाल ओसवाल ने 19 से 20% रिटर्न का लगाया अनुमान

HDFC Bank Dividend Record Date

डिविडेंड के लिए पात्रता निर्धारित करने की रिकॉर्ड डेट 19 जून, 2026 तय की गई है। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया, “इस डिविडेंड के हकदार सदस्यों की पात्रता तय करने के लिए रिकॉर्ड डेट शुक्रवार, 19 जून, 2026 होगी।”

Highlights: पूरे वित्त वर्ष (FY26) का लेखा-जोखा

शुद्ध ब्याज आय (NII): मार्च तिमाही में बैंक की शुद्ध ब्याज आय 3.2 फीसदी बढ़कर 33,080 करोड़ रुपये रही।

नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM): बैंक का NIM कुल संपत्तियों पर 3.38 फीसदी और ब्याज अर्जित करने वाली संपत्तियों के आधार पर 3.53 फीसदी रहा।

अन्य आय: तिमाही के दौरान गैर-ब्याज राजस्व 13,200 करोड़ रुपये रहा, जिसमें मुख्य हिस्सा फीस और कमीशन (9,220 करोड़ रुपये) का रहा।

पूंजी पर्याप्तता अनुपात: बेसल III दिशानिर्देशों के अनुसार बैंक का CAR 19.7 फीसदी के मजबूत स्तर पर है।

एसेट क्वालिटी में सुधार: बैंक की संपत्ति की गुणवत्ता में निरंतर सुधार देखा गया है।

ग्रॉस एनपीए (GNPA): कुल अग्रिमों का 1.15 फीसदी रहा, जो पिछले साल मार्च में 1.33 फीसदी था।

नेट एनपीए (NNPA): यह घटकर महज 0.38 फीसदी रह गया है।

क्रेडिट कॉस्ट: कुल क्रेडिट कॉस्ट रेशियो तिमाही के लिए 0.35 फीसदी रहा।

पढ़ें: HDFC Bank Q4 results Preview: एसेट क्वालिटी में दिख सकता है सुधार-कैसे रह सकते हैं नेट इंटरेस्ट इनकम और मुनाफा

बैलेंस शीट और नेटवर्क विस्तार31 मार्च, 2026 तक एचडीएफसी बैंक की बैलेंस शीट का कुल आकार ₹43,649 बिलियन तक पहुंच गया है। बैंक की कुल जमा राशि में 14.4 फीसदी की वार्षिक वृद्धि हुई है। बैंक का डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क अब 9,689 शाखाओं और 21,172 एटीएम तक फैल चुका है, जो देश के 4,175 शहरों और कस्बों को कवर करता है।

सब्सिडियरी कंपनियों का प्रदर्शन

बैंक की प्रमुख सहायक कंपनियों ने भी मजबूत योगदान दिया। HDB फाइनेंशियल सर्विसेज का तिमाही मुनाफा 41.4 फीसदी वृद्धि के साथ 750 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। वहीं, HDFC लाइफ इंश्योरेंस का तिमाही शुद्ध लाभ 500 करोड़ रुपये रहा। इधर, HDFC AMC ने तिमाही के दौरान 620 करोड़ रुपये मुनाफा कमाया।