Second Chandra Grahan 2026: भारत में नहीं दिखेगा अगस्त का पूर्ण चंद्र ग्रहण, जानें साल के दूसरे चंद्र ग्रहण की सही तारीख और समय
Last Updated on May 2, 2026 18:37, PM by Pawan
Second Chandra Grahan 2026: साल 2026 का पहला चंद्र ग्रहण 3 मार्च 2026 को फाल्गुन पूर्णिमा के दिन लगा था। यह पूर्ण चंद्र ग्रहण था, जिसका आंशिक नजारा भारत में दिखा था। इसके बाद अब लोग जानना चाह रहे हैं कि साल का दूसरा और अंतिम चंद्र ग्रहण किस दिन होगा, यह भारत में दिखेगा या नहीं और इसका समय क्या होगा? इनमें से कोई भी सवाल ऐसा नहीं है, जिसका जवाब न दिया जा सके। तो चलिए जानते हैं साल 2026 का दूसरा और अंतिम चंद्र ग्रहण कब होगा, कहां दिखाई देगा और इसका समय क्या होगा?
साल का दूसरा और अंतिम चंद्र ग्रहण अपने आप में अनोखा होगा, क्योंकि इस दौरान चंद्रमा का लगभग 93% हिस्सा पृथ्वी की गहरी छाया में छिप जाएगा। इस ग्रहण के दौरान चांद का अधिकांश भाग तांबे जैसा लाल दिखाई देगा। इसे दुनिया के कई हिस्सों में देखा जा सकेगा। लेकिन भारत इस दुर्लभ घटना का गवाह नहीं बन पाएगा।
अगस्त में लगेगा साल का दूसरा चंद्र ग्रहण
साल का दूसरा और आखिरी चंद्र ग्रहण 27-28 अगस्त 2026 को लगेगा। पंचांग के अनुसार, यह ग्रहण सावन की पूर्णिमा के दिन लगेगा। यह पूर्ण चंद्र ग्रहण दुनिया के कई हिस्सों से दिखाई देगा। दरअसल, जब चांद पूरी तरह पृथ्वी की छाया में आ जाता है, तब उस पर सिर्फ पृथ्वी के वातावरण से मुड़कर पहुंची सूरज की रोशनी पड़ती है, जिसकी वजह से चांद लाल रंग का दिखाई देता है।
दूसरा चंद्र ग्रहण का समय
साल का दूसरा चंद्र ग्रहण लंबा चलेगा। इसकी पूरी प्रक्रिया शुरू से अंत तक लगभग 5 घंटे 39 मिनट तक चलेगी। इस ग्रहण की शुरुआत 28 अगस्त, 01:23 UTC पर होगी और इसका चरम 04:41 UTC पर होगा, जब 93% चांद ढक जाएगा। साल के दूसरे और अंतिम चंद्र ग्रहण की समाप्ति 28 अगस्त, 07:02 UTC को होगी।
दुर्लभ नजारे से महरूम रहेगा भारत
साल का दूसरा और अंतिम चंद्र ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा। इसलिए यहां सूतक काल मान्य नहीं होगा। इस दौरान आप बिना किसी धार्मिक पाबंदी के अपने रोजमर्रा के काम कर सकेंगे। इस पूर्ण चंद्र ग्रहण को मुख्य रूप से अमेरिका, यूरोप, अफ्रीका और पूर्वी प्रशांत महासागर के हिस्सों में देखा जा सकेगा।
