Ashish Kacholia Portfolio: ‘बिग व्हेल’ ने इस NBFC स्टॉक में बढ़ाई हिस्सेदारी, 5 साल में दिया 24,500% का रिटर्न
Ashish Kacholia Portfolio: शेयर बाजार के दिग्गज निवेशकों की बात होती है तो आशीष कचोलिया का नाम जरूर सामने आता है। मजबूत फंडामेंटल वाले स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों की पहचान करने में माहिर माने जाने वाले कचोलिया ने एक बार फिर अपने पोर्टफोलियो में बड़ा बदलाव किया है। मार्च तिमाही 2026 के शेयरहोल्डिंग आंकड़ों के मुताबिक, कचोलिया ने NBFC सेक्टर की कंपनी SG Finserve में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है। यही वजह है कि अब यह स्टॉक निवेशकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। दिलचस्प बात यह है कि SG Finserve ने पिछले पांच वर्षों में ऐसा रिटर्न दिया है, जिसने निवेशकों की छोटी रकम को करोड़ों में बदल दिया।
कचोलिया के पोर्टफोलियो में कितने स्टॉक्स?
ताजा शेयरहोल्डिंग डेटा के मुताबिक, आशीष कचोलिया फिलहाल 51 कंपनियों में पब्लिक हिस्सेदारी रखते हैं और उनके पोर्टफोलियो की कुल वैल्यू करीब 2,943 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। यह पिछले तिमाही यानी दिसंबर, 2025 की तुलना में करीब 31 फीसदी ज्यादा है।
SG Finserve में बढ़ाई हिस्सेदारी
मार्च तिमाही 2026 में कचोलिया ने SG Finserve में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 2.4 फीसदी कर दी है। दिसंबर 2025 तिमाही तक उनके पास कंपनी में 1.1 फीसदी हिस्सेदारी थी, जो अब दोगुने से ज्यादा हो गई है। वर्तमान में उनके पास कंपनी के 15,44,009 शेयर हैं, जिनकी मौजूदा बाजार वैल्यू करीब 92.3 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। आमतौर पर किसी दिग्गज निवेशक द्वारा हिस्सेदारी बढ़ाना अक्सर कंपनी के बिजनेस मॉडल और भविष्य की संभावनाओं पर भरोसे का संकेत माना जाता है।
5 साल में 24,526% का धमाकेदार रिटर्न
एसजी फिनसर्व (SG Finserve Share Price) का शेयर प्रदर्शन बेहद चौंकाने वाला रहा है। BSE पर पिछले 5 वर्षों में इस स्टॉक ने करीब 24,526 फीसदी का एब्सॉल्यूट रिटर्न दिया है। आसान शब्दों में समझें तो अगर किसी निवेशक ने पांच साल पहले इस शेयर में 1 लाख रुपये लगाए होते और निवेश बनाए रखा होता, तो उसकी रकम आज करीब 2.47 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती थी। यह रिटर्न भारतीय शेयर बाजार के मल्टीबैगर स्टॉक्स में इसे बेहद खास बनाता है।
यह भी पढ़ें- Ace Investors: दमानी बने मार्केट गुरू, आशीष कचोलिया, केडिया से मुकुल अग्रवाल तक; 3 महीने में किसका पोर्टफोलियो कितना बढ़ा
CAGR रिटर्न भी रहा मजबूत
कंपनी का 5 साल का CAGR (Compound Annual Growth Rate) रिटर्न करीब 81 फीसदी के आसपास रहा है। CAGR किसी निवेश की औसत सालाना वृद्धि को दर्शाता है। 80 फीसदी से ज्यादा CAGR यह दिखाता है कि कंपनी ने लंबे समय तक लगातार मजबूत ग्रोथ दी है। हालांकि इतने बड़े रिटर्न के बाद स्टॉक में उतार-चढ़ाव भी काफी तेज देखने को मिल सकता है।
किस स्तर पर ट्रेड कर रहा है शेयर?
मौजूदा समय यानी शुक्रवार, 8 मई को SG Finserve के शेयर तकरीबन 2 फीसदी टूटकर 593 रुपये पर कारोबार कर रहा है। पिछले 1 महीने में स्टॉक का भाव 26 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है। वहीं, साल भर के दौरान इसमें 53 फीसदी की तेजी आई है। वहीं, 5 साल के दौरान स्टॉक ने 24,661 फीसदी का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 3,986 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इस तेजी के बाद अभी भी स्टॉक 52-वीक हाई (649.45 रुपये) से नीचे कारोबार कर रहा है। इससे इतर, स्टॉक का 52-वीक लो स्तर 323 रुपये है।
क्या है शेयर होल्डिंग पैटर्न?
कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी तकरीबन 53 फीसदी है। इससे इतर, रिटेल और दूसरे कैटेगरीज की हिस्सेदारी कंपनी में 37.39 फीसदी के आसपास है। कंपनी में विदेशी निवेशकों की भी अच्छी हिस्सेदारी है, वह 6.45 फीसदी के मालिक हैं। इससे इतर, म्यूचुअल फंड ने कंपनी में 1.42 फीसदी की हिस्सेदारी खरीदी है।
क्या करती है SG Finserve?
SG Finserve Limited पहले Moongipa Securities के नाम से जानी जाती थी। यह एक Non-Banking Financial Company (NBFC) है, जो सप्लाई चेन फाइनेंसिंग सॉल्यूशंस उपलब्ध कराती है। कंपनी कारोबारियों और सप्लाई नेटवर्क से जुड़ी कंपनियों को फाइनेंसिंग सपोर्ट देती है। पिछले कुछ वर्षों में भारत में सप्लाई चेन और MSME फाइनेंसिंग सेक्टर तेजी से बढ़ा है, जिसका फायदा इस तरह की कंपनियों को मिला है।
यह भी पढ़ें- Dabur India Share Target: Q4 रिजल्ट के बाद 4 ब्रोकरेज की आई रिपोर्ट, एक ने दिया 30% तक के उछाल का संकेत; क्या है टारगेट
कौन हैं Ashish Kacholia?
‘Big Whale’ के नाम से मशहूर आशीष कचोलिया भारतीय शेयर बाजार के चर्चित निवेशकों में शामिल हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत Prime Securities से की थी। इसके बाद वे Edelweiss से जुड़े और फिर 1995 में अपनी ब्रोकिंग फर्म Lucky Securities की स्थापना की। साल 1999 में उन्होंने दिग्गज निवेशक राकेश झुनझुनवाला के साथ मिलकर Hungama Digital की सह-स्थापना की थी। इसके बाद 2003 से उन्होंने अपना निवेश पोर्टफोलियो तैयार करना शुरू किया।
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।

Leave a Reply