IMD Heavy Rain Alert: इन राज्यों में भारी बारिश और बवंडर वाले तूफान का अलर्ट, 10 मई से मौसम का ये बदलाव और बिगाड़ेगा हाल
भारत के कई हिस्सों में कुदरत का दोहरा मिजाज देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां दक्षिण भारत के राज्य भारी बारिश से सराबोर हैं, वहीं उत्तर और पश्चिम भारत में आंधी-तूफान के साथ लू का प्रकोप बढ़ने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 10 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसकी वजह से मौसम के मिजाज में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
आइए आपको बताते हैं कि IMD ने अपने लेटेस्ट वेदर बुलेटिन में देशभर के मौसम को लेकर क्या जानकारियां साझा की हैं।
IMD ने देश के विभिन्न राज्यों के लिए भारी बारिश, ओलावृष्टि और धूल भरी आंधी का अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटों में तमिलनाडु और पुडुचेरी में अति भारी बारिश दर्ज की गई है, जबकि मध्य प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों में ओलावृष्टि ने दस्तक दी है।
उत्तर-पश्चिम भारत: 10 मई से बवंडर का खतरा
- उत्तर भारत के मैदानी और पहाड़ी राज्यों में 11 से 14 मई के बीच मौसम में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
- जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड: 11 और 12 मई को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और मुजफ्फराबाद में 70 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं। उत्तराखंड में 12 मई को ऐसा ही नजारा देखने को मिल सकता है।
- हिमाचल प्रदेश में 12 मई और उत्तराखंड में 12-13 मई को ओले गिरने की संभावना है।
- दिल्ली, पंजाब और हरियाणा: इन राज्यों में 11 से 14 मई के दौरान बिजली कड़कने और 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ बारिश का अनुमान है।
- उत्तर प्रदेश: पश्चिमी यूपी में 12-14 मई और पूर्वी यूपी में 13-14 मई को बारिश का अलर्ट है।
दक्षिण भारत: अगले 7 दिनों तक आफत वाली बारिश
- दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में मानसून पूर्व की गतिविधियां बहुत सक्रिय हैं:
- केरल और तमिलनाडु: इन राज्यों के साथ-साथ पुडुचेरी और कराईकल में अगले 7 दिनों तक भारी बारिश और बिजली गिरने का सिलसिला जारी रहेगा।
- कर्नाटक और आंध्र प्रदेश: तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तेलंगाना और कर्नाटक के आंतरिक हिस्सों में 10 से 12 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है।
पूर्वी और मध्य भारत: ओले और तूफान का अलर्ट
- पश्चिम बंगाल और बिहार: 8 और 9 मई को गंगीय पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में 70 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की आशंका है। पश्चिम बंगाल में आज ओले गिरने की भी संभावना है।
- मध्य प्रदेश और विदर्भ: मध्य प्रदेश में आज (8 मई) ओलावृष्टि और 70 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी 9 मई को भारी आंधी का अलर्ट है।
राजस्थान और गुजरात में ‘लू’ का अलर्ट
एक तरफ जहां कई राज्य बारिश से भीग रहे हैं, वहीं पश्चिमी राजस्थान और गुजरात में भीषण गर्मी पड़ने वाली है। मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों के दौरान इन क्षेत्रों के अलग-अलग हिस्सों में लू (Heat Wave) चलने की चेतावनी दी है।
पिछले 24 घंटों का हाल
- अति भारी बारिश: तमिलनाडु और पुडुचेरी में 11-20 सेमी तक बारिश रिकॉर्ड की गई। केरल में भी 7-11 सेमी बारिश हुई।
- भयंकर आंधी: मध्य प्रदेश, हिमाचल, महाराष्ट्र और बिहार जैसे राज्यों में 50 से 80 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं।
- ओलावृष्टि: मध्य प्रदेश, विदर्भ, पूर्वी राजस्थान और मध्य महाराष्ट्र में ओले गिरे।
आपको बता दें कि उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और मध्य पाकिस्तान के ऊपर चक्रवातीय परिसंचरण (Cyclonic Circulation) बने हुए हैं। ये नमी को खींच रहे हैं। वहीं, 10 मई से आने वाला नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत की मुश्किलों को और बढ़ा सकता है।
Leave a Reply