टाटा ग्रुप की कंपनी Titan Company के मार्च तिमाही नतीजों के बाद ग्लोबल ब्रोकरेज हाउस कंपनी को लेकर पॉजिटिव नजर आ रहे हैं। मजबूत ज्वेलरी बिक्री, खरीदारों की संख्या में सुधार और बेहतर मार्जिन के चलते ब्रोकरेज ने स्टॉक पर भरोसा जताया है। हालांकि उभरते और अंतरराष्ट्रीय कारोबार में बढ़े नुकसान का असर कमाई पर देखने को मिला। इसके बावजूद ब्रोकरेज का मानना है कि Titan की मजबूत ब्रांड पकड़ और लंबी अवधि की ग्रोथ विजिबिलिटी कंपनी को आगे भी सपोर्ट करेगी।
मॉर्गन स्टेनली की राय
मॉर्गन स्टेनलीने टाइटन कंपनी पर Overweight रेटिंग बरकरार रखते हुए टारगेट प्राइस बढ़ाकर 5212 रुपये कर दिया है, जो पहले 5102 रुपये था। ब्रोकरेज के मुताबिक मार्च तिमाही में ज्वेलरी कारोबार की आय और मार्जिन उम्मीद से बेहतर रहे। TMZ बिजनेस रेवेन्यू सालाना आधार पर 48 फीसदी बढ़ा, जो पिछली तिमाही में 40 फीसदी था। तीन कमजोर तिमाहियों के बाद खरीदारों की ग्रोथ भी 8 फीसदी पर पॉजिटिव हो गई।
ब्रोकरेज ने कहा कि सोने की ऊंची कीमतों से टिकट साइज और वेडिंग खरीदारी को सपोर्ट मिला। ज्वेलरी EBIT मार्जिन Q3 के 10.9 फीसदी के मुकाबले बढ़कर 11.3 फीसदी रहा। हालांकि उभरते और अंतरराष्ट्रीय कारोबार में बढ़े नुकसान के कारण कमाई अनुमान से कमजोर रही। मैनेजमेंट ने अगले 3-5 सालों के लिए ज्वेलरी रेवेन्यू में 15-20 फीसदी CAGR ग्रोथ गाइडेंस दोहराई है। मॉर्गन स्टेनली का मानना है कि मजबूत ग्रोथ विजिबिलिटी और आकर्षक वैल्यूएशन के चलते स्टॉक आगे भी बेहतर प्रदर्शन कर सकता है।
Bernstein की राय
Bernstein ने भी टाइटन पर Outperform रेटिंग बरकरार रखते हुए 5000 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज के अनुसार कंपनी की ग्रोथ, खरीदारों की मांग और मार्जिन को लेकर बनी चिंताएं अब काफी हद तक कम हो गई हैं। ऊंची सोने की कीमतों के बावजूद खरीदारों की संख्या में 8 फीसदी की ग्रोथ सकारात्मक संकेत है।
ब्रोकरेज ने कहा कि कमजोर प्रोडक्ट मिक्स के बावजूद TMZ बिजनेस ने 11.3 फीसदी EBIT मार्जिन बनाए रखा। TMZ और Damas कंसोलिडेशन की वजह से ज्वेलरी कारोबार में 50 फीसदी की मजबूत ग्रोथ दर्ज की गई। हालांकि स्टडेड ज्वेलरी की हिस्सेदारी कम होने और Damas कंसोलिडेशन के कारण मार्जिन पर दबाव रहा। CaratLane की ग्रोथ घटकर 22 फीसदी रही, जबकि पिछले कुछ तिमाहियों में यह 30 फीसदी से अधिक थी। वहीं वॉचेस कारोबार की ग्रोथ 8 फीसदी रही, जो अनुमानित 15-20 फीसदी रेंज से कम है। इसके बावजूद Bernstein ने मांग में अनिश्चितता के दौर में Titan की मजबूत कारोबारी क्षमता को पॉजिटिव बताया है।
शेयर का प्रदर्शन
टाइटन का शेयर शुक्रवार को 4.86 फीसदी की तेजी के साथ 4517 रुपये पर बंद हुआ। पिछले एक साल में कंपनी के शेयर में 28.68 फीसदी की तेजी देखने को मिली है।
(Disclaimer: शेयर को लेकर सलाह मार्केट एक्सपर्ट द्वारा दी गई हैं। यह ET NOW Swadesh के निजी विचार नहीं हैं। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।)

Leave a Reply