दुनिया की दिग्गज निवेश कंपनी Vanguard Group ने भारतीय शेयर बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाना जारी रखा है। एक्सचेंजों में फाइल ताजा शेयरहोल्डिंग डेटा के मुताबिक Vanguard Fund 47 कंपनियों में निवेश रखता है, जिनकी कुल वैल्यू करीब 98145.2 करोड़ रुपये है। फंड के पोर्टफोलियो की नेटवर्थ में सालाना आधार पर 61 फीसदी की मजबूत बढ़ोतरी देखने को मिली है। Trendlyne के आंकड़ों के अनुसार मार्च तिमाही में Vanguard Fund ने कई नए शेयर अपने पोर्टफोलियो में जोड़े हैं।
पोर्टफोलियो में 2 नए शेयर जोड़े
मार्च तिमाही में फंड ने Shriram Finance में 2.1 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी है, जिसकी वैल्यू करीब 4023.2 करोड़ रुपये है। कंपनी के शेयर में पिछले एक साल में 66.77 फीसदी की तेजी देखने को मिली है। इसके अलावा AU Small Finance Bank में 1 फीसदी हिस्सेदारी ली गई है, जिसकी होल्डिंग वैल्यू 804.4 करोड़ रुपये बताई गई है। स्मॉल फाइनेंस बैंक के शेयर में पिछले एक साल में 52.98 फीसदी की तेजी देखने को मिली है।
इन स्टॉक्स में बढ़ाई हिस्सेदारी
वहीं फंड ने कुछ मौजूदा निवेशों में हिस्सेदारी भी बढ़ाई है। HDFC Bank में हिस्सेदारी 1.2 फीसदी बढ़ाकर कुल 2.4 फीसदी कर दी गई है, जिसकी वैल्यू करीब 25177.1 करोड़ रुपये है। Delhivery में हिस्सेदारी 1.1 फीसदी बढ़ाकर 2.2 फीसदी कर दी है,जिसकी कुल वैल्यू 771 करोड़ रुपये है। जबकि Axis Bank में 1 फीसदी हिस्सेदारी बढ़ाकर कुल 2.2 फीसदी कर दी गई है। इसके अलावा Federal Bank में भी हिस्सेदारी बढ़ाकर 2.1 फीसदी की गई है, जिसकी वैल्यू 1540.7 करोड़ रुपये है।
हालांकि फंड ने आईटी सेक्टर में कुछ मुनाफावसूली भी की है। Vanguard Fund ने Infosys में अपनी हिस्सेदारी 0.05 फीसदी घटाई है। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक Vanguard की यह खरीदारी भारतीय बैंकिंग और वित्तीय सेक्टर में उसके बढ़ते भरोसे को दिखाती है।
(Disclaimer: शेयर को लेकर सलाह मार्केट एक्सपर्ट द्वारा दी गई हैं। यह ET NOW Swadesh के निजी विचार नहीं हैं। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।)

Leave a Reply