SBI पर ब्रोकरेज बुलिश, Bernstein ने दिया ₹1300 का टारगेट, Morgan Stanley और Citi ने भी जताया भरोसा
SBI Q4 Results: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंकों में शामिल State Bank of India (SBI) के हालिया तिमाही नतीजों के बाद अब ब्रोकरेज हाउसेज ने भी अपने आकलन जारी करने शुरू कर दिए हैं। ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म Bernstein ने SBI पर अपनी ताजा रिपोर्ट में बैंक की लंबी अवधि की ग्रोथ संभावनाओं पर भरोसा जताते हुए स्टॉक पर ‘आउटपरफॉर्म’ रेटिंग बरकरार रखी है। साथ ही ब्रोकरेज ने शेयर के लिए 1,300 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। इसके अलावा, एसबीआई पर दूसरे ब्रोकरेज फर्म जैसे मॉर्गन स्टेनली और Citi ने भी रिपोर्ट जारी की है।
क्या है Bernstein का रुख?
ब्रोकरेज के मुताबिक, चौथी तिमाही में SBI का प्रदर्शन मिला-जुला रहा। बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) अपेक्षा से थोड़ी कमजोर रही, हालांकि कम प्रोविजनिंग की वजह से मुनाफे पर ज्यादा दबाव नहीं दिखा। रिपोर्ट में कहा गया कि बैंक का नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) तिमाही आधार पर 18 बेसिस प्वाइंट घटकर 2.93 फीसदी पर आ गया, जो बड़े बैंकों के मुकाबले सबसे तेज गिरावट में से एक रही। Bernstein का मानना है कि मार्जिन पर दबाव की मुख्य वजह बाहरी बेंचमार्क आधारित लोन दरों (EBLR), MCLR में कटौती और ट्रेजरी बिल से जुड़े कॉरपोरेट लोन रहे। ब्याज दरों में बदलाव का असर बैंक की कमाई पर पड़ा, जिससे मार्जिन घटा। हालांकि, ब्रोकरेज ने यह भी कहा कि यह दबाव अस्थायी हो सकता है और आगे चलकर स्थिति में सुधार देखने को मिल सकता है।
लोन डिस्ट्रीब्यूशन में बढ़ोतरी
रिपोर्ट में बताया गया कि बैंक की लोन ग्रोथ अब भी मजबूत बनी हुई है। SME, कृषि और कॉरपोरेट सेक्टर से अच्छी मांग के चलते लोन डिस्ट्रीब्यूशन में सालाना आधार पर करीब 17 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इससे साफ समझ आता है कि SBI की क्रेडिट ग्रोथ मजबूत बनी हुई है और बैंक अर्थव्यवस्था के अलग-अलग सेक्टर्स में अपनी पकड़ बनाए हुए है। हालांकि, तिमाही के दौरान स्लिपेज में बढ़ोतरी भी देखने को मिली। ब्रोकरेज के अनुसार, यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से मौसमी कारणों और कृषि क्षेत्र से जुड़े खातों की वजह से रही। इसके बावजूद एसेट क्वालिटी को लेकर कोई बड़ी चिंता नहीं जताई गई है। Bernstein ने कहा कि बैंक की CET1 स्थिति और कुल एसेट क्वालिटी फिलहाल स्थिर नजर आ रही है, जो निवेशकों के लिए सकारात्मक संकेत माना जा सकता है।
ब्रोकरेज रिपोर्ट के अनुसार, मार्जिन में गिरावट और ट्रेजरी पर मार्क-टू-मार्केट (MTM) नुकसान की वजह से बैंक का रिटर्न ऑन एसेट्स (RoA) घटकर 1.07 फीसदी पर आ गया। इसके बावजूद बैंक मैनेजमेंट ने वित्त वर्ष 2027 के लिए अपने ग्रोथ अनुमान को बरकरार रखा है। SBI ने 13-15 फीसदी लोन ग्रोथ और 3 फीसदी से ज्यादा घरेलू NIM बनाए रखने का भरोसा जताया है।
क्या है मॉर्गन स्टेनली की राय?
ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म Morgan Stanley ने SBI पर ‘इक्वल-वेट’ रेटिंग बरकरार रखते हुए शेयर का टारगेट प्राइस 980 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये कर दिया है। ब्रोकरेज के अनुसार, बैंक के हेडलाइन नतीजे अनुमान से बेहतर रहे, लेकिन नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) और नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) में आई कमजोरी ने उस पॉजिटिव असर को सीमित कर दिया। रिपोर्ट में कहा गया कि NIM में तिमाही आधार पर 18 बेसिस प्वाइंट की गिरावट दर्ज हुई, जो अनुमान से भी करीब 16 बेसिस प्वाइंट कम रही। इसका प्रमुख कारण ट्रेजरी बिल से जुड़े कॉरपोरेट लोन की हिस्सेदारी बढ़ना और यील्ड में कमी रहना बताया गया। Morgan Stanley ने वित्त वर्ष 2027 और 2028 के लिए SBI के NIM अनुमान में 20 बेसिस प्वाइंट से ज्यादा की कटौती की है।
साथ ही EPS अनुमान भी FY27 और FY28 के लिए क्रमशः 4 फीसदी और 2 फीसदी घटाए गए हैं। हालांकि, ब्रोकरेज का मानना है कि आने वाले समय में मार्जिन में कुछ रिकवरी देखने को मिल सकती है, लेकिन इसकी स्थिरता अभी भी चुनौती बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- Titan Share Price Target: टाइटन में ‘सुपरसाइकिल’ दौर; ब्रोकरेज ने बताएं कमाई वाले टारगेट प्राइस
ब्रोकरेज फर्म Citi ने क्या कहा?
एसबीआई पर Citigroup की ब्रोकरेज यूनिट Citi ने भी अपनी रिपोर्ट जारी की है। सिटी ने SBI पर ‘बाय’ रेटिंग बनाए रखते हुए टारगेट प्राइस 1,265 रुपये से 1,230 रुपये कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक चौथी तिमाही के नतीजों पर सबसे ज्यादा असर NIM में तेज गिरावट और कमजोर फीस इनकम का पड़ा। ब्रोकरेज ने कहा कि EBLR और MCLR री-प्राइसिंग के साथ फ्लोटिंग रेट लोन मिक्स बढ़ने की वजह से NIM में 18 बेसिस प्वाइंट की गिरावट दर्ज हुई। हालांकि, इसके बावजूद बैंक की लोन ग्रोथ मजबूत बनी रही और सालाना आधार पर करीब 17 फीसदी की वृद्धि देखने को मिली। Citi के अनुसार, यह ग्रोथ अलग-अलग बिजनेस सेगमेंट में मजबूत मांग का संकेत देती है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि स्लिपेज बढ़ने के बावजूद क्रेडिट कॉस्ट कंट्रोल में रही, जो बैंक के लिए राहत की बात है।
मैनेजमेंट ने FY27 के लिए 13-15 फीसदी लोन ग्रोथ और 1 फीसदी से अधिक RoA बनाए रखने का अनुमान दोहराया है। हालांकि, Citi ने कम NIM अनुमानों को देखते हुए FY27 और FY28 के लिए अपने आय अनुमान में 3-4 फीसदी की कटौती की है।
शेयरों ने कैसा किया प्रदर्शन?
शुक्रवार, 8 मई को एसबीआई (SBI Share Price) के शेयर लाल निशान में कारोबार करते हुए 1019.30 रुपये पर बंद हुए। महीने भर के दौरान स्टॉक का भाव 2 फीसदी से ज्यादा टूट गया। वहीं, 3 महीने के दौरान इसमें तकरीबन 11 फीसदी की गिरावट आई। हालांकि, साल भर में स्टॉक ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए 27 फीसदी से ज्यादा रिटर्न दिया। कंपनी का मार्केट कैप 9,41,108 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। स्टॉक अपने 52-वीक हाई (1234 रुपये) से नीचे कारोबार कर रहा है।
Disclaimer: शेयर को लेकर सलाह ब्रोकरेज हाउस के द्वारा दी गई हैं। यह ET NOW Swadesh के निजी विचार नहीं हैं। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।

Leave a Reply