SBI Funds Management IPO: आज खुल रहा है देश के सबसे बड़े एसेट मैनेजर का आईपीओ, कितना है GMP? जानिए सबकुछ
आईपीओ में पैसा लगाने वालों के लिए आज एक साथ तीन मौके खुल रहे हैं। इनमें देश की सबसे बड़ी म्यूचुअल फंड कंपनी SBI फंड्स मैनेजमेंट का आईपीओ शामिल है। कंपनी ओएफएस के जरिए प्राइमरी मार्केट से 9,813 करोड़ रुपये जुटा रही है। जानिए पूरी डिटेल।
- आज एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट समेत तीन इश्यू खुल रहे हैं
- SBI फंड्स मैनेजमेंट की OFS के जरिए पैसा जुटाने की योजना
- कंपनी ने प्रति शेयर 545-574 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है
- इसका जीएमपी ₹89 चल रहा है जो इश्यू प्राइस से 16% अधिक है
आईपीओ मार्केट में पैसा लगाने वाले निवेशकों के लिए आज एक साथ तीन मौके खुल रहे हैं। आज तीन कंपनियों के आईपीओ खुल रहे हैं। इसमें मेनबोर्ड के दो इश्यू एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट और अल्पाइन टेक्सवर्ल्ड शामिल हैं। देश की सबसे बड़ी म्यूचुअल फंड कंपनी SBI फंड्स मैनेजमेंट प्राइमरी मार्केट से 9,813 करोड़ रुपये जुटा रही है। इसी तरह अल्पाइन टेक्सवर्ल्ड फ्रेश इश्यू के जरिए 126.25 करोड़ रुपये जुटाएगी जबकि SME सेगमेंट में मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज 160.34 करोड़ रुपये का इश्यू ला रही है। तीनों इश्यू आज सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेंगे।
SBI फंड्स मैनेजमेंट IPO
SBI फंड्स मैनेजमेंट आज खुल रहा सबसे बड़ा इश्यू है। इस पर 16 जुलाई तक इस पर बोली लगाई जा सकेगी। कंपनी ने प्रति शेयर 545-574 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। लॉट साइज 26 शेयरों का है। अपर बैंड के हिसाब से रिटेल निवेशकों को एक लॉट के लिए 14,924 रुपये निवेश करने होंगे। 1992 में स्थापित, SBI फंड्स मैनेजमेंट, SBI म्यूचुअल फंड का प्रबंधन करता है और लगभग ₹16.32 लाख करोड़ की संपत्ति की देखरेख करता है। यह भारत के म्यूचुअल फंड उद्योग के कुल AUM का लगभग 15.5% है।
पब्लिक इश्यू से पहले SBI फंड्स मैनेजमेंट ने प्री-IPO प्लेसमेंट के जरिए 1,655 करोड़ रुपये जुटाए। इसके तहत 30 बड़े इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स को 2.88 करोड़ शेयर अलॉट किए गए। यह आईपीओ 16 जुलाई को बंद होगा और शेयरों के अलॉटमेंट का आधार 17 जुलाई को तय होने की उम्मीद है। शेयरों के NSE और BSE पर लिस्ट होने की संभावित तारीख 21 जुलाई है। इसका ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) ₹89 चल रहा है। अगर मौजूदा मार्केट सेंटीमेंट बना रहता है, तो इससे ऊपरी प्राइस बैंड के मुकाबले लगभग 16% लिस्टिंग गेन की उम्मीद है।
अल्पाइन टेक्सवर्ल्ड IPO
आज खुल रहा दूसरा मेनबोर्ड इश्यू अल्पाइन टेक्सवर्ल्ड है। इस टेक्सटाइल प्रोसेसिंग कंपनी का IPO भी 16 जुलाई को बंद होगा। कंपनी ने ₹100-105 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है, जिसमें लॉट साइज 142 शेयरों का है। रिटेल निवेशकों को ऊपरी कीमत पर एक लॉट के लिए ₹14,910 की जरूरत होगी। कंपनी का ₹126.25 करोड़ का IPO पूरी तरह से 1.20 करोड़ शेयरों का फ्रेश इश्यू है। शेयरों के 21 जुलाई को BSE और NSE पर लिस्ट होने की उम्मीद है। ग्रे मार्केट में इसका रेट ₹110 चल रहा है जो इश्यू प्राइस से 4.76% अधिक है।
SME सेगमेंट
SME सेगमेंट में Millworks Technologies का इश्यू 14 जुलाई को खुलेगा और यह 16 जुलाई को बंद होगा। कंपनी ने प्रति शेयर ₹315-331 का प्राइस बैंड तय किया है। कंपनी की ₹160.34 करोड़ जुटाने की योजना है। यह इश्यू BSE SME पर लिस्ट होगा। ग्रे मार्केट में Millworks के शेयरों की भारी मांग है और अनलिस्टेड मार्केट में इसका जीएमपी 90% से ज्यादा है।

Leave a Reply