Company FD: फिक्स्ड डिपॉजिट पर कंपनियां दे रही हैं 9.10% तक ब्याज, लेकिन रिस्क और रेटिंग के साथ चेक कर लें 5 जरूरी इंडीकेटर
ICRA MAA+Company FD: फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) लंबे समय से भारतीय परिवारों के बीच बचत का सबसे भरोसेमंद तरीका माना जाता है। इसकी सबसे बड़ी वजह है पूंजी की सुरक्षा और पहले से तय रिटर्न। हालांकि, बैंक एफडी आज भी सबसे लोकप्रिय विकल्प है, लेकिन ज्यादा ब्याज की चाह रखने वाले निवेशकों का रुझान अब कंपनी एफडी (Company FD) की ओर भी बढ़ रहा है।
कंपनी एफडी मुख्य रूप से गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियां (NBFC) और कुछ मैन्युफैक्चरिंग कंपनियां निवेशकों से पैसा जुटाने के लिए जारी करती हैं। आमतौर पर इन पर बैंक एफडी की तुलना में 1% से 3% तक ज्यादा ब्याज मिलता है। फिलहाल कई कंपनियां सालाना 9.10% तक ब्याज ऑफर कर रही हैं। आइए जानते हैं कि कौन-सी कंपनियां सबसे ज्यादा ब्याज दे रही हैं।
कौन-सी कंपनियां दे रही हैं सबसे ज्यादा ब्याज?
फिलहाल कई हाउसिंग फाइनेंस और एनबीएफसी (NBFC) कंपनियां आकर्षक एफडी ब्याज दरें दे रही हैं। इनमें Muthoot Capital सबसे आगे है, जो 7.90% से 9.10% तक ब्याज ऑफर कर रही है। इसके अलावा श्रीराम फाइनेंस अधिकतम 7.60% और हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (HUDCO) अधिकतम 7.25% तक ब्याज दे रही है।
| कंपनी नाम | रेटिंग | सालाना ब्याज(%) |
| LIC Housing Finance Ltd FD | CRISIL FAAA | 6.70% से 6.90% के बीच |
| PNB Housing Finance Ltd FD | CRISIL FAAA | 6.60% से 6.90% के बीच |
| Bajaj Finance FD | CRISIL FAAA/Stable, ICRA MAA/Stable | 6.60% से 6.95% के बीच |
| Mahindra Finance Ltd FD | CRISIL FAAA | 6.75% से 7.00% के बीच |
| Sundaram Finance Company FD | CRISIL FAAA | 6.70% से 7.00% के बीच |
| HUDCO FD | ICRA AAA | 7.00% से 7.25% के बीच |
| Shriram Transport Finance Ltd FD | ICRA MAA+ | 7.00% से 7.60% के बीच |
| Muthoot Capital FD | CRISIL FAAA | 7.90% से 9.10% के बीच |
(नोट: कंपनी एफडी रेट से जुड़ी ये लिस्ट बैंक बाजार डॉट कॉम द्वारा तैयार की गई है, जो सिर्फ आपकी जानकारी के लिए है। हाउसिंग फाइनेंस और एनबीएफसी (NBFC) कंपनियां समय-समय पर एफडी रेट में बदलाव करती रहती हैं, ऐसे में निवेशकों को सलाह है कि किसी भी कंपनी एफडी में निवेश करने से पहले आधिकारिक वेबसाइट या शाखा से पुष्टि करने की सलाह दी है।)
ये भी पढ़ें : 52 Week High: एक साल के उच्चतम स्तर के करीब पहुंचे ये 5 मिडकैप-स्मॉलकैप शेयर, क्या जारी रहेगी तेजी?
सीनियर सिटीजंस को मिलेगा एक्स्ट्रा बेनिफिट : ज्यादातर कंपनियां अपने सीनियर सिटिजन को आम ग्राहकों की तुलना में 0.25% से 0.50% तक एक्स्ट्रा ब्याज देती हैं। वहीं निवेश की मिनिमम राशि भी कंपनी के अनुसार अलग-अलग होती है। उदाहरण के लिए Muthoot Capital में सिर्फ 1,000 रुपये से एफडी शुरू की जा सकती है, जबकि Mahindra Finance में न्यूनतम निवेश 25,000 रुपये है।
कंपनी FD में निवेश से पहले जरूर जांचें ये 5 बातें
कंपनी एफडी में निवेश करने से पहले एक बात जरूर समझ लें कि ज्यादा ब्याज के साथ जोखिम भी ज्यादा होता है। बैंक एफडी पर डिपॉजिट इंश्योरेंस एंड क्रेडिट गारंटी कॉरपोरेशन (DICGC) के तहत 5 लाख रुपये तक का बीमा कवर मिलता है, लेकिन कंपनी एफडी पर ऐसा कोई बीमा नहीं होता। अगर किसी कंपनी के साथ वित्तीय संकट या डिफॉल्ट की स्थिति बनती है, तो निवेशकों की मूल रकम भी जोखिम में पड़ सकती है। यही वजह है कि वित्तीय जानकार निवेश से पहले कंपनी की क्रेडिट रेटिंग जरूर देखने की सलाह देते हैं।
क्रेडिट रेटिंग
कंपनी एफडी चुनते समय CRISIL, ICRA या CARE जैसी एजेंसियों की रेटिंग जरूर देखें। FAAA या AAA जैसी उच्च रेटिंग बेहतर सुरक्षा का संकेत मानी जाती है।
CRISIL और ICRA की रेटिंग का क्या मतलब है?
कंपनी एफडी में निवेश करते समय क्रेडिट रेटिंग सबसे महत्वपूर्ण संकेतकों में से एक है।
CRISIL FAAA – सबसे सुरक्षित (Highest Safety)
CRISIL FAA – उच्च सुरक्षा
ICRA AAA – सबसे कम क्रेडिट जोखिम
ICRA AA – बहुत कम जोखिम
ICRA A – पर्याप्त सुरक्षा
ICRA BBB और उससे नीचे – जोखिम धीरे-धीरे बढ़ता जाता है
यानी FAAA और AAA रेटिंग वाली कंपनियों को अपेक्षाकृत अधिक सुरक्षित माना जाता है।
वित्तीय स्थिति
यह जरूर जांचें कि कंपनी ने पहले निवेशकों को ब्याज और मैच्योरिटी का भुगतान समय पर किया है या नहीं। मजबूत रिपेमेंट हिस्ट्री भरोसा बढ़ाती है।
ब्याज दर के पीछे का कारण
अगर कोई कंपनी बाजार से काफी ज्यादा ब्याज दे रही है, तो उसके पीछे की वजह भी समझें। कई बार ज्यादा ब्याज का मतलब ज्यादा जोखिम भी हो सकता है।
निकासी और अन्य सुविधाएं
एफडी तोड़ने पर पेनाल्टी, लोन सुविधा, नॉमिनेशन और ब्याज भुगतान (मासिक, तिमाही या मैच्योरिटी पर) जैसे नियम भी पहले पढ़ लें।

Leave a Reply