Just Dial Share Price: 1 साल में 30% तक टूट चुके स्टॉक में अचानक आई तेजी, तिमाही नतीजों के बाद 17% उछला भाव
Just Dial Share Price: एक साल में करीब 30 फीसदी तक गिर चुका Just Dial का शेयर सोमवार, 13 जुलाई के कारोबार में अचानक निवेशकों की पसंद बन गया। जून तिमाही (Q1FY27) के वित्तीय नतीजों के बाद कंपनी के शेयरों में जोरदार खरीदारी देखने को मिली। खबर लिखे जाने तक सुबह करीब 11:15 बजे Just Dial का शेयर 17 फीसदी की तेजी के साथ 660 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा था।
इसके बावजूद स्टॉक अभी भी अपने 52-वीक हाई 957.90 रुपये से काफी नीचे है, जबकि इसका 52-वीक लो 480 रुपये रहा है। बाजार की नजर सिर्फ तिमाही मुनाफे पर नहीं, बल्कि कंपनी के प्लेटफॉर्म पर बढ़ती गतिविधियों, यूजर एंगेजमेंट, कैश पोजिशन और डिजिटल कारोबार में सुधार के संकेतों पर भी रही। यही वजह रही कि लंबे समय से दबाव में चल रहे इस शेयर में अचानक तेज उछाल देखने को मिला।
रेवेन्यू बढ़ा, मुनाफे में भी सुधार
जस्ट डायल का ऑपरेटिंग रेवेन्यू 327.4 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही (Just Dial Q1 Results) के मुकाबले करीब 9.9 फीसदी अधिक है। कंपनी का नेट प्रॉफिट (PAT) 166.2 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना आधार पर करीब 4.1 फीसदी बढ़ा है। हालांकि, EBITDA 87.2 करोड़ रुपये रहा और इसमें मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन EBITDA मार्जिन 29.01 फीसदी से घटकर 26.63 फीसदी रह गया। यानी कमाई बढ़ने के बावजूद ऑपरेटिंग स्तर पर मार्जिन पर कुछ दबाव देखने को मिला।
किस आय ने बढ़ाया मुनाफा?
कंपनी की Other Income में बड़ा उछाल देखने को मिला। यह बढ़कर 131.6 करोड़ रुपये पहुंच गई, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह 48.6 करोड़ रुपये थी। इसी अतिरिक्त आय ने कंपनी के कुल मुनाफे को मजबूत बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई।
यूजर ट्रैफिक में आई मजबूत वापसी
कंपनी के प्लेटफॉर्म पर यूजर एक्टिविटी भी बेहतर रही। जून तिमाही में Quarterly Unique Visitors बढ़कर 19.29 करोड़ हो गए, जो पिछली तिमाही के मुकाबले 5.8 फीसदी अधिक हैं। मोबाइल यूजर्स की हिस्सेदारी लगातार मजबूत बनी हुई है। कुल ट्रैफिक में मोबाइल का योगदान 86.5 फीसदी रहा और मोबाइल ट्रैफिक में 6.8 फीसदी की तिमाही बढ़ोतरी दर्ज की गई। वॉयस ट्रैफिक में भी 8.6 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, जबकि डेस्कटॉप ट्रैफिक में गिरावट जारी रही। इससे साफ है कि यूजर्स तेजी से मोबाइल प्लेटफॉर्म की ओर शिफ्ट हो रहे हैं।
लिस्टिंग और विज्ञापनदाता दोनों बढ़े
कंपनी का बिजनेस डेटाबेस भी लगातार मजबूत हो रहा है। Active Listings बढ़कर 5.61 करोड़ पहुंच गईं, जो सालाना आधार पर 13 फीसदी और तिमाही आधार पर 2.7 फीसदी की वृद्धि दर्शाती हैं। वहीं Active Paid Campaigns बढ़कर 6.39 लाख हो गईं, जिससे संकेत मिलता है कि प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन देने वाले कारोबारियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हालांकि, नए लिस्टिंग जोड़ने की रफ्तार पिछली तिमाही के मुकाबले कुछ धीमी जरूर रही।
शेयर ने कैसा किया प्रदर्शन?
सोमवार, 13 जुलाई को कंपनी के शेयर पिछले बंद भाव (564 रुपये) के मुकाबले गैप अप के साथ 601.95 रुपये पर खुला। थोड़ी ही देर में स्टॉक में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई और स्टॉक 660 रुपये के इंट्रा डे हाई पर पहुंच गया। पिछले साल भर में स्टॉक का भाव 30 फीसदी से ज्यादा टूटा है वहीं, 3 साल के दौरान इसमें 16 फीसदी की गिरावट है। 5 साल की बात करें तो इस दौरान भी कंपनी ने अपने निवेशकों को तकरीबन 39 फीसदी का नेगेटिव रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 5,569 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें- Buy, Sale or Hold: तिमाही नतीजों के बाद DMart पर क्या करें निवेशक? एक दर्जन ब्रोकरेज की बंटी राय; किसने, क्या और क्यों दिया टारगेट?
कैश रिजर्व 6,000 करोड़ रुपये के पार
कंपनी की बैलेंस शीट भी और मजबूत हुई है। जून तिमाही के अंत तक Cash & Investments बढ़कर 6,022.1 करोड़ रुपये पहुंच गए, जो पिछली तिमाही से करीब 2.9 फीसदी अधिक हैं। मजबूत नकदी कंपनी को भविष्य में टेक्नोलॉजी, प्रोडक्ट डेवलपमेंट और बिजनेस विस्तार में निवेश की बेहतर क्षमता देती है। इसके साथ ही कंपनी ने अपनी सेल्स टीम का आकार बढ़ाकर 10,965 कर्मचारियों तक पहुंचा दिया है।
CEO की नियुक्ति को भी मंजूरी
कंपनी के बोर्ड ने दिनकर अयिलावरापु को CEO (Designate) और Key Managerial Personnel (KMP) नियुक्त करने को मंजूरी दी है। उनकी नियुक्ति 10 जुलाई 2026 से प्रभावी हो गई है।
यह भी पढ़ें- Dividend Stocks: खरीदने का आज आखिरी मौका, 14 जुलाई है रिकॉर्ड डेट, इन 13 शेयरों पर मिलेगा 118 रुपये प्रति शेयर तक का डिविडेंड
बाजार ने क्यों दिखाई इतनी तेजी?
हालांकि ऑपरेटिंग मार्जिन में कुछ नरमी रही, लेकिन निवेशकों ने कंपनी के कई सकारात्मक संकेतों पर भरोसा जताया। रेवेन्यू ग्रोथ, प्लेटफॉर्म पर बढ़ते यूजर्स, एक्टिव लिस्टिंग में मजबूती, विज्ञापनदाताओं की संख्या में इजाफा और 6,000 करोड़ रुपये से अधिक का कैश रिजर्व यह दिखाता है कि कंपनी का डिजिटल बिजनेस लगातार विस्तार कर रहा है। यही वजह रही कि लंबे समय से दबाव में चल रहा Just Dial का शेयर बिजनेस अपडेट के बाद जोरदार तेजी के साथ बाजार की सुर्खियों में आ गया।
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।

Leave a Reply