HCL Tech Share Target Price: तिमाही नतीजों के बाद ब्रोकरेज की बंटी राय, कोई बोला Buy तो किसी ने दी Sell की सलाह, क्या करें निवेशक?
HCL Tech Share Target Price: आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी HCL Technologies (HCL Tech) के जून तिमाही (Q1 FY27) नतीजों के बाद ब्रोकरेज हाउस की राय एक जैसी नहीं है। कंपनी ने मजबूत डील बुकिंग, AI कारोबार में लगातार बढ़त और पूरे वित्त वर्ष के लिए अपने गाइडेंस को बरकरार रखा है। वहीं दूसरी ओर, तिमाही (HCL Technologies Q1 Results) के दौरान राजस्व में हल्की गिरावट और कुछ प्रमुख वर्टिकल्स में सुस्ती को लेकर चिंता भी बनी हुई है।
यही वजह है कि नतीजों के बाद अलग-अलग ब्रोकरेज हाउस ने HCL Tech पर अलग-अलग रणनीति अपनाई है। जहां कुछ ब्रोकरेज इसे लंबी अवधि के लिए मजबूत दांव मान रहे हैं, वहीं कुछ का मानना है कि मौजूदा वैल्यूएशन पर शेयर में सीमित तेजी की गुंजाइश बची है। एक ब्रोकरेज ने तो इसमें गिरावट की आशंका जताते हुए ‘Sell’ की सलाह भी दी है।
Emkay ने बरकरार रखा ADD रेटिंग
ब्रोकरेज फर्म Emkay Global ने HCL Tech पर ADD रेटिंग बनाए रखी है और 1,250 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी को लगातार मजबूत डील मिल रही हैं और AI बेस्ड सेवाओं से कमाई भी तेजी से बढ़ रही है। हालांकि पहली तिमाही में कॉन्स्टेंट करेंसी (CC) आधार पर रेवेन्यू में 0.5 फीसदी की तिमाही गिरावट दर्ज हुई, जिसका कारण बड़े मैनेज्ड सर्विसेज कॉन्ट्रैक्ट्स में उत्पादकता प्रतिबद्धताएं और मौसमी कमजोरी रही। Emkay के मुताबिक, EBIT मार्जिन बढ़कर 16.9 फीसदी पर पहुंच गया, जबकि पिछले मुकाबले इसमें 40 बेसिस प्वाइंट का सुधार आया। कंपनी ने FY27 के लिए 1-4 फीसदी कॉन्स्टेंट करेंसी रेवेन्यू ग्रोथ और 17.5-18.5% EBIT मार्जिन का गाइडेंस भी बरकरार रखा है।
यह भी पढ़ें- FII-DII Holding: RBL Bank से Coforge तक, इन 5 शेयरों से विदेशी और घरेलू निवेशकों ने बनाई दूरी, एक तिमाही में 24% तक घटाई हिस्सेदारी
Motilal Oswal की राय सबसे ज्यादा सकारात्मक
Motilal Oswal Financial Services (MOSL) ने HCL Tech पर Buy रेटिंग कायम रखते हुए 1,450 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है, जो मौजूदा बाजार भाव से सबसे ज्यादा संभावित बढ़त दिखाता है। ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी ने अनुमान से बेहतर डील बुकिंग दर्ज की है और रेवेन्यू प्रदर्शन भी उम्मीदों के अनुरूप रहा। कंपनी का सर्विसेज गाइडेंस बरकरार रहना सकारात्मक संकेत है।
MOSL का अनुमान है कि FY26 से FY28 के बीच HCL Tech की डॉलर आय करीब 4 फीसदी CAGR और नेट प्रॉफिट करीब 12 फीसदी CAGR की दर से बढ़ सकता है। ब्रोकरेज ने यह भी कहा कि Sarvam AI में निवेश और AI डेटा सेंटर स्थापित करने की योजना कंपनी को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में लंबी अवधि का मजबूत खिलाड़ी बना सकती है।
यह भी पढ़ें- Dividend Stocks: डिविडेंड से कमाई का आज आखिरी मौका, TCS समेत 4 कंपनियों पर रहेगी नजर, 15 जुलाई है रिकॉर्ड डेट
Nuvama ने घटाया टारगेट, लेकिन रखा HOLD
Nuvama Institutional Equities ने HCL Tech पर HOLD रेटिंग बरकरार रखी है, लेकिन टारगेट प्राइस 1,400 रुपये से घटाकर 1,300 रुपये कर दिया है। ब्रोकरेज के अनुसार, कंपनी ने अच्छी तिमाही पेश की है, लेकिन प्रबंधन का आउटलुक अभी भी सतर्क नजर आता है। रिपोर्ट के मुताबिक, पहली तिमाही में IT Services कारोबार लगभग स्थिर रहा, जबकि ER&D बिजनेस में 3.7 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
दूसरी ओर, Software बिजनेस में सुधार देखने को मिला और EBIT मार्जिन में भी बढ़ोतरी हुई। Nuvama ने कंपनी की मजबूत डील बुकिंग, 2.4 अरब डॉलर के नए ऑर्डर और 35 अरब रुपये तक के AI डेटा सेंटर निवेश की योजना को सकारात्मक माना है।
Nirmal Bang ने दी Sell की सलाह
चारों ब्रोकरेज में सबसे सतर्क रुख Nirmal Bang Institutional Equities का है। ब्रोकरेज ने HCL Tech पर Sell रेटिंग बरकरार रखते हुए 900 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है, जो मौजूदा बाजार भाव 1,221 रुपये से करीब 26 फीसदी की संभावित गिरावट दर्शाता है। हालांकि Nirmal Bang ने भी माना कि कंपनी की डील बुकिंग रिकॉर्ड स्तर पर रही और EBIT मार्जिन अनुमान से बेहतर रहा। इसके बावजूद ब्रोकरेज का मानना है कि निकट भविष्य में राजस्व में तेजी सीमित रह सकती है और मौजूदा वैल्यूएशन काफी महंगा दिखाई देता है।
आखिर क्या करें निवेशक?
ब्रोकरेज रिपोर्ट्स पर नजर डालें तो HCL Tech के ऑपरेशनल प्रदर्शन को लेकर ज्यादातर संस्थान सकारात्मक हैं। मजबूत डील पाइपलाइन, AI कारोबार में तेजी, रिकॉर्ड 2.4 अरब डॉलर की नई डील बुकिंग और FY27 गाइडेंस बरकरार रहना कंपनी के लिए मजबूत संकेत माने जा रहे हैं। हालांकि, दूसरी ओर रेवेन्यू वृद्धि की धीमी रफ्तार, कुछ प्रमुख सेक्टरों में कमजोरी और वैल्यूएशन को लेकर अलग-अलग राय बनी हुई है। यही वजह है कि जहां Motilal Oswal और Emkay लंबी अवधि के नजरिए से सकारात्मक बने हुए हैं, वहीं Nuvama फिलहाल इंतजार करने की सलाह दे रहा है और Nirmal Bang मौजूदा स्तरों पर जोखिम अधिक मान रहा है।
Disclaimer: शेयर को लेकर सलाह ब्रोकरेज हाउस के द्वारा दी गई हैं। यह ET NOW Swadesh के निजी विचार नहीं हैं। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।

Leave a Reply