Claude AI ने बदला पेमेंट सिस्टम, भारत में अब सीधे रुपये में खरीदें Pro और Max प्लान
अब तक Claude AI का पेड सब्सक्रिप्शन लेने के लिए इंडियन यूजर्स को अमेरिकी डॉलर में पेमेंट करना पड़ता था। इसकी वजह से उन्हें फॉरेक्स एक्सचेंज और प्लान की कीमत के अलावा जीएसटी भी अलग से देना पड़ता था। लेकिन अब AI कंपनी एंथ्रोपिक ने भारत के लिए नई कीमतें लागू कर दी हैं। अब भारतीय यूजर्स सीधे रुपये में पेमेंट करके Claude का सब्सक्रिप्शन खरीद सकते हैं। Claude की आधिकारिक वेबसाइट पर अब भारतीय कीमतें दिखाई देने लगी हैं। Claude Pro प्लान की शुरुआती कीमत 2,000 रुपये प्रति माह रखी गई है। पहले यही प्लान 20 अमेरिकी डॉलर (करीब 1,630 रुपये) में मिलता था, लेकिन इसके ऊपर फॉरेक्स फीस और जीएसटी का एक्स्ट्रा खर्च भी जुड़ जाता था।
वहीं, Claude Max के सबसे बड़े 20x प्लान की कीमत भारत में 23,999 रुपये प्रति माह तक है। पहले इसी प्लान के लिए 200 अमेरिकी डॉलर (करीब 19,170 रुपये) चुकाने पड़ते थे। खास बात यह है कि भारत में Claude के सभी पेड प्लान की कीमत में जीएसटी पहले से शामिल है, इसलिए यूजर्स को अलग से टैक्स नहीं देना होगा।
भारत में Claude Pro प्लान में क्या मिलेगा?
भारत में Claude Pro प्लान अब दो ऑप्शन में उपलब्ध है। अगर आप सालाना प्लान लेते हैं, तो इसकी कीमत 2,000 रुपये प्रति माह (कुल 24,000 रुपये सालाना) होगी। वहीं, हर महीने पेमेंट करने पर इसकी कीमत 2,399 रुपये प्रति माह है। पहले यही प्लान अमेरिकी डॉलर में मिलता था। मंथली प्लान की कीमत 20 डॉलर (करीब 1,920 रुपये) थी, जबकि सालाना प्लान के लिए 200 डॉलर (करीब 19,170 रुपये) एक साथ चुकाने पड़ते थे। Claude Pro प्लान में डिफॉल्ट रूप से Sonnet 5 मॉडल मिलता है। इसके अलावा यूजर्स को Opus और नया Fable 5 जैसे एडवांस AI मॉडल भी इस्तेमाल करने की सुविधा मिलती है।
फ्री प्लान की तुलना में Pro यूजर्स को 5 गुना ज्यादा इस्तेमाल करने की सीमा (यूसेज लिमिट) मिलती है। साथ ही इसमें रिसर्च मोड, अनलिमिटेड प्रोजेक्ट्स, मेमोरी, फाइल अपलोड, वेब सर्च और वॉइस मोड जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं। इतना ही नहीं, Pro प्लान लेने वाले यूजर्स Claude Code के जरिए कोडिंग कर सकते हैं। इसके अलावा Claude Design, Excel, PowerPoint और Microsoft 365 के साथ भी Claude का इस्तेमाल कर सकते हैं।
फ्री प्लान में क्या मिलता है?
भारत में Claude Free प्लान भी उपलब्ध है। इसमें यूजर्स को Sonnet 5, Sonnet 4.6 और Haiku 4.5 AI मॉडल का एक्सेस मिलता है। फ्री प्लान में वेब सर्च, एक चैट में 20 फाइलें अपलोड करने की सुविधा और सीमित संख्या में प्रोजेक्ट्स बनाने का विकल्प भी दिया जाता है।
भारत में Claude Team प्लान की कीमत और फीचर्स
बिज़नेस और कंपनियों के लिए Anthropic ने भारत में Claude Team प्लान की नई कीमतें जारी की हैं। Team Standard प्लान की कीमत सालाना सब्सक्रिप्शन लेने पर ₹2,399 प्रति यूज़र प्रति महीना है। अगर हर महीने भुगतान करते हैं, तो इसकी कीमत ₹2,999 प्रति यूज़र प्रति महीना होगी।
वहीं, Team Premium प्लान की कीमत सालाना सब्सक्रिप्शन पर ₹11,999 प्रति यूज़र प्रति महीना और मासिक बिलिंग पर ₹14,999 प्रति यूज़र प्रति महीना रखी गई है। Claude Pro और Claude Max की तरह इन सभी कीमतों में GST पहले से शामिल है।पहले Team Standard प्लान की कीमत 20 डॉलर (करीब ₹1,920) प्रति यूज़र प्रति महीना (सालाना बिलिंग) और 25 डॉलर (करीब ₹2,400) प्रति यूज़र प्रति महीना (मासिक बिलिंग) थी। वहीं, Team Premium प्लान की कीमत 150 डॉलर (करीब ₹14,380) प्रति यूज़र प्रति महीना थी।
Team प्लान में क्या-क्या मिलता है?
Claude Team प्लान में 2 लाख टोकन (200K) का कॉन्टेक्स्ट विंडो, API इस्तेमाल के लिए यूसेज क्रेडिट, Claude Code और Claude Cowork जैसी सुविधाएँ मिलती हैं। इसके अलावा कंपनियों को एक जगह से बिलिंग और अकाउंट मैनेजमेंट, सिंगल साइन-ऑन (SSO), डोमेन मैनेजमेंट और एडमिन कंट्रोल जैसी बिज़नेस सुविधाएँ भी मिलती हैं। सबसे खास बात यह है कि Claude Team प्लान में यूज़र्स के डेटा या कंटेंट का इस्तेमाल डिफ़ॉल्ट रूप से Anthropic अपने AI मॉडल की ट्रेनिंग के लिए नहीं करता।
Leave a Reply