NDMC Smart Parking: दिल्ली की 157 साइटों पर स्मार्ट पार्किंग व्यवस्था का प्लान, 50% तक महंगी हो सकती है पार्किंग!
नई दिल्ली: अगर आप दिल्ली में गाड़ी से चलते हैं तो ये खबर आपके लिए है। नई दिल्ली में पार्किंग महंगी होने वाली है। NDMC यानी नई दिल्ली नगरपालिका परिषद अपनी 157 पार्किंग साइट्स को स्मार्ट बनाने जा रही है। इसके लिए टेंडर निकाला गया है। नए नियम लागू होने के बाद पार्किंग फीस 40 से 50% तक बढ़ सकती है। मंथली पास का रेट भी 2 से 3 गुना ज्यादा हो सकता है। रात में गाड़ी खड़ी करने पर तो और ज्यादा पैसा देना होगा।
CNBC-TV18 की रिपोर्ट के अनुसार, पार्किंग को बेहतर बनाने के लिए ये कदम उठाया जा रहा है। अब पर्ची सिस्टम की जगह कैमरे और डिजिटल सिस्टम से पार्किंग होगी। इस प्रोजेक्ट में करीब 15,060 गाड़ियों की पार्किंग को स्मार्ट बनाया जाएगा।
24 घंटे से ज्यादा गाड़ी खड़ी की तो होगी कार्रवाई
नई व्यवस्था में अगर आपने 24 घंटे से ज्यादा गाड़ी पार्किंग में खड़ी की तो मुश्किल बढ़ सकती है। हर गाड़ी के आने-जाने का पूरा रिकॉर्ड सिस्टम में रहेगा। 24 घंटे से ज्यादा गाड़ी खड़ी मिली तो सिस्टम खुद NDMC और दिल्ली पुलिस को जानकारी दे देगा। इसके बाद आपकी गाड़ी को टो कर दूसरी जगह ले जाया जा सकता है। गाड़ी वापस लेने के लिए आपको टोइंग और स्टोरेज चार्ज देना होगा।
गाड़ी टो होने पर कितनी लगेगी पेनल्टी?
अलग-अलग गाड़ियों के लिए अलग चार्ज तय किया गया है –
- कार के लिए: उठाने का 1,000 रुपये और रोज रखने का 500 रुपये
- छोटे मालवाहक वाहन के लिए: उठाने का 3,000 रुपये और रोज रखने का 1,000 रुपये
- मिनी बस/मध्यम वाहन के लिए: उठाने का 3,000 रुपये और रोज रखने का 1,000 रुपये
फिलहाल ये सिर्फ प्रस्ताव है, आखिरी फैसला NDMC ही लेगी|
रात में पार्किंग हुई और भी महंगी
अब रात में गाड़ी खड़ी करना जेब पर भारी पड़ेगा। 24 घंटे के बाद रात में पार्किंग करने पर घंटे के हिसाब से दोगुना चार्ज वसूला जाएगा। पार्किंग का टाइम भी फिक्स किया गया है। बाजार वाली पार्किंग सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक खुली रहेगी, जबकि बाकी जगहों पर सुबह 8 से रात 11 बजे तक।अगर जरूरत पड़ी तो NDMC टाइमिंग बढ़ा भी सकती है। जहां रात 10 से सुबह 2 बजे तक ज्यादा भीड़ होगी, वहां अलग से इंतजाम किया जाएगा।
कैमरे से कटेगी पर्ची, FASTag से होगा पेमेंट
स्मार्ट पार्किंग में कई नई तकनीक लगेंगी। हर पार्किंग में ANPR कैमरे यानी नंबर प्लेट पहचानने वाले कैमरे, FASTag रीडर, ऑटोमैटिक बैरियर और डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगेंगे। इससे पता चलेगा कि पार्किंग में जगह खाली है या नहीं। आप घर बैठे ही ऑनलाइन स्लॉट बुक कर सकेंगे और फोन से ही पेमेंट भी कर पाएंगे।
अब प्राइवेट कंपनी संभालेगी पार्किंग की कमान
NDMC ने इन 157 साइट्स को चलाने के लिए प्राइवेट एजेंसी के लिए टेंडर निकाला है। कंपनी को ही पार्किंग चलानी होगी और सारी नई मशीनें भी लगानी होंगी। नए सिस्टम से जाम और पार्किंग की मारामारी कम होने की उम्मीद है, लेकिन आम लोगों को अब पार्किंग के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे।
Leave a Reply