Infosys Share Price : कमजोर नतीजों के बाद 3% टूटा शेयर, जानिए स्टॉक पर क्या है ब्रोकरेज की राय
Infosys Share Price : सोमवार को इंफोसिस के शेयरों में लगभग 3 प्रतिशत की गिरावट आई है। जिससे यह निफ्टी 50 में सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाले शेयरों में शामिल है। कंपनी ने वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में उम्मीद से कमजोर नतीजे पेश किए हैं और वित्त वर्ष 2027 के लिए अपने रेवेन्यू ग्रोथ गाइडेंस को भी घटा दिया। स्टॉक पर ब्रोकरेज फर्मों UBS और HSBC ने अलग-अलग राय दी है। जहां UBS ने इसमें 23 प्रतिशत की तेजी का अनुमान जताया है, वहीं HSBC ने मार्जिन और रेवेन्यू ग्रोथ को लेकर जोखिम की ओर इशारा किया है।
आज सुबह के कारोबार में इंफोसिस का शेयर 2.8 प्रतिशत गिरकर 1,122 रुपये पर आ गया। इसके साथ ही, साल की शुरुआत से अब तक इसमें कुल 31 प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है। इसी अवधि में निफ्टी 50 में 14.3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन लगभग 4.5 लाख करोड़ रुपये है। स्टॉक में यह गिरावट IT शेयरों में आई बड़ी बिकवाली के बीच आई है। इसके चलते निफ्टी IT इंडेक्स 1.3 प्रतिशत गिर गया है।
इंफोसिस के Q2 नतीजे
Q2 में सभी पैमाने पर इंफोसिस से निराशा मिली है। कंपनी की CC रेवेन्यू ग्रोथ और मार्जिन दोनों उम्मीद से कम रही हैं। वित्त वर्ष 2027 के लिए CC रेवेन्यू ग्रोथ गाइडेंस घटाकर एक से दो फीसदी कर दिया गया है। शुक्रवार को इंफोसिस का ADR 6.5 फीसदी से ज्यादा गिरा था। तिमाही आधार पर कंपनी की CC आय ग्रोथ 1.2% रही। जबकि अनुमान 1.4% का था। EBIT 21% रहा, जबकि Q1 में 21.1% और अनुमान 21.3% का था। FY27 गाइडेंस 1-2% रही, जबकि पहले 1.5-3% थी। यह लगातार दूसरी तिमाही है जब गाइडेंस घटाई गई है। FY27 गाइडेंस पहले 1.5-3.5% से घटाकर 1.5-3% की गई थी। अब गाइडेंस फिर घटाकर 1-2% कर दी गई है। कंपनी का कहना है कि Q2 कमजोर रहा है। वॉल्यूम भी नरम हैं। बाजार में बढ़ते कम्पटीशन के चलते प्राइसिंग प्रेशर है। AI से आय 10.5% रहा, जबकि Q1 में 8.2% था। AI से आय तिमाही आधार पर 29% बढ़ी है।
क्या IT की रैली हुई खत्म
सीएनबीसी-आवाज़ के मैनेजिंग एडिटर अनुज सिंघल का कहना है कि शुक्रवार को इंफोसिस और विप्रो के ADRs गिरे। इंफोसिस के नतीजे उम्मीद से कम रहे। गाइडेंस भी घटाई गई है। कोफोर्ज के नतीजे भी उम्मीद से फीके रहे। शुक्रवार को दूसरे हाफ से IT में गिरावट शुरू हुई। IT इंडेक्स अभी भी ट्रिपल टॉप को Negate नहीं कर पाया है। इंफोसिस आय और मार्जिन में चूका, गाइडेंस में कटौती भी निराशाजनक रही है। नतीजों के बाद इंफोसिस ADR 6.6% गिरा है। लेकिन इस महीने 16% ऊपर है। अनुज सिंघल का कहना है कि अभी ये कहना जल्दबाजी होगी कि IT की रैली खत्म हो गई है। IT की रैली नतीजों पर नहीं, बल्कि AI Bubble के फूटने की उम्मीद पर हुई है।
इंफोसिस पर UBS की राय
UBS ने इंफोसिस पर अपनी ‘बाय’ रेटिंग बरकरार रखी है और इसका टारगेट प्राइस 1,415 रुपये प्रति शेयर तय किया है। शुक्रवार के 1,153.80 रुपये के क्लोजिंग प्राइस के हिसाब से इसमें लगभग 23 प्रतिशत की तेजी की संभावना है। ब्रोकरेज का कहना है कि कॉन्स्टेंट करेंसी के बेसिस पर इंफोसिस का रेवेन्यू पिछली तिमाही के मुकाबले 1.2 प्रतिशत बढ़ा है। यह आंकड़ा कंपनी के 1.5 प्रतिशत के अनुमान और बाजार के 1.8 प्रतिशत के अनुमान से कम है। ऑपरेटिंग मार्जिन 10 बेसिस पॉइंट्स गिरकर 21 प्रतिशत पर आ गया, जबकि 19.3 रुपये प्रति शेयर की कमाई (EPS) भी अनुमान से कम रही है।
इंफोसिस पर HSBC की राय
HSBC ने 1,110 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ अपनी ‘होल्ड’ रेटिंग बरकरार रखी है, जिसका मतलब है कि शुक्रवार के क्लोजिंग भाव से इसमें लगभग 4 प्रतिशत की गिरावट आ सकती है। ब्रोकरेज ने कहा कि FY27 के लिए इंफोसिस का संशोधित रेवेन्यू ग्रोथ गाइडेंस, उसी सेक्टर की अन्य कंपनियों के मुकाबले निचले स्तर पर है। साथ ही, ब्रोकरेज ने चेतावनी दी है कि वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में वेतन बढ़ोतरी के कारण मार्जिन पर दबाव पड़ सकता है। हालांकि, HSBC कंपनी की 2 अरब डॉलर की मेगा डील को पॉजिटिव नजरिए से देख रही है। उनका अनुमान है कि इससे वित्त वर्ष 2028 (FY28) में रेवेन्यू ग्रोथ में लगभग एक प्रतिशत का योगदान मिल सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।
Leave a Reply