PF खाते में पड़े हैं 2 लाख रुपये, जरूरत पड़ने पर निकाल सकते हैं कितनी रकम, क्या है नियम?
नौकरीपेशा लोगों के लिए प्रोविडेंट फंड (PF) एक बड़ा आर्थिक सहारा होता है। रिटायरमेंट के बाद मिलने वाली यह एकमुश्त रकम आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में मदद करती है। हालांकि, यह सिर्फ रिटायरमेंट के लिए की जाने वाली बचत नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर भी आपके काम आ सकती है। मेडिकल इमरजेंसी, बच्चों की पढ़ाई या शादी जैसे खर्चों के लिए PF खाते में जमा रकम निकाली जा सकती है।
पढ़ें: SBI YONO App: घर बैठे खोलें NPS खाता, SBI का YONO ऐप करेगा मदद, क्या है प्रोसेस?
EPFO के EPF निकासी नियमों में बदलाव
हाल ही में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के EPF निकासी नियमों में बदलाव किए गए हैं। EPF Scheme 2026 के तहत निकासी के नियमों को आसान बनाया गया है। अब पात्र कर्मचारी 12 महीने की सदस्यता पूरी करने के बाद कई जरूरी कामों के लिए PF से पैसा निकाल सकते हैं। आइए जानते हैं कि अगर आपके PF खाते में 2 लाख रुपये हैं और आपको पैसों की जरूरत है, तो आप कितनी रकम निकाल सकते हैं।
PF खाते से कितना पैसा निकाल सकते हैं?
अगर आप सभी जरूरी शर्तें पूरी करते हैं, तो PF खाते में मौजूद कुल रकम का 75 फीसदी तक निकाल सकते हैं। नए नियमों के तहत खाते में 25 फीसदी रकम बनाए रखना जरूरी है।
इसे एक उदाहरण से समझते हैं। मान लीजिए, आपके PF खाते में 2 लाख रुपये जमा हैं और आपकी EPFO सदस्यता के 12 महीने पूरे हो चुके हैं। ऐसी स्थिति में आप पात्रता और निकासी की शर्तें पूरी करने पर 75 फीसदी यानी 1.5 लाख रुपये निकाल सकते हैं। बाकी 25 फीसदी यानी 50,000 रुपये आपके PF खाते में बने रहेंगे।
पढ़ें: Diwali Bonus Investment: दिवाली बोनस को करना चाहते हैं निवेश? पोस्ट ऑफिस की इन 4 स्कीम में मिल सकता है अच्छा रिटर्न
25 फीसदी रकम खाते में रखने का नियम क्यों?
आंशिक निकासी के बाद खाते में बची रकम भविष्य की जरूरतों और रिटायरमेंट के लिए आर्थिक सुरक्षा बनाए रखने में मदद कर सकती है। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि जरूरत के समय कर्मचारियों को पैसा मिल सके और रिटायरमेंट के लिए जमा उनकी पूरी बचत खत्म न हो।
नए नियमों के मुताबिक, कर्मचारी अपनी नौकरी के दौरान पढ़ाई के लिए अधिकतम 10 बार और शादी के लिए अधिकतम 5 बार PF से रकम निकाल सकते हैं। इसके अलावा, मेडिकल और घर से जुड़े खर्चों के लिए भी निकासी की सुविधा उपलब्ध है।
साथ ही, नए नियमों के तहत PF खातों को एटीएम कार्ड और UPI से लिंक करके पैसे निकालने की सुविधा देने की भी योजना है।
(Disclaimer: हमने यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए दिया है, ना कि यह निवेश की सलाह है। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।)

Leave a Reply