AU स्मॉल फाइनेंस बैंक में हिस्सेदारी बढ़ाएगा कोटक महिंद्रा बैंक, RBI ने दी 9.99 फीसदी तक खरीदारी की मंजूरी
AU Small Finance Bank: प्राइवेट सेक्टर बैंक Kotak Mahindra Bank को Reserve Bank of India (RBI) से AU Small Finance Bank में 9.99% तक हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी मिल गई है। AU Small Finance Bank ने गुरुवार को स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि Kotak Mahindra Bank, उसकी सब्सिडियरी कंपनियों और उनसे जुड़े फंड्स को मिलाकर ‘Kotak Mahindra Group’ अब AU SFB में कुल 9.99% तक हिस्सेदारी रख सकेगा।
बैंक से पहले से मौजूद है हिस्सेदारी
मार्च 2026 की शेयरहोल्डिंग के मुताबिक, Kotak Flexicap Fund के पास AU Small Finance Bank में पहले से 1.60% हिस्सेदारी मौजूद है। इसके अलावा कई बड़े घरेलू और संस्थागत निवेशकों की भी बैंक में हिस्सेदारी है।
इनमें HDFC Mutual Fund, Nippon India Mutual Fund, Invesco Mutual Fund और DSP Mutual Fund जैसे फंड हाउस शामिल हैं। वहीं SBI Life Insurance और HDFC Life Insurance जैसी इंश्योरेंस कंपनियां भी इसमें निवेशक हैं।
शेयर पर मिला मिला-जुला असर
इस घोषणा के बाद AU Small Finance Bank के शेयरों में बहुत बड़ा उतार-चढ़ाव नहीं दिखा। स्टॉक 0.50 फीसदी हल्की तेजी के साथ करीब 1,029 रुपये के आसपास कारोबार करता नजर आया। वहीं Kotak Mahindra Bank का शेयर भी 0.50 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 378 रुपये के करीब ट्रेड करता दिखा।
हालांकि, बाजार इस मंजूरी को बैंकिंग सेक्टर में एक रणनीतिक कदम के तौर पर देख रहा है, क्योंकि स्मॉल फाइनेंस बैंकिंग स्पेस में AU SFB की मजबूत मौजूदगी है।
तिमाही नतीजों में मजबूत प्रदर्शन
पिछली तिमाही में AU Small Finance Bank ने मजबूत वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया था। जनवरी-मार्च तिमाही में बैंक का नेट प्रॉफिट 65% बढ़कर 832 करोड़ रुपये पहुंच गया। तिमाही आधार पर भी इसमें 25% की बढ़त दर्ज की गई।
बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) सालाना आधार पर 23% बढ़कर 2,582 करोड़ रुपये रही। वहीं नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) बढ़कर 5.96% पर पहुंच गया, जो पिछली तिमाही में 5.7% था।
ये भी पढ़ें: भारत में ग्रीन एनर्जी पर Apple का बड़ा प्लान, ₹100 करोड़ निवेश से बनेगी 150 MW क्षमता
एसेट क्वालिटी में सुधार
बैंक की एसेट क्वालिटी में भी सुधार देखने को मिला। मार्च 2026 में ग्रॉस NPA घटकर 2.03% पर आ गया, जो दिसंबर 2025 में 2.30% था। इसी तरह नेट NPA भी 0.88% से घटकर 0.74% हो गया। इसके अलावा बैंक के प्रोविजन्स में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जिससे मुनाफे को सपोर्ट मिला।
डिपॉजिट और लोन ग्रोथ बनी मजबूत
मार्च तिमाही में बैंक के कुल डिपॉजिट 23% बढ़कर 1.52 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गए। वहीं ग्रॉस लोन पोर्टफोलियो भी 21% बढ़कर 1.40 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया। यह संकेत देता है कि बैंक की रिटेल और कमर्शियल बैंकिंग गतिविधियों में अच्छी ग्रोथ बनी हुई है।
ये भी पढ़ें: SRF Share: तिमाही नतीजों के बाद केमिकल सेक्टर का ये स्टॉक बना रॉकेट, ब्रोकरेज ने कहा- अभी और आएगी तेजी!
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।

Leave a Reply