stock-markett.online
SRF Ltd Q4 Results: केमिकल कंपनी को ₹582 करोड़ का मुनाफा, इंदौर में नए प्लांट के प्लान को टाला

SRF Ltd Q4 Results: केमिकल सेक्टर की बड़ी कंपनी SRF Ltd ने 5 मई को अपने चौथी तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 10.6% बढ़कर ₹582 करोड़ रहा, जो पिछले साल इसी तिमाही में ₹526 करोड़ था। वहीं, रेवेन्यू 7% बढ़कर ₹4,615 करोड़ पहुंच गया, जो एक साल पहले ₹4,313 करोड़ था।

मार्च तिमाही में कंपनी का EBITDA 7.1% बढ़कर ₹1,026 करोड़ हो गया, जो पिछले साल ₹957.4 करोड़ था। हालांकि EBITDA मार्जिन 22.2% पर लगभग स्थिर रहा, यानी कमाई बढ़ी लेकिन मार्जिन में खास सुधार नहीं दिखा।

पूरे साल में मजबूत ग्रोथ

पूरे वित्त वर्ष FY26 में कंपनी की कुल रेवेन्यू 7% बढ़कर ₹15,787 करोड़ रही, जो FY25 में ₹14,693 करोड़ थी। ऑपरेशनल EBIT 29% बढ़कर ₹3,008 करोड़ हो गया। वहीं, प्रॉफिट आफ्टर टैक्स 47% बढ़कर ₹1,835 करोड़ पहुंच गया, जो मजबूत ग्रोथ दिखाता है।

केमिकल्स बिजनेस का प्रदर्शन

केमिकल्स बिजनेस सेगमेंट की रेवेन्यू मार्च तिमाही में 4% बढ़कर ₹2,448 करोड़ रही, जो पिछले साल ₹2,355 करोड़ थी। इस सेगमेंट का ऑपरेटिंग प्रॉफिट 5% बढ़कर ₹783 करोड़ हो गया।

कंपनी के मुताबिक फ्लोरोकेमिकल्स बिजनेस में घरेलू और एक्सपोर्ट दोनों तरफ वॉल्यूम बढ़ा है, साथ ही HFC सेगमेंट में बेहतर रियलाइजेशन मिला। इंडस्ट्रियल केमिकल्स और फ्लोरोपॉलिमर्स का प्रदर्शन स्थिर रहा।

स्पेशलिटी केमिकल्स में सुधार

स्पेशलिटी केमिकल्स बिजनेस ने तीसरी तिमाही के मुकाबले सुधार दिखाया। हालांकि इस सेगमेंट में कीमतों पर दबाव और ऑर्डर में देरी जैसी चुनौतियां बनी रहीं। कंपनी ने लागत कम करने, नए प्रोडक्ट लॉन्च करने और एक्टिव इंग्रीडिएंट्स में प्रगति के जरिए स्थिति संभाली।

परफॉर्मेंस फिल्म्स और फॉयल बिजनेस में तेज ग्रोथ

इस सेगमेंट की रेवेन्यू 13% बढ़कर ₹1,596 करोड़ हो गई, जो पिछले साल ₹1,412 करोड़ थी। ऑपरेटिंग प्रॉफिट 47% बढ़कर ₹154 करोड़ पहुंच गया। कंपनी के मुताबिक BOPET और BOPP फिल्म्स में बेहतर वॉल्यूम और मार्जिन के चलते यह ग्रोथ आई।

टेक्निकल टेक्सटाइल्स और अन्य बिजनेस

टेक्निकल टेक्सटाइल्स बिजनेस की रेवेन्यू 5% बढ़कर ₹483 करोड़ रही। ऑपरेटिंग प्रॉफिट 63% बढ़कर ₹65 करोड़ हो गया। कंपनी ने कहा कि चुनौतीपूर्ण माहौल के बावजूद इस सेगमेंट में सुधार देखने को मिला।

अन्य बिजनेस सेगमेंट की रेवेन्यू ₹89 करोड़ रही, जो पिछले साल ₹87 करोड़ थी। हालांकि ऑपरेटिंग प्रॉफिट 25% घटकर ₹9 करोड़ रह गया। कंपनी ने बताया कि सुस्ती के बावजूद कोटेड फैब्रिक्स में उसकी घरेलू बाजार में लीडरशिप बनी हुई है।

इंदौर प्रोजेक्ट फिलहाल टाला गया

SRF Ltd ने इंदौर में प्रस्तावित ₹490 करोड़ के BOPP फिल्म मैन्युफैक्चरिंग प्लांट को अनिश्चित समय के लिए टाल दिया है। इसके पीछे ऑपरेटिंग माहौल में बदलाव को वजह बताया गया है।

कैपेक्स प्लान में बड़ा बदलाव

SRF Ltd ने ओडिशा में जमीन खरीदने के बाद अपने नए जनरेशन रेफ्रिजरेंट्स प्रोजेक्ट का दायरा बढ़ा दिया है। अब इसमें निवेश ₹1,100 करोड़ से बढ़ाकर करीब ₹2,300 करोड़ कर दिया गया है।

इस प्रोजेक्ट में 20,000 टन प्रति वर्ष क्षमता वाला HFO प्लांट, 30,000 टन क्षमता वाला नया HF प्लांट, वैल्यू-एडेड HF डेरिवेटिव्स और जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल होंगे। यह प्रोजेक्ट चरणों में पूरा होगा और फरवरी 2028 तक पूरा होने की उम्मीद है।

इसके अलावा, कंपनी ने दहेज प्लांट में HFC क्षमता बढ़ाने के लिए ₹88 करोड़ के प्रोजेक्ट को भी मंजूरी दी है। इसके बाद कंपनी की HFC क्षमता 65,000 टन प्रति वर्ष तक पहुंच जाएगी।

शेयर प्राइस पर दबाव

नतीजों से पहले बीएसई पर SRF Ltd का शेयर .93% की गिरावट के साथ ₹2,527.60 पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में स्टॉक 12.52% गिरा है। वहीं, इस साल यानी 2026 में अब तक इसने 17% का नेगेटिव रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 74.91 हजार करोड़ रुपये है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

Leave a Reply

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *