stock-markett.online
Chandranath Rath Murder Case: ‘अभिषेक बनर्जी ने हत्या कराई है…’; BJP नेता ने ममता के भतीजे पर लगाया चंद्रनाथ रथ हत्याकांड का आरोप

Chandranath Rath Murder Case: पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद राजनीतिक माहौल अचानक गरमा गया है। BJP नेता और पूर्व सांसद अर्जुन सिंह ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के महासचिव अभिषेक बनर्जी पर चंद्रनाथ रथ की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। आरोप है कि रथ की बुधवार (6 मई) देर रात उत्तरी 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई। जांचकर्ताओं को शक है कि यह एक सोची-समझी और सुनियोजित हत्या थी।

नोआपारा विधानसभा क्षेत्र से विजयी भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने कहा, “अभिषेक बनर्जी ने ये हत्या कराई है। वे एक संदेश देना चाहते हैं कि हम सरकार में भ ले ना हो लेकिन हम तुम्हारे ऊपर भारी हैं। वे मूर्ख हैं इसका जवाब मिलेगा।”

अर्जुन सिंह ने न्यूज एजेंसी ANI से आगे कहा, “यह चुनाव के बाद की हिंसा है या अभिषेक बनर्जी ने यह कराया है यह तो जांच का विषय है। यह पूर्वनियोजित हत्या है। एजेंसी द्वारा प्रशिक्षित शूटर ने यह किया है। अभिषेक बनर्जी ने यह कराया है। वे हजम नहीं कर पा रहे कि उनकी सरकार नहीं है, जांच होने दीजिए। वही गिरफ्तार होंगे।”

भारतीय जनता पार्टी के नेता अधिकारी के निजी सहायक की बुधवार रात कोलकाता के उत्तरी बाहरी इलाके में अज्ञात हमलावरों ने गोली मार कर हत्या कर दी। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम आने के कुछ ही घंटे के भीतर हुई इस घटना पर तीखी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं आईं हैं। इससे क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है।

सूत्रों ने बताया कि यह घटना उत्तरी 24 परगना जिले में मध्यमग्राम क्षेत्र के दोहरिया में हुई, जहां सुवेंदु अधिकारी के सहायक चंद्रनाथ रथ पर हमला किया गया। बाइक पर सवार लोगों ने उन्हें करीब से गोली मार दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने रथ की कार का पीछा किया, उसे रोका और उन पर गोली चला दी। हमला करने के तुरंत बाद हमलावर फरार हो गए। रथ ड्राइवर के बगल में आगे की सीट पर बैठे थे।

रथ के ड्राइवर को भी गोली लगी। फिर उन्हें कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय समाचार चैनलों के अनुसार, गोलीबारी में रथ गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बाद उन्हें पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

BJP के नव निर्वाचित विधायक तरुणज्योति तिवारी ने कहा, “हम शांति का संदेश देते रहे हैं लेकिन तृणमूल कांग्रेस ने बहुत बड़ी गलती की है।” घटना के चलते तनाव के बीच इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। सूत्रों के अनुसार, गोलीबारी में शामिल लोगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

अस्पताल पहुंचे अधिकारी

सुवेंदु अधिकारी ने भरोसा जताया कि पुलिस उनके सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या का मामला सुलझा लेगी। वह बारासात अस्पताल पहुंचे, जहां रथ का पोस्टमार्टम किया गया। शुभेंदु अधिकारी ने अस्पताल के बाहर पत्रकारों से कहा, “पुलिस काम कर रही है। मैंने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से बात की है। उनके पास सुराग हैं और कुछ लोगों को पकड़ा गया है। मुझे भरोसा है कि पुलिस हमलावरों को गिरफ्तार कर लेगी। अपराध जांच विभाग (सीआईडी), फोरेंसिक टीम और विशेष जांच दल (एसआईटी) कार्रवाई कर रहे हैं तथा पुलिस सही दिशा में आगे बढ़ रही है।”

उन्होंने कहा कि पुलिस मामलों को सुलझाने में सक्षम है। लेकिन उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि पहले उन्हें ऐसा करने की अनुमति नहीं दी जाती थी। इसे तृणमूल कांग्रेस सरकार पर परोक्ष निशाने के तौर पर देखा जा रहा है। इससे पहले, अधिकारी ने इस घटना को ‘सुनियोजित साजिश’ करार देते हुए आरोप लगाया कि हमलावरों ने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में इस हमले को अंजाम देने से पहले टोह ली थी।

Leave a Reply

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *