देहरादून पुलिस ने एक ऐसे अंतरराज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो अलग-अलग राज्यों के नेताओं और राजनीतिक कार्यकर्ताओं को बड़े पद और चुनाव टिकट दिलाने का झांसा देकर ठगी करता था। पुलिस के मुताबिक, इस गैंग के लोग इंटरनेट पर मौजूद जानकारी का इस्तेमाल करते थे। खासतौर पर MyNeta.info जैसी वेबसाइटों से नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं की जानकारी जुटाई जाती थी।
इस मामले में गौरव कुमार नाम के 40 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जो अमृतसर का रहने वाला है। उस पर आरोप है कि उसने देहरादून की कांग्रेस कार्यकर्ता भावना पांडे से 25 लाख रुपए की ठगी की।
SSP प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि आरोपी ने फोन करके खुद को राहुल गांधी का निजी सहायक (PA) बताया। उसने दावा किया कि वह पार्टी में बड़ा पद दिला सकता है। भरोसा दिलाने के लिए उसने फोन पर कथित तौर पर वरिष्ठ नेताओं हरीश रावत और यशपाल आर्य जैसी आवाजें भी सुनवाईं और कहा कि वह उनके साथ होटल में बैठक कर रहा है।
भवना पांडेय उसकी बातों में आ गईं और 25 लाख रुपए देने के लिए तैयार हो गईं। आरोपी उनके घर से पैसे लेकर फरार हो गया और बाद में फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ धोखा हुआ है और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले और आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि वह पहले भी कई नेताओं को इसी तरह ठग चुका है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी और उसके साथियों ने 2017 में जयपुर में दो नेताओं से चुनाव टिकट दिलाने के नाम पर करीब 2 करोड़ रुपये ठगे थे। वहीं Patna के एक नेता से बड़ा पद दिलाने का वादा कर 3 लाख रुपये ऐंठे गए थे।
पुलिस ने बताया कि इस गैंग के तीन अन्य सदस्य अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

Leave a Reply