stock-markett.online
Punjab Blast: पंजाब के जालंधर में BSF हेडक्वार्टर के बाहर स्कूटी में धमाका! उधर अमृतसर में मिलिट्री कैंप के बाहर भी विस्फोट

Punjab Blast: पंजाब में एक ही रात में दो अलग-अलग जिलों में धमाके की खबर आने से हड़कंप मच गया है। पहले जालंधर में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के मुख्यालय के बाहर एक स्कूटी में धमाका हुआ। इसके कुछ ही घंटों बाद अमृतसर के खासा इलाके में स्थित मिलिट्री कैंप के पास धमाके की खबर सामने आई। यहां सेना और BSF की यूनिट्स एक-दूसरे से सटी हुई हैं। बताया जा रहा है कि इस धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। लोग दहशत में आ गए।

अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार (6 मई) रात करीब 10:50 बजे अमृतसर में कैंटोनमेंट इलाके के पास खासा में एक धमाका हुआ, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई की। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए SP आदित्य एस. वॉरियर ने बताया कि पुलिस को संदिग्ध धमाके के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारी कैंटोनमेंट इलाके में तैनात सेना के जवानों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।

अधिकारी ने कहा कि गहन जांच के लिए बम निरोधक दस्ते (BDS) को बुलाया गया। फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने मौके से सैंपल और सबूत इकट्ठा किए। यह धमाका उस समय हुआ, जब अचानक एक एक्टिवा स्कूटर में विस्फोट हो गया और उसमें आग लग गई। इससे इस व्यस्त इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

अमृतसर के SP आदित्य वॉरियर ने ANI को बताया, “रात करीब 10:50 बजे पुलिस को खासा कैंटोनमेंट के पास धमाके की आवाज के बारे में शिकायत मिली। पुलिस टीम कैंटोनमेंट में रहने वाले सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची। BDS टीम को भी बुलाया गया, जिसने वहां जांच की। FSL टीम ने सबूत इकट्ठा किए। फिर उन्हें सैंपलिंग और जांच के लिए भेजा गया है। हम यह पता लगा रहे हैं कि कितने धमाके हुए हैं और कैसे हुए हैं।”

जालंधर जिले में BSF चौक के पास स्कूटी में ब्लास्ट

इससे पहले मंगलवार को जालंधर जिले में BSF चौक के पास एक स्कूटर में आग लग गई। हालांकि किसी के घायल होने की खबर नहीं है। स्थानीय लोगों का दावा है कि उन्होंने वाहन से धमाके जैसी आवाज सुनी थी। न्यूज 18 के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों ने इस बात की पुष्टि की है कि BSF चौक के पास एक स्कूटर में लगी आग धमाके की वजह से लगी थी। उन्होंने बताया कि यह धमाका ग्रेनेड हमले के बाद हुआ।

खुफिया विभाग के शीर्ष सूत्रों ने बताया कि इस मामले में पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स और स्थानीय आपराधिक नेटवर्क के जरिए काम करने वाले प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से संभावित संबंधों की जांच की जा रही है। यह घटना रात करीब आठ बजे BSF के पंजाब फ्रंटियर के मुख्यालय के बाहर हुई, जो मुख्य शहर को अमृतसर-दिल्ली हाईवे से जोड़ने वाली सड़क पर स्थित है।

किसी के घायल होने की खबर नहीं

पंजाब पुलिस ने बताया कि कोई हताहत नहीं हुआ है। इलाके को घेर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि यह पता लगाया जा रहा है कि स्कूटर में आग कैसे लगी। इस बीच विपक्षी दलों ने जालंधर में हुए ‘धमाके’ को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर हमला बोल दिया।

विपक्ष ने बोला हमला

पुलिस आयुक्त धनप्रीत कौर ने कहा, “प्रथम दृष्टया, यहां (जालंधर में) खड़ी एक एक्टिवा (स्कूटर) में आग लग गई। हम अभी मौके पर तथ्यों की पुष्टि कर रहे हैं।” उस समय इलाके में पुलिस की एक गश्ती टीम मौजूद थी। एक सवाल के जवाब में कौर ने कहा कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि कोई धमाका हुआ है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें- West Bengal Election Results 2026: मुस्लिम और महिलाओं के वोट से लेकर SIR तक…इन 5 वजह से ममता बनर्जी की हुई हार

पुलिस ने बताया कि स्कूटर 22 वर्षीय युवक गुरप्रीत सिंह का है जो जांच में सहयोग कर रहा है। सिंह ने कहा कि उसके स्कूटर में अचानक आग लग गई। शिरोमणि अकाली दल (SAD) के महासचिव बिक्रम सिंह मजीठिया ने धमाके की निंदा करते हुए इसे एक गंभीर स्थिति बताया। सिंह ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने व्यस्त इलाके में धमाका कैसे हो सकता है।

Leave a Reply

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *