टूव्हीलर और थ्रीव्हीलर मेकर Bajaj Auto Ltd शेयर बायबैक करने वाली है। कंपनी अपने शेयरहोल्डर्स से 46.94 लाख इक्विटी शेयर वापस खरीदेगी, जिनकी फेस वैल्यू ₹10 प्रति शेयर है। शेयरों की यह संख्या कंपनी के कुल इक्विटी शेयरों का 1.68% है। शेयर बायबैक की कीमत ₹12,000 प्रति शेयर तय की गई है। इस तरह बजाज ऑटो शेयर बायबैक के लिए कुल ₹5,633 करोड़ खर्च करेगी। इस रकम में अन्य खर्च, ब्रोकरेज फीस और लागू टैक्स शामिल नहीं हैं।
कंपनी ने इस बायबैक की घोषणा 6 मई को तिमाही और सालाना नतीजे जारी करने के साथ की। अभी रिकॉर्ड डेट घोषित नहीं की गई है। जिन शेयरधारकों के पास रिकॉर्ड डेट से पहले के क्लोजिंग डे पर Bajaj Auto के शेयर होंगे, वे बायबैक में अपने शेयर बेचने के पात्र होंगे। इससे पहले बजाज ऑटो ने साल 2024 में शेयर बायबैक किया था। उस वक्त कंपनी ने शेयरहोल्डर्स से कुल इक्विटी शेयरों का 1.41% हिस्सा ₹10,000 प्रति शेयर की कीमत पर वापस खरीदा था।
Bajaj Auto के शेयर की कीमत BSE पर 6 मई को 10314.60 रुपये पर बंद हुई। कंपनी का मार्केट कैप 2.88 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। मार्च 2026 तिमाही के अंत तक कंपनी में प्रमोटर्स के पास 55% हिस्सेदारी थी। बजाज ऑटो के अब लगभग 3 लाख खुदरा शेयरधारक हैं। इनके पास ₹2 लाख तक की ऑथराइज्ड शेयर कैपिटल है। पिछले दो सालों में कंपनी में म्यूचुअल फंड्स की शेयरहोल्डिंग 5.32% से बढ़कर 7.17% हो गई है।

Leave a Reply