Eknath Shinde Helicopter: गुरुवार (7 मई) को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हेलीकॉप्टर को ठाणे के ग्रामीण इलाके में अचानक आए आंधी-तूफान के कारण अपना रास्ता बदलना पड़ा। तूफान के कारण उनका हेलीकॉप्टर अपने तय रास्ते से भटक गया। हालांकि, पायलट की समय पर दिखाई गई सतर्कता और सूझबूझ के कारण हेलीकॉप्टर को वापस मोड़ लिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि शिंदे को ले जा रहे हेलीकॉप्टर को गुरुवार (7 मई) दोपहर में खराब मौसम के कारण आधे रास्ते से मुंबई वापस मुंबई आना पड़ा।
एकनाथ शिंदे गुरुवार को करीब 3:30 बजे दक्षिण मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स से ठाणे जिले के मुरबाद के लिए रवाना हुए थे। वहां उन्हें एक शादी समारोह में शामिल होना था। अधिकारी ने बताया कि लेकिन जैसे ही हेलीकॉप्टर नवी मुंबई के ऐरोली पहुंचा, पायलट ने एक तूफान को आते हुए देखा और शिंदे को सतर्क किया। इसके बाद उन्होंने मुंबई वापस आने का फैसला किया।
उन्होंने बताया कि इसके बाद हेलीकॉप्टर पवन हंस की जुहू स्थित हैलीपैड पर उतरा। अधिकारी ने बताया कि शिंदे के साथ हेलीकॉप्टर में उनके निजी सहायक प्रभाकर काले, विशेष कार्यकारी अधिकारी बलसिंह राजपूत और मीडिया सलाहकार विनय पत्रदुकर भी सवार थे। बता दें कि इस साल 28 जनवरी को, महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पुणे जिले के बारामती जाते समय एक विमान दुर्घटना में चार अन्य लोगों के साथ दुखद मृत्यु हो गई थी।
डिप्टी सीएम ने क्या बताया?
डिप्टी सीएम के ऑफिस ने एक बयान में कहा, “उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का हेलीकॉप्टर आज दोपहर अपने तय रास्ते से भटक गया था। हालांकि, पायलट की समय पर दिखाई गई सतर्कता और सूझबूझ के कारण हेलीकॉप्टर को वापस मोड़ लिया गया और जुहू स्थित पवन हंस हेलीपैड पर सुरक्षित रूप से उतार लिया गया। इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई है। हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोग, जिनमें उपमुख्यमंत्री शिंदे भी शामिल हैं, पूरी तरह सुरक्षित हैं।”
इसमें आगे कहा गया, “उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे आज मुंबई से मुरबाद की यात्रा कर रहे थे, जहां उन्हें अपनी पार्टी के एक पदाधिकारी के परिवार में आयोजित शादी समारोह में शामिल होना था। दोपहर लगभग 3:30 बजे हेलीकॉप्टर महालक्ष्मी रेसकोर्स स्थित हेलीपैड से मुरबाड के लिए रवाना हुआ। हालांकि, ऐरोली पहुंचने के कुछ ही समय बाद, पायलट ने देखा कि एक तूफानी सिस्टम उनकी ओर बढ़ रहा है। संभावित खतरे को भांपते हुए, पायलट ने तुरंत उपमुख्यमंत्री शिंदे को इसकी सूचना दी और सुझाव दिया कि आगे बढ़ने के बजाय हेलीकॉप्टर को वापस मोड़ लेना चाहिए। इसके बाद उन्होंने तुरंत वापस लौटने का निर्णय लिया। अगले कुछ ही मिनटों के भीतर, हेलीकॉप्टर सफलतापूर्वक पवन हंस हेलीपैड पर उतर गया।”
Maharashtra: Office of Deputy Chief Minister Eknath Shinde- “Deputy Chief Minister Eknath Shinde’s helicopter went out of its scheduled route this afternoon. However, due to the pilot’s timely alertness and presence of mind, the helicopter was turned back and safely landed at the… pic.twitter.com/jCGMLzqBAq
— ANI (@ANI) May 7, 2026
तेज तूफान देख पायलट के उड़े होश
अधिकारियों के अनुसार, आगे घने बादल और तेज तूफान की हलचल देखी गई, जिससे कॉकपिट के अंदर तुरंत चिंता पैदा हो गई। सूत्रों ने बताया कि पायलट ने तुरंत बदलते मौसम का जायजा लिया और डिप्टी सीएम को यात्रा जारी रखने में संभावित जोखिम के बारे में सूचित किया। अस्थिर मौसम की स्थिति में आगे बढ़ने की कोशिश करने के बजाय पायलट ने हेलीकॉप्टर को वापस मुंबई की ओर मोड़ने का फैसला किया।
कुछ ही मिनटों के भीतर हेलीकॉप्टर का रास्ता बदल दिया गया और उसे सुरक्षित रूप से जुहू पवन हंस पर उतार दिया गया। इस समय पर लिए गए फैसले ने एक खतरनाक स्थिति को टाल दिया। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बताया गया है। सुरक्षित लैंडिंग के तुरंत बाद, उपमुख्यमंत्री और उनकी टीम अपने सरकारी आवास के लिए रवाना हो गई।

Leave a Reply