EPF Interest 2026: आपके PF खाते में 15 जुलाई तक आ आएगा ब्याज, समझिए कैलकुलेशन का तरीका
EPF Interest 2026: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 8.25% ब्याज को 15 जुलाई तक करीब 34 करोड़ EPF खातों में जमा करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए EPFO पहली बार अपने नए Centralised IT Enabled Services (CITES) सिस्टम का इस्तेमाल कर रहा है। इस सिस्टम की मदद से ब्याज पहले के मुकाबले काफी जल्दी खातों में पहुंच सकेगा।
पहले EPF सदस्यों को ब्याज आने के लिए अक्टूबर-नवंबर तक इंतजार करना पड़ता था। लेकिन अब पूरी प्रक्रिया ऑटोमेटेड होने से ब्याज जुलाई में ही क्रेडिट होने की उम्मीद है। फिलहाल ब्याज ट्रांसफर से पहले फील्ड लेवल पर डेटा का वेरिफिकेशन किया जा रहा है ताकि किसी तरह की गलती न हो।
CITES सिस्टम से क्या बदलेगा?
EPFO का नया CITES प्लेटफॉर्म पूरे देश के सभी EPF रिकॉर्ड को एक सेंट्रल डेटाबेस में ले आया है। अब किसी भी EPFO ऑफिस से सेवाएं मिल सकेंगी। इसके अलावा क्लेम प्रोसेसिंग, KYC वेरिफिकेशन और पेमेंट सिस्टम भी पहले से ज्यादा तेज और आसान हो जाएगा।
अब KYC पूरी होने पर 5 लाख रुपये तक के एडवांस क्लेम ऑटो-सेटल हो सकेंगे। पहले यह सीमा सिर्फ 1 लाख रुपये थी। वहीं नौकरी बदलने पर आधार से जुड़े UAN के जरिए PF अकाउंट अपने आप ट्रांसफर हो जाएगा, जिससे EPS की पेंशन योग्य सेवा भी लगातार जुड़ी रहेगी।
EPF ब्याज कैसे कैलकुलेट होता है?
EPF का ब्याज मंथली रनिंग बैलेंस के आधार पर तय होता है, लेकिन इसे वित्त वर्ष खत्म होने के बाद एक साथ खाते में जमा किया जाता है। अगर पूरे साल आपके खाते में 1 लाख रुपये रहे, तो 8.25% के हिसाब से करीब 8,250 रुपये ब्याज मिलेगा।
इसी तरह 5 लाख पर 41,250 रुपये, 10 लाख पर 82,500 रुपये, 15 लाख पर 1,23,750 रुपये और 20 लाख रुपये पर 1,65,000 रुपये सालाना ब्याज बनता है। हालांकि, वास्तविक ब्याज पूरे साल के बैलेंस, जमा और निकासी के आधार पर तय होता है।
EPF ब्याज मिलने के चार अहम नियम
EPF ब्याज का कैलकुलेशन अहम नियमों के आधार पर होता है।
- पिछले वित्त वर्ष के क्लोजिंग बैलेंस पर पूरे साल का ब्याज मिलता है। लेकिन बीच में निकलने वाले पैसे पर ब्याज नहीं मिलेगा।
- अगर आपने बीच साल में PF निकाला है, तो निकाली गई रकम पर ब्याज सिर्फ निकासी वाले महीने से पहले तक ही मिलता है।
- साल के दौरान जमा होने वाले नए PF योगदान पर ब्याज जमा होने के अगले महीने की पहली तारीख से 31 मार्च तक मिलता है।
- आखिर में EPFO कुल ब्याज की रकम को नजदीकी पूरे रुपये में राउंड ऑफ कर देता है।
इस बार नए CITES सिस्टम की वजह से ब्याज काफी जल्दी मिलने की उम्मीद है। साथ ही, क्लेम, अकाउंट ट्रांसफर और दूसरी EPFO सेवाएं भी पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा तेज और आसान हो जाएंगी।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी निवेश, लोन, टैक्स, बीमा या दूसरे वित्तीय फैसले लेने से पहले संबंधित एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल किसी भी फाइनेंशियल प्रोडक्ट या सर्विस की सिफारिश नहीं करता।
Leave a Reply