EPFO Updates : सॉफ्टवेयर अपडेट के बाद ईपीएफओ की कौन सी सेवाएं हुईं बहाल और कौन सी अभी भी हैं बंद?
EPFO Updates : करीब एक हफ्ते तक चले बड़े सॉफ्टवेयर अपग्रेड के बाद कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की डिजिटल सेवाएं अब धीरे-धीरे पटरी पर लौट रही हैं। हालांकि अब तक यानी सॉफ्टवेयर अपडेशन प्रक्रिया पूरी होने के करीब 5 दिन बाद भी सभी सुविधाएं पूरी तरह बहाल नहीं हुई हैं। केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने बुधवार 8 जुलाई को बताया कि EPFO के नए CITES 2.01 सिस्टम के जरिए वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 8.25% ब्याज करीब 34 करोड़ EPF खातों में जमा किया जाएगा। इनमें लगभग 8 करोड़ एक्टिव सब्सक्राइबर्स भी शामिल हैं। EPFO का लक्ष्य है कि 15 जुलाई तक 1.44 लाख करोड़ रुपये से अधिक की ब्याज राशि खातों में जमा कर दी जाए।
श्रम मंत्री के ताजा बयान के मुताबिक सरकार की मंजूर 8.25% ब्याज दर के अनुसार नए CITES 2.01 सिस्टम के जरिए ब्याज की प्रोसेसिंग की जा रही है। स्क्रूटनी और वेरीफिकेशन पूरा होने के बाद ब्याज सीधे EPF सदस्यों के खातों में जमा किया जाएगा। EPFO का कहना है कि सदस्य 15 जुलाई तक अपनी ऑनलाइन पासबुक में ब्याज की एंट्री देख (EPF Passbook Update) सकेंगे। माना जा रहा है कि पासबुक से जुड़ी यह अहम सेवा भी इसी तारीख के आसपास पूरी तरह बहाल हो जाएगी।
ये भी पढ़ें : EPFO Updates : अपडेट के बाद बढ़ी UMANG ऐप की अहमियत, क्या इसी से तैयार हो रहा UPI से पीएफ निकासी का रास्ता?
कौन-कौन सी सेवाएं अभी बहाल हो चुकी हैं?
सॉफ्टवेयर अपडेट के बाद EPFO ने कुछ ऑनलाइन सेवाएं फिर से बहाल कर दी हैं। फिलहाल EPFO मेंबर पोर्टल पर
- पासबुक Lite देखा जा सकता है।
- KYC अपडेट की सुविधा उपलब्ध है।
- पुराने लंबित पीएफ निकासी (Withdrawal) क्लेम की स्क्रूटनी और निपटारा धीरे-धीरे किया जा रहा है।
यानी अब तक कुछ हीं जरूरी सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से बहाल किया जा रहा है।
किन सेवाओं के लिए अभी करना होगा इंतजार?
हालांकि कई महत्वपूर्ण सुविधाएं अभी भी पूरी तरह चालू नहीं हुई हैं। इनमें शामिल हैं:
- EPF खातों में ब्याज राशि का अंतिम क्रेडिट
- UMANG ऐप पर EPFO सेवाएं
- रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से मिस्ड कॉल देकर बैलेंस जानने की सुविधा
- 7738299899 नंबर पर टेक्स्ट मैसेज के जरिए पीएफ कॉन्ट्रिब्यूशन और उपलब्ध बैलेंस चेक करने की सुविधा
- तीन नए कैटेगरी के हिसाब से पीएफ क्लेम की सुविधा
EPFO की तकनीकी टीम इन सेवाओं को भी चरणबद्ध तरीके से शुरू करने पर काम कर रही है। संभावना है कि अगले एक सप्ताह के भीतर अधिकांश सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी।
ये भी पढ़ें : EPFO Interest Rate : 1 लाख पीएफ जमा रकम पर मिलेगा 8,250 रुपये ब्याज, तारीख तय
ब्याज क्रेडिट की प्रक्रिया क्यों रुकी?
EPFO के कई रीजनल ऑफिस ब्याज राशि ट्रांसफर करने के लिए तैयार हैं, लेकिन CITES 2.01 के तहत केंद्रीय सिस्टम के पूरी तरह स्थिर होने का इंतजार किया जा रहा है। यही वजह है कि वित्त वर्ष 2025-26 का ब्याज अभी तक खातों में नहीं दिख रहा है। सिस्टम पूरी तरह सामान्य होते ही करोड़ों खातों में ब्याज जमा करने की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है।
श्रम मंत्री के ताजा बयान के मुताबिक EPFO इस महीने की 15 तारीख तक लगभग 34 करोड़ EPF खातों में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 8.25 फीसदी ब्याज जमा करने का काम पूरा कर लेगा। उन्होंने अपने बयान में कहा है कि कि नई सेंट्रलाइज्ड सिस्टम (CITES 2.01) के माध्यम से ग्राहकों के खातों में 1 लाख 44 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा की जाएगी।
ये भी जानें
इसी बीच EPF Scheme-2026 के तहत एक अहम बदलाव भी लागू किया गया है। अब शादी के बाद EPF नॉमिनेशन अपडेट करना अनिवार्य होगा। इसका उद्देश्य सदस्य की मृत्यु की स्थिति में PF की राशि सही कानूनी वारिस तक पहुंचाना है। नई व्यवस्था के तहत पुरानी EPF Scheme-1952 के तहत किया गया नॉमिनेशन स्वतः मान्य नहीं माना जाएगा, यदि सदस्य ने शादी के बाद उसे अपडेट नहीं किया है। हालांकि, जीवनसाथी को ही नॉमिनी बनाना अनिवार्य नहीं है। सदस्य अपने परिवार के एक या एक से अधिक पात्र सदस्यों को भी नॉमिनी बना सकता है।

Leave a Reply