Gold Import Duty: सोना-चांदी खरीदना होगा महंगा! सरकार ने बढ़ाई इम्पोर्ट ड्यूटी, आज से लागू होंगी नई दरें
Gold Import Duty: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) द्वारा अगले कुछ समय तक सोना न खरीदने की अपील के बाद सोना-चांदी को लेकर एक और बड़ा अपडेट आया है। केंद्र सरकार ने सोने और चांदी के आयात पर लगने वाली इम्पोर्ट ड्यूटी में बड़ा इजाफा कर दिया है। सरकार के नए आदेश के मुताबिक अब इन कीमती धातुओं पर कुल प्रभावी आयात शुल्क 6 फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया गया है। नई दरें आज से लागू हो गई हैं।
सरकार ने सोने और चांदी पर 10 फीसदी बेसिक कस्टम ड्यूटी लगाने के साथ 5 फीसदी एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस (AIDC) भी लागू किया है। इसका सीधा असर घरेलू बाजार में सोने-चांदी की कीमतों पर देखने को मिल सकता है।
सरकार ने क्यों बढ़ाई इम्पोर्ट ड्यूटी?
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लोगों से अपील की थी कि कुछ समय तक सोने की खरीदारी से बचें ताकि देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर अतिरिक्त दबाव न पड़े।
सरकार का यह फैसला ऐसे समय आया है जब देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव बढ़ रहा है। भारत अपनी जरूरत का लगभग पूरा सोना आयात करता है, जिससे डॉलर की मांग बढ़ती है और विदेशी मुद्रा भंडार पर असर पड़ता है।
ये भी पढ़ें: सोने का भाव आज का 13 मई 2026: ज्वेलरी खरीदने वालों के लिए बड़ा झटका! आज फिर महंगा हुआ सोना; देख लें 24K, 22K और 18K गोल्ड का ताजा रेट
सरकार का मानना है कि आयात शुल्क बढ़ाने से सोने की विदेशी खरीद में कमी आएगी, जिससे ट्रेड डेफिसिट कम होगा और रुपये को सहारा मिलेगा। एशियाई बाजारों में कमजोर प्रदर्शन कर रही भारतीय मुद्रा को इससे कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
ज्वेलरी इंडस्ट्री पर भी असर
सरकार का यह फैसला सिर्फ सोने-चांदी तक सीमित नहीं है। ज्वेलरी बनाने में इस्तेमाल होने वाले पुर्जों जैसे हुक, क्लैस्प, क्लैंप, पिन और स्क्रू बैक पर भी अब नई ड्यूटी दरें लागू होंगी।
सोने और चांदी के इन पुर्जों पर 5 फीसदी कस्टम ड्यूटी लगेगी, जबकि प्लैटिनम से जुड़े पुर्जों पर 5.4 फीसदी शुल्क वसूला जाएगा। इसके अलावा कीमती धातुओं वाली इस्तेमाल की गई राख और कैटेलिस्ट के आयात पर भी रियायती ड्यूटी नियमों में बदलाव किया गया है। इसका असर ज्वेलरी मैन्युफैक्चरिंग कॉस्ट पर पड़ेगा, जिससे तैयार गहनों की कीमतें और बढ़ सकती हैं।
ये भी पढ़ें: चांदी का भाव आज का 13 मई 2026: सिल्वर 2,82,457 रुपये किलो के पार; आज दिल्ली, नोएडा-मुंबई तक क्या है ताजा भाव
क्या बढ़ेंगे सोने के दाम?
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि इम्पोर्ट ड्यूटी बढ़ने के बाद घरेलू बाजार में सोने और चांदी के दाम बढ़ना लगभग तय है। भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा गोल्ड कंज्यूमर है, इसलिए यहां डिमांड में हल्की गिरावट आ सकती है, लेकिन निवेशकों की दिलचस्पी अभी भी बनी हुई है।
पिछले कुछ महीनों में गोल्ड ETF में रिकॉर्ड निवेश देखा गया है। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के मुताबिक मार्च तिमाही में भारत में गोल्ड ETF में 186 फीसदी सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई।

Leave a Reply