L&T Q4 Results: इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन क्षेत्र की बड़ी कंपनी Larsen & Toubro (L&T) ने वित्त वर्ष FY26 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 3% घटकर ₹5,326 करोड़ रहा, जो पिछले साल इसी अवधि में ₹5,497 करोड़ था।
कंपनी ने बताया कि मुनाफे में यह गिरावट मुख्य रूप से हाई बेस की वजह से है। क्योंकि पिछले साल इसी तिमाही में ₹475 करोड़ का एक्सेप्शनल गेन शामिल था।
रेवेन्यू में मजबूत बढ़त
चौथी तिमाही में L&T का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 11% बढ़कर ₹82,762 करोड़ पहुंच गया। यह बढ़त अलग-अलग बिजनेस में मजबूत कामकाज की वजह से आई।
इंटरनेशनल रेवेन्यू ₹43,747 करोड़ रहा, जो कुल रेवेन्यू का 53% हिस्सा है। इससे साफ है कि कंपनी की विदेशी बाजारों में मजबूत पकड़ बनी हुई है।
ऑपरेशनल प्रदर्शन और मार्जिन
L&T का EBITDA सालाना आधार पर 5% बढ़कर ₹8,610 करोड़ हो गया। हालांकि EBITDA मार्जिन 11% से घटकर 10.4% रह गया, जिसकी वजह लागत का दबाव और काम के मिश्रण (execution mix) में बदलाव रहा। कंपनी का रिकरिंग प्रॉफिट आफ्टर टैक्स 5% बढ़कर ₹5,289 करोड़ रहा।
ऑर्डर इनफ्लो और ऑर्डर बुक
तिमाही के दौरान L&T को ₹89,772 करोड़ के ऑर्डर मिले, जिसमें 67% हिस्सा इंटरनेशनल ऑर्डर्स का रहा। यह कंपनी की ग्लोबल मांग को दिखाता है।
31 मार्च 2026 तक कंपनी की कुल ऑर्डर बुक ₹7,40,327 करोड़ के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई, जो सालाना आधार पर 28% ज्यादा है। इससे आने वाले समय में रेवेन्यू की मजबूत संभावना दिखती है।
पूरे साल का प्रदर्शन
पूरे वित्त वर्ष FY26 में कंपनी के ऑर्डर इनफ्लो 22% बढ़कर ₹4,35,590 करोड़ हो गए। वहीं रेवेन्यू 12% बढ़कर ₹2,85,874 करोड़ रही।
मैनेजमेंट ने कहा कि कंपनी ने साल का समापन मजबूत प्रदर्शन के साथ किया है। अलग-अलग बिजनेस सेगमेंट में संतुलित ग्रोथ देखने को मिली है। साथ ही, कंपनी इंटरनेशनल अवसरों, टेक्नोलॉजी आधारित ग्रोथ और पूंजी के अनुशासित इस्तेमाल पर फोकस बनाए रखेगी।
डिविडेंड का ऐलान
L&T के बोर्ड ने FY26 के लिए ₹38 प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देने की सिफारिश की है। इसे शेयरधारकों की मंजूरी के बाद लागू किया जाएगा।
नतीजों से पहले L&T का शेयर 0.63% की गिरावट के साथ ₹4,075 पर बंद हुआ। पिछले 1 साल में स्टॉक 22.37% का रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 5.58 लाख करोड़ रुपये है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

Leave a Reply